उत्तर भारत में बदलेगा मौसम: 3 राज्यों में झमाझम बारिश और बर्फबारी का अलर्ट; IMD ने जारी की चेतावनी

उत्तर भारत में मौसम ने ली करवट। मौसम विभाग (IMD) ने 3 राज्यों में झमाझम बारिश और बर्फबारी का अलर्ट जारी किया — जानें प्रभावित क्षेत्र और सुरक्षा उपाय।

देशभर में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलने लगा है। ठंड हवाओं के कारण सुबह-शाम कड़ाके की ठंड पड़ रही है, जबकि दोपहर में तेज धूप के कारण हवाओं का अधिक असर नहीं दिख रहा है।

Weather Forecast: देशभर में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने आने वाले दिनों में पश्चिमी विक्षोभों के प्रभाव को लेकर चेतावनी जारी की है। इसके तहत उत्तर भारत के तीन राज्यों में झमाझम बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी होने की संभावना जताई गई है। वहीं, मैदानी इलाकों में ठंड का असर धीरे-धीरे कम हो रहा है, लेकिन सुबह और रात के समय कोहरा और धुंध बनी रहेगी।

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, यह मौसम बदलाव अगले सप्ताह तक कई राज्यों में बने रहने की संभावना है। आईएमडी ने विशेष रूप से दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, बिहार, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के लिए चेतावनी जारी की है।

दिल्ली में मौसम का हाल

7 फरवरी को दिल्ली-एनसीआर में मौसम मुख्य रूप से साफ रहेगा। दिन में 25 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। रात के समय घना धुंध छा सकता है, जिससे विजिबिलिटी प्रभावित हो सकती है। 8 और 9 फरवरी को आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और सुबह हल्की धुंध बनी रहेगी। इस दौरान तापमान अधिकतम 23°C और न्यूनतम 8°C रहने की संभावना है। विशेषज्ञों का कहना है कि अगले 10-15 दिनों में दिल्ली में ठंड का असर धीरे-धीरे कम होगा।

उत्तर प्रदेश के मैदानी इलाकों में पश्चिमी विक्षोभ के गुजरने के बाद हवा की दिशा बदल गई है। इसके चलते पहाड़ी क्षेत्रों से आ रही ठंडी हवा न्यूनतम तापमान को प्रभावित कर रही है और घना कोहरा बन रहा है। लखनऊ और आसपास के इलाकों में अगले कुछ दिनों तक मौसम में उतार-चढ़ाव जारी रहने की संभावना है।

उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और बिहार में मौसम

उत्तराखंड में 7 और 8 फरवरी को कुछ हिस्सों में घना कोहरा रहेगा। न्यूनतम तापमान 5–10°C के बीच रह सकता है। वहीं, 9 से 11 फरवरी तक राज्य के कई क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी होने का अनुमान है। हिमाचल प्रदेश में 9 से 11 फरवरी के दौरान बारिश और हिमपात की संभावना जताई गई है। सुबह और रात के समय घने कोहरे की चेतावनी जारी है। न्यूनतम तापमान 0–5°C के बीच रहेगा।

बिहार में दिन में अच्छी धूप खिलने से ठंड का असर कम हो रहा है। हालांकि, कई क्षेत्रों में सुबह के समय धुंध और कोहरे की वजह से यात्रा और विजिबिलिटी प्रभावित हो सकती है। IMD के अनुसार अगले कुछ दिनों तक मौसम सामान्य रहेगा, लेकिन न्यूनतम तापमान अभी भी सामान्य से कम दर्ज किया जा सकता है।

राजस्थान और जम्मू-कश्मीर का मौसम 

राजस्थान में पश्चिमी विक्षोभों के प्रभाव से तापमान सामान्य से कम बना हुआ है। विशेष रूप से पूर्वी राजस्थान के सीकर जिले में न्यूनतम तापमान 4.5°C दर्ज किया गया। सुबह और शाम के समय कड़ाके की ठंड जारी रहेगी। जम्मू-कश्मीर में 6 फरवरी को कई इलाकों में बारिश और बर्फबारी हुई थी। 9 से 11 फरवरी तक फिर से व्यापक बारिश और हिमपात की संभावना है। 10 फरवरी को तेज हवाओं के साथ गरज-चमक भी देखने को मिल सकती है। तापमान कई स्थानों पर शून्य से नीचे दर्ज किया गया है।

Leave a comment