उत्तर प्रदेश में जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह और चरखारी विधायक बृजभूषण राजपूत के बीच हुई विवादास्पद झड़प के बाद विधायक की मुश्किलें बढ़ गई हैं। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने विधायक को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है।
लखनऊ: जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह के 30 जनवरी को महोबा भ्रमण के दौरान काफिला रोकने वाले चरखारी विधायक बृजभूषण राजपूत की मुश्किलें बढ़ गई हैं। लगातार कार्यक्रमों में बयानबाजी और सोशल मीडिया पोस्ट के बाद भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने विधायक को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। संतोषजनक जवाब न मिलने पर उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की संभावना है।
नोटिस की पृष्ठभूमि
मामला 30 जनवरी का है, जब महोबा में आयोजित कार्यक्रम के दौरान विधायक बृजभूषण राजपूत ने मंत्री स्वतंत्र देव सिंह के काफिले को रोक दिया था। उन्होंने अपने विधानसभा क्षेत्र के 100 ग्राम प्रधानों के साथ मिलकर मंत्री के रास्ते में 30 कार और 20 बाइकें खड़ी कर दी थीं। विधायक ने जलापूर्ति और पाइपलाइन मरम्मत के मुद्दों को लेकर अपनी नाराजगी जताई।
इसके बाद बृजभूषण ने लगातार बयानबाजी की और सोशल मीडिया पर कई पोस्ट शेयर किए, जो वायरल हो गए। इन्हीं बयानों को भाजपा नेतृत्व ने गंभीरता से लिया और प्रदेश अध्यक्ष द्वारा नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया।
बृजभूषण के तेवर अभी भी नरम नहीं
विधायक सोशल मीडिया पर सक्रिय हैं और विवादों को हवा देने से पीछे नहीं हट रहे। उन्होंने हाल ही में फेसबुक पर पोस्ट करके “क्या मुझे बुंदेलखंड के सातों जिलों का दौरा करना चाहिए?” पूछकर राजनीतिक हलकों में बहस छेड़ दी। पोस्ट के जवाब में कार्यकर्ताओं ने स्वागत और समर्थन की जानकारी दी, जबकि कुछ ने सुझाव दिया कि विधायक अलग पार्टी बनाकर क्षेत्र का दौरा करें।
इसके अलावा सोशल मीडिया पर समर्थक और विरोधी लगातार तर्क-वितर्क और आरोप-प्रत्यारोप कर रहे हैं। कुछ समर्थकों ने धमकी भरे अंदाज में विरोधियों को जवाब दिया, जिससे स्थिति और गर्मा गई।
![]()
सपा में शामिल होने की चर्चाएं
चरखारी विधायक के बगावती तेवर और लगातार विवादित बयानबाजी ने समाजवादी पार्टी (सपा) में शामिल होने की चर्चाओं को भी हवा दी है। पिछले दिनों उनके भाजपा छोड़ने और सपा में जाने की अटकलें तेज हुई हैं। विशेषज्ञ मानते हैं कि चरखारी विधानसभा क्षेत्र में लोधी वोटिंग अधिक है। इसी क्षेत्र के हालिया लोकसभा चुनाव में सपा के अजेंद्र सिंह लोधी सांसद चुने गए। ऐसे में बृजभूषण के सपा में जाने की संभावनाएं राजनीतिक समीकरण बदल सकती हैं। हालांकि, अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
विधायक के पिता और पूर्व सांसद गंगाचरण राजपूत ने सोशल मीडिया का उपयोग करके बेटे को बचाने की कोशिश की थी। उन्होंने एक पोस्ट में महादेव से सद्बुद्धि की प्रार्थना की और लिखा कि कोई भी खुद को पार्टी से ऊपर न समझे। हालांकि, पोस्ट को कुछ देर बाद ही डिलीट कर दिया गया। भाजपा जिलाध्यक्ष मोहनलाल कुशवाहा और क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल ने बताया कि यह मामला प्रदेश स्तर का मामला है और नोटिस वहां से भेजा गया। चरखारी विधायक से संपर्क करने की कोशिशें असफल रहीं क्योंकि उनका फोन रिसीव नहीं हुआ।













