सावधान, नया SMS स्कैम मिनटों में साफ कर सकता है बैंक अकाउंट, ऐसे करें बचाव

देश में तेजी से फैल रहा नया SMS Scam बैंक अकाउंट और निजी डेटा के लिए बड़ा खतरा है। नकली मोबाइल टावर जैसे मैसेज से ठग OTP चुरा रहे हैं, सतर्क रहें।

देश में तेजी से फैल रहा नया SMS Scam बैंक अकाउंट और निजी डेटा के लिए बड़ा खतरा बन गया है। ठग नकली मोबाइल टावर जैसी तकनीक से असली दिखने वाले मैसेज भेज रहे हैं। एक गलत क्लिक से मिनटों में खाते खाली हो सकते हैं, इसलिए सतर्कता और जागरूकता सबसे जरूरी है।

SMS Scam Alert: भारत में हाल के दिनों में सामने आया यह नया साइबर फ्रॉड आम मोबाइल यूजर्स को निशाना बना रहा है, जिसमें ठग IMSI कैचर जैसी तकनीक के जरिए नकली लेकिन भरोसेमंद दिखने वाले मैसेज भेजते हैं। ये घटनाएं अलग-अलग शहरों में रिपोर्ट की गई हैं और खासतौर पर उन लोगों को प्रभावित कर रही हैं जो तुरंत कार्रवाई वाले संदेशों पर भरोसा कर लेते हैं। इसका मकसद OTP और बैंक डिटेल हासिल कर खातों से पैसा निकालना है, इसलिए समय रहते सतर्क रहना बेहद जरूरी है।

नया SMS स्कैम कैसे करता है काम

यह नया SMS फ्रॉड सामान्य फर्जी मैसेज से अलग है। इसमें अपराधी IMSI कैचर या SMS ब्लास्टर नाम की डिवाइस का इस्तेमाल करते हैं, जो नकली मोबाइल टावर की तरह काम करती है। यह डिवाइस आसपास के असली नेटवर्क से ज्यादा ताकतवर सिग्नल भेजती है, जिससे फोन उसी से कनेक्ट हो जाता है।

करीब आधे किलोमीटर के दायरे में मौजूद मोबाइल इस जाल में फंस सकते हैं। कई मामलों में फोन को 4G या 5G से हटाकर 2G नेटवर्क पर ले जाया जाता है, क्योंकि 2G को कम सुरक्षित माना जाता है और इसमें मैसेज भेजने वाले की पहचान छुपाना आसान होता है।

क्यों इतने असली लगते हैं ये मैसेज

इस SMS Scam में भेजे जाने वाले मैसेज बैंक, बिजली विभाग, इनकम टैक्स या किसी सरकारी एजेंसी के नाम से आते हैं। कभी KYC अपडेट की चेतावनी दी जाती है, तो कभी बिजली कनेक्शन काटने या कुरियर फेल होने की सूचना।

इन संदेशों का मकसद डर या लालच पैदा करना होता है। जैसे ही यूजर लिंक पर क्लिक करता है, उससे OTP, पासवर्ड या बैंक डिटेल मांगी जाती है। एक बार जानकारी मिलते ही ठग अकाउंट खाली कर देते हैं।

ऐसे रखें खुद को सुरक्षित

इस तरह के SMS फ्रॉड से बचाव का सबसे मजबूत तरीका जागरूकता है। किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें, चाहे मैसेज कितना ही जरूरी क्यों न लगे। बैंक या सरकारी काम के लिए केवल आधिकारिक ऐप या वेबसाइट का ही इस्तेमाल करें।

इसके अलावा फोन की नेटवर्क सेटिंग पर भी ध्यान दें। अगर फोन अचानक 2G नेटवर्क पर चला जाए या अजीब तरह के मैसेज आने लगें, तो सतर्क हो जाएं और तुरंत साइबर हेल्पलाइन या अपने बैंक से संपर्क करें।

Leave a comment