Columbus

वियतनाम में चक्रवात बुआलोई का कहर! मूसलाधार बारिश से 12 की मौत, राहत कार्य जारी

वियतनाम में चक्रवात बुआलोई का कहर! मूसलाधार बारिश से 12 की मौत, राहत कार्य जारी

वियतनाम में चक्रवात बुआलोई ने भारी तबाही मचाई। तेज हवाओं और बारिश से 12 लोगों की मौत हुई, सड़कों और मकानों को नुकसान पहुंचा। बिजली और हवाई सेवाएं बाधित, राहत कार्य जारी हैं।

Typhoon Bualoi: वियतनाम में चक्रवात ‘बुआलोई’ ने तबाही मचा दी है। तेज हवाओं और मूसलाधार बारिश के चलते देश के कई हिस्सों में हालात बिगड़ गए। मकान ढह गए, सड़कें जलमग्न हो गईं और बिजली कटने से लाखों लोग प्रभावित हुए हैं। सरकारी मीडिया के अनुसार इस प्राकृतिक आपदा में कम से कम 12 लोगों की मौत हो चुकी है और दर्जनों लोग घायल हुए हैं।

बारिश से बिगड़े हालात

चक्रवात के कारण मध्य वियतनाम के कई इलाके पूरी तरह पानी में डूब गए। तूफानी हवाओं ने घरों की छतें उड़ा दीं, बिजली के खंभे गिरा दिए और संचार व्यवस्था को बुरी तरह प्रभावित किया। अस्थायी पुल टूट गए, निचले इलाके जलमग्न हो गए और कई प्रांतों में यातायात पूरी तरह ठप पड़ गया। शहरों में बाढ़ का पानी भर जाने से वाहन डूब गए और ऊंचाई वाले इलाकों में रहने वाले समुदाय बाकी जगहों से कट गए।

मौसम वैज्ञानिकों की जानकारी

वियतनाम के मौसम विभाग ने बताया कि सोमवार सुबह 10 बजे चक्रवात का केंद्र न्घे आन प्रांत और लाओस की सीमा के बीच पहुंच चुका था। यहां हवा की रफ्तार करीब 74 किलोमीटर प्रति घंटा दर्ज की गई। इससे पहले रविवार देर रात तूफान ने तटीय प्रांत हा तिन्ह में दस्तक दी थी, जहां हवाओं की गति 133 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच गई और समुद्र में एक मीटर से ज्यादा ऊंची लहरें उठीं।

थान्ह होआ और ह्यू में हादसे

स्थानीय प्रशासन ने बताया कि थान्ह होआ प्रांत में एक अधिकारी, जो तूफान से बचाव कार्यों की देखरेख कर रहा था, उसके ऊपर पेड़ गिरने से मौत हो गई। वहीं ह्यू शहर में एक व्यक्ति बाढ़ में बह गया। दानांग में भी एक अन्य व्यक्ति की जान चली गई। इन घटनाओं ने साफ कर दिया कि चक्रवात का प्रभाव केवल समुद्र तटीय इलाकों तक सीमित नहीं रहा बल्कि अंदरूनी हिस्सों को भी नुकसान पहुंचा।

नन्ह बिन्ह प्रांत में सबसे ज्यादा मौतें

सरकारी रिपोर्टों के अनुसार कुल 12 मौतों में से 6 नन्ह बिन्ह प्रांत में दर्ज की गईं। यहां तेज हवाओं के कारण कई मकान गिर गए। क्वांग त्रि प्रांत में खड़ी मछली पकड़ने वाली नौका का लंगर तेज हवाओं से टूट गया, जिससे नौका और उस पर सवार 9 लोग समुद्र में बह गए। इनमें से केवल 4 लोग तैरकर वापस किनारे तक पहुंच पाए। गिया लाइ प्रांत में भी 8 मछुआरों से संपर्क टूट गया है और उनके परिजन लगातार प्रशासन से मदद की गुहार लगा रहे हैं।

बिजली और हवाई सेवाओं पर असर

रविवार रात चक्रवात के तट से टकराने से पहले ही 3,47,000 से अधिक घरों की बिजली गुल हो गई थी। बिजली न होने से लोगों की परेशानियां और बढ़ गईं। प्रशासन ने सुरक्षा कारणों से चार तटीय एयरपोर्ट्स पर परिचालन भी निलंबित कर दिया। इससे देश के भीतर और बाहर की उड़ानों पर बड़ा असर पड़ा।

चक्रवात बुआलोई ने मकानों, स्कूलों और सरकारी इमारतों को भी भारी नुकसान पहुंचाया है। राजमार्ग किनारे बने घरों की टिन की छतें उड़ गईं और कई कंक्रीट के खंभे गिर गए। गांवों और कस्बों में बने अस्थायी पुल बह गए। निचले इलाके पूरी तरह जलमग्न हो गए जिससे राहत और बचाव कार्य भी मुश्किल हो गए।

Leave a comment