सऊदी अरब में 17 मई को धुल हिज्जा का चांद देखने की अपील की गई है। चांद नजर आने पर 18 मई से नया इस्लामिक महीना शुरू होगा और ईद-अल-अदहा 27 मई 2026 को मनाई जा सकती है।
Saudi Arabia: Saudi Arabia Dhul Hijjah Moon Sighting 2026 को लेकर दुनियाभर के मुसलमानों की नजर आज शाम आसमान पर रहेगी। सऊदी अरब के सुप्रीम कोर्ट ने लोगों से 17 मई को जिलहिज्जा का चांद देखने की अपील की है। चांद दिखाई देने के बाद ही हज और ईद-अल-अदहा यानी बकरीद की तारीख का आधिकारिक ऐलान किया जाएगा।
सऊदी अरब में चांद देखने की अपील जारी
सऊदी अरब के सर्वोच्च न्यायालय ने पूरे देश के मुसलमानों से रविवार 17 मई की शाम धुल हिज्जा का चांद देखने की अपील की है। अदालत की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि लोग नंगी आंखों या दूरबीन की मदद से अर्धचंद्र देखने की कोशिश करें और चांद नजर आने पर इसकी जानकारी नजदीकी अदालत में दर्ज कराएं।

इस्लामिक कैलेंडर में नए महीने की शुरुआत चांद दिखने के बाद ही मानी जाती है। धुल हिज्जा इस्लामी साल का आखिरी और सबसे पवित्र महीना माना जाता है, जिसमें हज यात्रा और ईद-अल-अदहा जैसे बड़े धार्मिक आयोजन होते हैं।
चांद दिखने पर 18 मई से शुरू होगा जिलहिज्जा
अगर 17 मई की शाम सऊदी अरब में चांद नजर आ जाता है, तो 18 मई 2026 से धुल हिज्जा महीने की शुरुआत हो जाएगी। इसके अनुसार अराफा का दिन 26 मई को और ईद-अल-अदहा यानी बकरीद 27 मई 2026 को मनाई जा सकती है।
वहीं अगर रविवार को चांद दिखाई नहीं देता, तो अगले दिन फिर से चांद देखने की कोशिश की जाएगी। ऐसी स्थिति में धुल हिज्जा 19 मई से शुरू होगा और बकरीद 28 मई को मनाई जा सकती है।
हज और बकरीद से जुड़ा है खास धार्मिक महत्व
धुल हिज्जा का महीना इस्लाम धर्म में बेहद खास माना जाता है। इसी महीने में दुनियाभर से लाखों मुस्लिम श्रद्धालु सऊदी अरब पहुंचकर हज यात्रा पूरी करते हैं। इसके साथ ही ईद-अल-अदहा पर हजरत इब्राहिम की कुर्बानी की याद में जानवर की कुर्बानी दी जाती है।
सऊदी अरब में चांद दिखने की पुष्टि के बाद ही अन्य देशों में भी ईद की संभावित तारीखों को लेकर तैयारियां तेज हो जाती हैं। भारत में भी मरकजी चांद कमेटियों और स्थानीय मस्जिदों की ओर से मगरिब की नमाज के बाद आधिकारिक घोषणा की जाएगी।
भारत में बकरीद की तारीख पर रहेगी नजर
भारत में ईद-अल-अदहा की तारीख आमतौर पर सऊदी अरब में चांद दिखने के एक दिन बाद तय होती है। ऐसे में अगर सऊदी अरब में 17 मई को चांद नजर आता है, तो भारत में बकरीद 28 मई 2026 को मनाई जा सकती है। हालांकि अंतिम फैसला भारत में चांद दिखने और आधिकारिक ऐलान के बाद ही होगा।
मुस्लिम समुदाय के लोग अब चांद दिखने की पुष्टि का इंतजार कर रहे हैं, जिसके बाद हज और बकरीद से जुड़ी तैयारियां भी तेज हो जाएंगी।






