Indonesia Vice President Resigns: डिग्री विवाद में जिब्रान राका का इस्तीफा, 60 दिनों में चुना जाएगा नया उपराष्ट्रपति

Indonesia Vice President Resigns: डिग्री विवाद के बीच जिब्रान राका ने इस्तीफा सौंपा। इंडोनेशिया में 60 दिनों के भीतर नया उपराष्ट्रपति चुना जाएगा। जानें पूरा

इंडोनेशिया के उपराष्ट्रपति जिब्रान राकाबुमिंग राका ने शैक्षणिक योग्यता को लेकर विवाद बढ़ने के बाद इस्तीफा दे दिया है। पूर्व राष्ट्रपति जोको विडोडो के बेटे जिब्रान के खिलाफ सांसदों ने महाभियोग की मांग भी उठाई थी। अब नए उपराष्ट्रपति के चयन की प्रक्रिया शुरू होगी।

जकार्ता: इंडोनेशिया की राजनीति में गुरुवार, 12 नवंबर 2026 को बड़ा बदलाव देखने को मिला। देश के उपराष्ट्रपति जिब्रान राकाबुमिंग राका ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने राजधानी जकार्ता में संसद के पीपुल्स कंसल्टेटिव असेंबली (MPR) नेतृत्व को अपना इस्तीफा सौंपा। 39 वर्षीय जिब्रान पूर्व राष्ट्रपति जोको विडोडो के बेटे हैं। पिछले कुछ समय से उनकी विदेशी शिक्षा और उपराष्ट्रपति पद के लिए जरूरी योग्यता को लेकर सवाल उठ रहे थे।

संसद पहुंचकर जिब्रान ने सौंपा इस्तीफा

इंडोनेशिया के उपराष्ट्रपति जिब्रान राकाबुमिंग राका ने गुरुवार को संसद भवन पहुंचकर अपना इस्तीफा सौंप दिया। संसद के उच्च सदन के स्पीकर अहमद मुजानी ने इसकी पुष्टि की। मुजानी के मुताबिक, जिब्रान ने राष्ट्रपति प्राबोवो सुबियांतो को भी अपना इस्तीफा सौंपा है। उन्होंने संसद से इस्तीफे की प्रक्रिया जल्द पूरी करने का अनुरोध किया है।

जिब्रान ने संसद में नेताओं से करीब 20 मिनट मुलाकात की। हालांकि, बाहर निकलने के बाद उन्होंने पत्रकारों के सवालों का जवाब नहीं दिया। इससे पहले मंगलवार, 10 नवंबर को जिब्रान ने राष्ट्रपति प्राबोवो के साथ लगभग ढाई घंटे बैठक की थी। इस दौरान उन्होंने पद छोड़ने की इच्छा जताई थी। बुधवार को उनके इस्तीफे की खबरें सामने आने लगी थीं। गुरुवार को संसद में औपचारिक पत्र सौंपे जाने के बाद स्थिति स्पष्ट हो गई।

शैक्षणिक योग्यता को लेकर क्यों हुआ विवाद?

जिब्रान के इस्तीफे के पीछे उनकी पढ़ाई से जुड़े दस्तावेजों का विवाद प्रमुख वजह माना जा रहा है। इंडोनेशिया के चुनाव कानून के मुताबिक, राष्ट्रपति या उपराष्ट्रपति पद का उम्मीदवार बनने के लिए कम से कम सीनियर हाई स्कूल या उसके बराबर की शिक्षा पूरी करना जरूरी है। जिब्रान ने अपनी स्कूली शिक्षा का कुछ हिस्सा सिंगापुर और ऑस्ट्रेलिया में पूरा किया था। ऐसे में उन्हें यह साबित करने के लिए दस्तावेज जमा करने पड़े थे कि उनकी विदेशी शिक्षा इंडोनेशिया की निर्धारित योग्यता के बराबर है।

अक्टूबर 2026 में सुप्रीम कोर्ट ने उनकी हाई स्कूल शिक्षा के समकक्ष जारी प्रमाणपत्र को अमान्य कर दिया। इससे उनके 2024 के चुनाव में उम्मीदवार बनने की पात्रता पर सवाल खड़े हो गए। संवैधानिक अदालत ने भी इस मामले में उपलब्ध दस्तावेजों को लेकर सवाल उठाए थे। हालांकि, उसने संबंधित याचिका को सुनवाई योग्य नहीं माना और चुनावी योग्यता के सत्यापन को संबंधित संस्थाओं के अधिकार क्षेत्र का विषय बताया था।

120 सांसदों ने की थी महाभियोग की मांग

Indonesia Vice President Resigns: डिग्री विवाद में जिब्रान राका का इस्तीफा, 60 दिनों में चुना जाएगा नया उपराष्ट्रपति

अदालतों के फैसलों के बाद जिब्रान के खिलाफ राजनीतिक दबाव बढ़ गया था। बुधवार, 11 नवंबर को इंडोनेशिया की संसद के आठ राजनीतिक दलों के 120 सांसदों ने संसदीय नेतृत्व को एक प्रस्ताव सौंपा था। इस प्रस्ताव के जरिए जिब्रान की शैक्षणिक योग्यता और उपराष्ट्रपति पद पर बने रहने की पात्रता की जांच के लिए संसदीय प्रक्रिया शुरू करने की मांग की गई थी। यह प्रक्रिया आगे चलकर उनके खिलाफ महाभियोग का आधार बन सकती थी। हालांकि, उससे पहले ही जिब्रान ने पद छोड़ने का फैसला कर लिया।

2024 के चुनाव से ही विवादों में थे जिब्रान

जिब्रान राका अक्टूबर 2024 में राष्ट्रपति प्राबोवो सुबियांतो के साथ उपराष्ट्रपति बने थे। उस समय उनकी उम्र 37 साल थी और वह इंडोनेशिया के सबसे युवा उपराष्ट्रपति बने थे। उनकी उम्मीदवारी को लेकर भी बड़ा विवाद हुआ था। इंडोनेशिया में राष्ट्रपति और उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवारों की न्यूनतम उम्र 40 साल निर्धारित थी।

लेकिन अक्टूबर 2023 में संवैधानिक अदालत ने क्षेत्रीय प्रशासन का नेतृत्व कर चुके नेताओं के लिए इस नियम में छूट दी थी। जिब्रान पहले सुराकार्ता शहर के मेयर रह चुके थे। इसलिए उन्हें चुनाव लड़ने का मौका मिल गया था। आलोचकों ने उस समय अदालत के फैसले पर सवाल उठाए थे। हालांकि, जिब्रान और प्राबोवो ने चुनाव जीतकर अक्टूबर 2024 में पदभार संभाला था।

अब इंडोनेशिया का नया उपराष्ट्रपति कैसे चुना जाएगा?

जिब्रान के इस्तीफे के बाद नए उपराष्ट्रपति का चयन संवैधानिक प्रक्रिया के तहत किया जाएगा। इंडोनेशिया के संविधान के अनुसार, उपराष्ट्रपति का पद खाली होने पर देश में दोबारा आम चुनाव नहीं कराए जाते। राष्ट्रपति प्राबोवो सुबियांतो को दो संभावित उम्मीदवारों के नाम पीपुल्स कंसल्टेटिव असेंबली के सामने रखने होंगे।

इसके बाद असेंबली इनमें से एक उम्मीदवार को उपराष्ट्रपति चुनेगी। यह प्रक्रिया 60 दिनों के भीतर पूरी की जानी है। नए उपराष्ट्रपति का कार्यकाल मौजूदा सरकार के साथ 2029 तक रहेगा। फिलहाल किसी उम्मीदवार के नाम की आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।

बेटे के इस्तीफे पर जोको विडोडो ने क्या कहा?

जिब्रान के इस्तीफे के बाद उनके पिता और पूर्व राष्ट्रपति जोको विडोडो ने मौजूदा सरकार को समर्थन जारी रखने की बात कही है। उन्होंने कहा कि वह राष्ट्रपति प्राबोवो सुबियांतो की सरकार और जनता के हित में चलाए जा रहे कार्यक्रमों का समर्थन करते रहेंगे। पिछले कुछ समय से प्राबोवो और विडोडो के बीच राजनीतिक मतभेद बढ़ने की खबरें सामने आती रही हैं। ऐसे में जिब्रान के इस्तीफे को दोनों नेताओं के राजनीतिक संबंधों के लिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

इंडोनेशिया की सरकार इस समय आर्थिक चुनौतियों और विभिन्न विवादों का सामना कर रही है। ऐसे माहौल में उपराष्ट्रपति का इस्तीफा सरकार के सामने नई राजनीतिक चुनौती खड़ी कर सकता है।

Leave a comment