Columbus

US Shutdown: बजट न बनने से अमेरिका में शटडाउन, जानें इसका मतलब और सरकारी काम कैसे होंगे प्रभावित

US Shutdown: बजट न बनने से अमेरिका में शटडाउन, जानें इसका मतलब और सरकारी काम कैसे होंगे प्रभावित

अमेरिका में बजट पास न होने के कारण शटडाउन लागू हो गया है। इससे सरकारी विभाग, नेशनल पार्क और म्यूजियम बंद हो सकते हैं। करीब 8 लाख कर्मचारी छुट्टी पर जाएंगे। जरूरी सेवाएं जारी रहेंगी, लेकिन ट्रांसपोर्ट प्रभावित होगा।

US Shutdown: अमेरिका में शटडाउन जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई है। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रशासन को संसद से जरूरी फंडिंग मंजूरी नहीं मिलने की वजह से वित्तीय संकट का सामना करना पड़ रहा है। शटडाउन का अर्थ है कि जब तक बजट या अस्थायी फंडिंग बिल पास नहीं होता, कई सरकारी विभाग और सेवाएं बंद हो सकती हैं।

क्यों होता है शटडाउन

सरकारी शटडाउन तब होता है जब वार्षिक व्यय विधेयकों या फंडिंग बिल पर कांग्रेस में सहमति नहीं बन पाती। अमेरिकी सरकार के अलग-अलग विभागों को चलाने के लिए भारी मात्रा में फंड की जरूरत होती है। यदि बजट पास नहीं होता, तो सरकार के पास खर्च करने के लिए कानूनी रूप से पैसा नहीं बचता। इस स्थिति में गैर-जरूरी सरकारी सेवाएं बंद कर दी जाती हैं। इसे ही शटडाउन कहा जाता है।

ट्रंप प्रशासन पर असर

ट्रंप प्रशासन को शटडाउन से बड़ा झटका लगा है। सीनेट में उनके पक्ष में केवल 55 वोट ही जुट पाए जबकि अस्थायी फंडिंग बिल पास कराने के लिए कम से कम 60 वोट चाहिए थे। इसका मतलब है कि प्रशासन के पास जरूरी फंडिंग नहीं होगी और कई सरकारी कामकाज रुक सकते हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि यह अमेरिका के लिए गंभीर स्थिति है क्योंकि इससे लाखों सरकारी कर्मचारियों की सैलरी और कई योजनाओं पर असर पड़ेगा।

शटडाउन में सरकारी काम कैसे होंगे प्रभावित

अक्टूबर से अमेरिका में नया वित्त वर्ष लागू होता है। फंडिंग बिल पास न होने की स्थिति में शटडाउन शुरू हो जाएगा। अनुमान है कि सरकारी कर्मचारियों में से लगभग 40 फीसदी यानी लगभग 8 लाख कर्मचारियों को अनिवार्य छुट्टी पर भेजा जा सकता है। हेल्थ और ह्यूमन सर्विस विभाग के 41 फीसदी कर्मचारी छुट्टी पर रह सकते हैं।

नेशनल पार्क, म्यूजियम और कई सरकारी वेबसाइटें बंद हो सकती हैं। हालांकि, कानून व्यवस्था, सीमा सुरक्षा, मेडिकल और हवाई सेवाओं जैसी जरूरी सेवाएं जारी रहेंगी। ट्रांसपोर्ट सेवाओं पर भी असर दिख सकता है और उड़ानों में देरी संभव है। एक्सपर्ट्स का कहना है कि शटडाउन जितना लंबा चलेगा, इसका नकारात्मक प्रभाव उतना ही अधिक होगा। बाजार और अर्थव्यवस्था पर भी इसका असर पड़ सकता है।

अमेरिका में शटडाउन का इतिहास

अमेरिका में शटडाउन कई बार हुआ है। 2018 में ट्रंप के पहले कार्यकाल के दौरान शटडाउन 34 दिनों तक चला था। इसके अलावा क्लिंटन, बुश, रीगन और कार्टर के कार्यकाल में भी कई शटडाउन हुए हैं। लंबे शटडाउन का असर कर्मचारियों, सरकारी सेवाओं और जनता पर गहरा पड़ता है।

Leave a comment