डोनाल्ड ट्रंप ने अमेरिका-ईरान युद्ध पर भाषण में झूठे दावे किए। विशेषज्ञों ने 10 प्रमुख झूठों की पहचान की, जिनमें ईरान की सेना, परमाणु क्षमता और युद्ध की अवधि पर गलत रिपोर्ट शामिल हैं।
US-Iran War: मिडिल ईस्ट में ईरान और अमेरिका के बीच जारी तनाव का 34वां दिन अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने राष्ट्र को संबोधित करते हुए ब्यान किया। लगभग 20 मिनट के इस भाषण में ट्रंप ने अमेरिका के लोगों और दुनिया को यह भरोसा दिलाने की कोशिश की कि अमेरिका ने ईरान के खिलाफ जंग जीत ली है और ईरान बर्बाद हो चुका है। हालांकि, भाषण में दिए गए कई दावे हकीकत से बिल्कुल उलट थे। विशेषज्ञों ने इस भाषण में कम से कम 10 बड़े झूठों की पहचान की है, जो दिखाते हैं कि ट्रंप इस जंग से हताश हैं और इसे किसी भी कीमत पर खत्म करना चाहते हैं।
नंबर 1: ईरान की सेना बर्बाद
ट्रंप ने कहा कि ईरान की नेवी और एयरफोर्स खत्म हो चुकी है। उनके अनुसार मिसाइल और ड्रोन लॉन्च करने की क्षमता में भारी कमी आई है और हथियारों की फैक्टरियां नष्ट हो गई हैं। ट्रंप ने दावा किया कि युद्ध के इतिहास में पहले कभी किसी दुश्मन को इतने कम समय में इतना नुकसान नहीं उठाना पड़ा।
हालांकि हकीकत यह है कि ईरान अब भी पूरी ताकत के साथ लड़ रहा है। ट्रंप के दावे के कुछ ही घंटों बाद ईरान ने इजरायल पर हमला किया। जिस नेवी को ट्रंप बर्बाद मान रहे थे, उसी ने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को बंद कर दिया। ट्रंप ने खुद माना कि अमेरिका इस संकट को सीधे खोलने की स्थिति में नहीं है।
नंबर 2: ईरान में हुआ सत्ता परिवर्तन
ट्रंप ने कहा कि ईरान में सत्ता परिवर्तन हो चुका है और नया नेतृत्व पुराने की तुलना में कम कट्टर है। लेकिन हकीकत यह है कि अयातुल्लाह खमेनेई की मौत के बाद ईरान की कमान उनके बेटे मुज्तबा खमेनेई के हाथ में है, जो अपने पिता से भी अधिक कट्टर हैं। ईरान ने साफ कर दिया है कि समझौता नहीं होगा और हमले तब तक जारी रहेंगे जब तक अमेरिका और इजरायल हार नहीं मानते।
नंबर 3: ईरान की परमाणु क्षमता खत्म
ट्रंप ने दावा किया कि ईरान की परमाणु क्षमता खत्म हो गई है। जबकि जून 2025 में ऑपरेशन मिडनाइट हैमर के दौरान भी ऐसा दावा किया गया था, फिर भी ईरान के पास अभी भी संवर्धित यूरेनियम और परमाणु सुविधाएं मौजूद हैं। ट्रंप के पास इसका कोई ठोस सबूत नहीं है, इसलिए यह दावा भी झूठा है।
नंबर 4: मिडिल ईस्ट सहयोगियों की मदद जारी रहेगी
ट्रंप ने कहा कि इजरायल, सऊदी अरब, कतर, UAE, कुवैत और बहरीन को कोई नुकसान नहीं होगा। हकीकत यह है कि ईरान सबसे ज्यादा हमले इन देशों पर कर रहा है और होर्मुज जलडमरूमध्य के बंद होने से इन देशों को तेल और गैस बेचने में मुश्किल हो रही है। ट्रंप ने इस नुकसान को नजरअंदाज किया।
![]()
नंबर 5: ईरान को पाषाण युग में भेज देंगे
ट्रंप ने दावा किया कि अगले दो-तीन हफ्तों में ईरान को पाषाण युग में ले जाया जाएगा। हकीकत यह है कि ऐसा करने के लिए भीषण बमबारी या परमाणु हमला जरूरी है, जो अमेरिका करने की स्थिति में नहीं है। जमीन पर सेना भेजना भी विकल्प नहीं है क्योंकि इजरायल और अमेरिका दोनों इसमें शामिल नहीं होंगे।
नंबर 6: ईरान से बातचीत जारी
ट्रंप बार-बार कहते रहे कि ईरान के साथ बातचीत जारी है और नया नेतृत्व समझदार है। जबकि ईरान ने साफ कर दिया है कि कोई बातचीत नहीं होगी। ट्रंप का यह दावा केवल दिखावा है और वास्तविकता इससे बिल्कुल अलग है।
नंबर 7: बिजली और तेल ठिकानों पर हमला
ट्रंप ने धमकी दी कि समझौता नहीं होने पर वे ईरान के बिजली और तेल संयंत्रों पर हमला करेंगे। हकीकत यह है कि ईरान के सबसे बड़े तेल क्षेत्र खार्ग आइलैंड पर हमला लगभग असंभव है। यदि हमला भी हुआ, तो तेल आग पकड़ लेगा और वैश्विक तेल बाजार पूरी तरह ध्वस्त हो जाएगा।
नंबर 8: अमेरिका में महंगाई नहीं
ट्रंप ने दावा किया कि अमेरिका में महंगाई नहीं है और अर्थव्यवस्था मजबूत है। जबकि होर्मुज जलडमरूमध्य के बंद होने और जंग के कारण तेल की कीमतें बढ़ रही हैं और अमेरिकी बाजार में अस्थिरता है।
नंबर 9: दो-तीन हफ्तों में जंग खत्म
ट्रंप ने कहा कि दो-तीन हफ्तों में जंग खत्म हो जाएगी। हकीकत यह है कि जंग शुरू होने के 34 दिन बाद भी कोई निर्णायक अंत नहीं हुआ है। ट्रंप पहले भी ऐसे दावे कर चुके हैं, जो अब साबित नहीं हुए।
नंबर 10: अमेरिका का नुकसान नहीं
ट्रंप ने भाषण में अमेरिका की हानि का कोई उल्लेख नहीं किया। जबकि अमेरिकी एयरफोर्स और फाइटर प्लेन को नुकसान हुआ है और शेयर बाजार में लगातार गिरावट देखने को मिली है।
भाषण का वैश्विक प्रभाव
ट्रंप के दावों के बावजूद, अमेरिका की रणनीति और ईरान की स्थिति अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्पष्ट नहीं है। वैश्विक तेल बाजार, निवेशक और शेयर बाजार इससे प्रभावित हो रहे हैं। होर्मुज जलडमरूमध्य का बंद रहना और ईरानी हमले अंतरराष्ट्रीय आर्थिक स्थिरता के लिए खतरा बने हुए हैं।










