UPSRTC कंडक्टर भर्ती 2026 में 2,584 पदों पर महिलाओं के लिए बिना परीक्षा सीधी भर्ती का अवसर दिया गया है। 12वीं पास और CCC सर्टिफिकेट रखने वाली उम्मीदवार मेरिट के आधार पर चयनित होंगी। बेहतर अंकों और अतिरिक्त प्रमाणपत्रों से चयन की संभावना बढ़ेगी, साथ ही वेतन और अन्य सुविधाएं भी आकर्षक हैं।
UPSRTC Conductor Recruitment 2026: उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम ने 2,584 कंडक्टर पदों पर महिलाओं के लिए भर्ती प्रक्रिया शुरू की है, जिसमें चयन बिना लिखित परीक्षा केवल 12वीं के अंकों की मेरिट के आधार पर होगा। यह भर्ती उत्तर प्रदेश के विभिन्न शहरों में 25 मार्च से 1 अप्रैल तक आयोजित रोजगार मेलों के जरिए की जा रही है। 12वीं पास और CCC सर्टिफिकेट रखने वाली उम्मीदवार आवेदन कर सकती हैं। सरकार का उद्देश्य महिलाओं को रोजगार देकर उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है।
कितनी वैकेंसी और क्या है योग्यता
इस भर्ती के तहत कुल 2,584 कंडक्टर पद भरे जाएंगे। आवेदन करने के लिए उम्मीदवार का 12वीं पास होना अनिवार्य है। इसके साथ ही CCC (कंप्यूटर सर्टिफिकेट) होना भी जरूरी रखा गया है।
एक अन्य शर्त के अनुसार उम्मीदवार का उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन या कौशल विकास मिशन से जुड़ा होना आवश्यक है। यह प्रावधान खास तौर पर उन महिलाओं को अवसर देने के लिए जोड़ा गया है, जो पहले से किसी सरकारी योजना से जुड़ी हैं।
![]()
बिना परीक्षा होगा चयन, मेरिट से मिलेगा मौका
इस भर्ती प्रक्रिया में कोई लिखित परीक्षा नहीं ली जाएगी। चयन 12वीं कक्षा में प्राप्त अंकों के आधार पर तैयार मेरिट लिस्ट से होगा, जिससे उम्मीदवारों को तैयारी के अतिरिक्त दबाव से राहत मिलेगी।
जिन उम्मीदवारों के पास NCC ‘B’, NSS या भारत स्काउट्स एंड गाइड्स से जुड़े प्रमाणपत्र या अवॉर्ड हैं, उन्हें मेरिट में 5 प्रतिशत अतिरिक्त वेटेज दिया जाएगा। इससे ऐसे उम्मीदवारों की चयन संभावना और मजबूत हो जाती है।
सैलरी, सुविधा और भर्ती प्रक्रिया
चयनित उम्मीदवारों को 2.16 रुपये प्रति किलोमीटर के हिसाब से भुगतान किया जाएगा। यदि कोई कर्मचारी महीने में तय लक्ष्य पूरा करती है, तो उसे अतिरिक्त इंसेंटिव भी मिलेगा। इसके अलावा EPF, फ्री ट्रैवल पास और नाइट ड्यूटी अलाउंस जैसी सुविधाएं भी दी जाएंगी।
भर्ती प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए 25 मार्च से 1 अप्रैल तक रोजगार मेले आयोजित किए जाएंगे। लखनऊ, कानपुर, प्रयागराज, वाराणसी, मेरठ, गाजियाबाद, झांसी, गोरखपुर और सहारनपुर जैसे शहरों में उम्मीदवार सीधे भाग लेकर आवेदन कर सकती हैं।










