तेलंगाना: CPM नेता रामा राव की गला काटकर हत्या, उपमुख्यमंत्री मल्लू भट्टी विक्रमार्क ने दिए सख्त निर्देश

तेलंगाना के खम्मम जिले में CPM नेता रामा राव की धारदार हथियार से हत्या। उपमुख्यमंत्री मल्लू भट्टी विक्रमार्क ने पुलिस को सख्त कार्रवाई के आदेश दिए।

तेलंगाना के खम्मम जिले में सीपीएम नेता और किसान संघ के पूर्व महासचिव समिनेनी रामा राव की दिन-दहाड़े धारदार हथियार से गला काटकर हत्या कर दी गई। उनकी लाश पथरलापाडु गांव में मिली, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई।

हैदराबाद: तेलंगाना के खम्मम ज़िले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) (सीपीएम) के वरिष्ठ नेता और किसान संगठन के पूर्व राज्य महासचिव समिनेनी रामा राव की बेरहमी से हत्या कर दी गई। उनकी लाश शुक्रवार तड़के चिंताकनी मंडल के पाथरलापाडु गांव में खून से लथपथ हालत में मिली। पुलिस ने इसे एक योजनाबद्ध हत्या बताया है और जांच के लिए कई टीमें गठित की हैं।

सुबह खेत के पास मिली खून से लथपथ लाश

पुलिस के अनुसार, शुक्रवार सुबह ग्रामीणों ने खेत के पास खून से सना शव देखकर स्थानीय थाना को सूचना दी। मौके पर पहुंची चिंताकनी थाना पुलिस ने मृतक की पहचान समिनेनी रामा राव के रूप में की। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हमलावरों ने धारदार हथियार से गला काटकर हत्या की। शव पर कई चोटों के निशान पाए गए हैं, जिससे साफ है कि हमला बेहद क्रूरता से किया गया था।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, रामा राव गुरुवार देर रात किसी राजनीतिक बैठक से लौटे थे। इसके बाद वह घर नहीं पहुंचे। परिजनों ने देर रात तक तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। सुबह उनका शव मिलने से पूरे इलाके में दहशत फैल गई।

हत्या मामले में पुलिस जांच में जुटी

पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में राजनीतिक या व्यक्तिगत दुश्मनी को हत्या की संभावित वजह माना जा रहा है। खम्मम जिले के एसपी ने बताया कि एफएसएल टीम और डॉग स्क्वॉड को घटनास्थल पर बुलाया गया है।

अधिकारियों ने बताया कि आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और मृतक के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) की भी जांच की जा रही है। पुलिस ने कहा कि जल्द ही हमलावरों की पहचान कर ली जाएगी।

उपमुख्यमंत्री मल्लू भट्टी विक्रमार्क ने दिए सख्त निर्देश

तेलंगाना के उपमुख्यमंत्री मल्लू भट्टी विक्रमार्क ने इस घटना पर गहरा शोक जताते हुए कहा कि “राजनीतिक मतभेदों के नाम पर हिंसा बर्दाश्त नहीं की जाएगी।” उन्होंने पुलिस प्रशासन को शीघ्र कार्रवाई और दोषियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए हैं।

विक्रमार्क ने कहा, “राज्य में कानून व्यवस्था सर्वोपरि है। जो लोग इस जघन्य अपराध में शामिल हैं, उन्हें किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस को सुराग दल, साइबर यूनिट और आधुनिक तकनीक का उपयोग कर अपराधियों को पकड़ने का आदेश दिया गया है।”

नेता की हत्या से सीपीएम में मातम

समिनेनी रामा राव की हत्या से सीपीएम कार्यकर्ताओं में आक्रोश फैल गया है। पार्टी नेताओं ने इसे लोकतांत्रिक मूल्यों पर हमला बताया और दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है। खम्मम जिले के कई हिस्सों में कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया और राज्य सरकार से तेजी से न्याय दिलाने की अपील की।

पार्टी सूत्रों के अनुसार, रामा राव किसान आंदोलनों में सक्रिय भूमिका निभा रहे थे और ग्रामीण क्षेत्रों में उनकी अच्छी पकड़ थी। उनकी अचानक हुई हत्या ने स्थानीय राजनीति में उथल-पुथल मचा दी है।

Leave a comment