आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले श्रीलंका ने अपनी टीम का ऐलान कर दिया है, जिसमें अनुभवी ऑलराउंडर दासुन शनाका को कप्तान बनाया गया है, जबकि खराब फॉर्म के कारण धनंज्य डी सिल्वा को बाहर कर उनकी जगह कामिंदु मेंडिस को शामिल किया गया है।
स्पोर्ट्स न्यूज़: आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप 2026 के आगाज से ठीक पहले सह-मेजबान श्रीलंका ने अपनी आधिकारिक टीम की घोषणा कर दी है। अनुभवी ऑलराउंडर दासुन शनाका को एक बार फिर कप्तानी की जिम्मेदारी सौंपी गई है, जबकि खराब फॉर्म से जूझ रहे धनंजय डी सिल्वा को स्क्वॉड से बाहर कर दिया गया है। उनकी जगह युवा और प्रतिभाशाली ऑलराउंडर कामिंदु मेंडिस को शामिल किया गया है, जिन्हें घरेलू और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में लगातार अच्छे प्रदर्शन का इनाम मिला है।
टी20 विश्व कप 2026 का आयोजन 7 फरवरी से शुरू हो रहा है, जिसमें श्रीलंका अपना पहला मैच 8 फरवरी को आयरलैंड के खिलाफ कोलंबो में खेलेगा। श्रीलंका की नजरें अपने गौरवशाली टी20 इतिहास को दोहराने पर होंगी, खासकर यह देखते हुए कि टीम ने 2014 में भारत को हराकर टी20 विश्व कप का खिताब जीता था।
दासुन शनाका के नेतृत्व में संतुलित टीम
श्रीलंकाई चयनकर्ताओं ने अनुभव और युवा जोश का संतुलित मिश्रण तैयार किया है। दासुन शनाका की कप्तानी में टीम में कई मैच विनर्स शामिल हैं, जो अकेले दम पर खेल का रुख बदल सकते हैं। शनाका खुद एक विस्फोटक बल्लेबाज और उपयोगी गेंदबाज हैं, जो दबाव में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए जाने जाते हैं।
श्रीलंका की बल्लेबाजी लाइन-अप काफी मजबूत नजर आ रही है। शीर्ष क्रम में पथुम निसांका, कुसल मेंडिस और कुसल परेरा जैसे आक्रामक बल्लेबाज मौजूद हैं, जो पावरप्ले में तेज शुरुआत देने में सक्षम हैं। मध्यक्रम में चरिथ असलंका टीम को स्थिरता और फिनिशिंग क्षमता प्रदान करते हैं। इसके अलावा, कप्तान दासुन शनाका और कामिंदु मेंडिस ऑलराउंड विकल्प के रूप में टीम को गहराई देते हैं। खासकर मेंडिस की स्पिन गेंदबाजी और तकनीकी बल्लेबाजी टीम के लिए अहम साबित हो सकती है।
![]()
धारदार गेंदबाजी आक्रमण
गेंदबाजी विभाग में श्रीलंका बेहद संतुलित दिख रही है। तेज गेंदबाजी की कमान मथीषा पथिराना, दुष्मंथा चमीरा और ईशान मलिंगा के हाथों में होगी। पथिराना अपनी स्लिंग एक्शन और डेथ ओवर विशेषज्ञता के लिए जाने जाते हैं, जबकि चमीरा अपनी गति और सटीकता से बल्लेबाजों को चुनौती दे सकते हैं। स्पिन विभाग में टीम के पास विश्व स्तरीय विकल्प हैं। वानिंदु हसरंगा मुख्य स्पिनर होंगे, जो विकेट लेने की क्षमता रखते हैं। उनके साथ महीष तीक्षणा, डुनिथ वेलालागे और कामिंदु मेंडिस भी मौजूद रहेंगे, जिससे श्रीलंका को विविधता और नियंत्रण मिलेगा।
अमेरिका और वेस्टइंडीज में खेले गए टी20 विश्व कप 2024 में श्रीलंका का प्रदर्शन उम्मीदों के अनुरूप नहीं रहा था। टीम ग्रुप डी में थी, लेकिन ग्रुप स्टेज से आगे नहीं बढ़ पाई।चार मैचों में श्रीलंका को सिर्फ एक जीत मिली, दो मैचों में हार का सामना करना पड़ा और एक मैच बारिश के कारण बेनतीजा रहा। वे अपने ग्रुप में तीसरे स्थान पर रहे और टूर्नामेंट से जल्दी बाहर हो गए। यही कारण है कि इस बार टीम प्रबंधन और चयनकर्ताओं ने फॉर्म और संतुलन पर ज्यादा ध्यान दिया है।
श्रीलंका के ग्रुप मैच (टी20 विश्व कप 2026)
- 8 फरवरी: श्रीलंका बनाम आयरलैंड – कोलंबो
- 12 फरवरी: श्रीलंका बनाम ओमान – पल्लेकेले
- 16 फरवरी: श्रीलंका बनाम ऑस्ट्रेलिया – पल्लेकेले
- 19 फरवरी: श्रीलंका बनाम जिम्बाब्वे – कोलंबो
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मुकाबला श्रीलंका के लिए सबसे बड़ी चुनौती माना जा रहा है, जबकि आयरलैंड और ओमान के खिलाफ टीम जीत की प्रबल दावेदार होगी।
टी20 विश्व कप 2026 के लिए श्रीलंका का अंतिम स्क्वॉड
दासुन शनाका (कप्तान), पथुम निसांका, कामिल मिशारा, कुसल मेंडिस, कामिंदु मेंडिस, कुसल परेरा, चरिथ असलंका, जेनिथ लियानगे, पवन रथनायके, वानिंदु हसरंगा, डुनिथ वेलालागे, महीष तीक्षणा, दुष्मंथा चमीरा, मथीषा पथिराना और ईशान मलिंगा।









