वेनेजुएला की कार्यवाहक राष्ट्रपति ने पीएम मोदी से की फोन वार्ता, मादुरो की गिरफ्तारी के बाद पहली बातचीत

वेनेजुएला की कार्यवाहक राष्ट्रपति ने मादुरो की गिरफ्तारी के बाद पहली बार प्रधानमंत्री मोदी से फोन पर बातचीत की। जानिए इस बातचीत का उद्देश्य, द्विपक्षीय रिश्तों

वेनेजुएला की राजनीति में हाल ही में आए बड़े बदलाव के बीच, देश की कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिग्ज ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से फोन पर बातचीत की। 

World News: वेनेजुएला की कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिग्ज ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से फोन पर बातचीत की। इस दौरान दोनों नेताओं ने आने वाले वर्षों में भारत और वेनेजुएला के बीच द्विपक्षीय संबंधों को नई ऊँचाइयों तक ले जाने पर सहमति जताई। यह फोन कॉल प्रधानमंत्री मोदी और रोड्रिग्ज के बीच पहला संवाद था, जो वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी के अमेरिका द्वारा हिरासत में लिए जाने के बाद हुआ।

पीएम मोदी ने अपने X एकाउंट पर साझा की जानकारी

प्रधानमंत्री मोदी ने इस फोन कॉल की जानकारी अपने X (पूर्व ट्विटर) अकाउंट पर दी। उन्होंने लिखा,

'वेनेजुएला की कार्यवाहक राष्ट्रपति सुश्री डेल्सी रोड्रिग्ज से बात की। हमने सभी क्षेत्रों में द्विपक्षीय साझेदारी को और गहरा करने और विस्तार देने पर सहमति जताई, साथ ही भारत-वेनेजुएला संबंधों को आने वाले वर्षों में नई ऊँचाइयों तक ले जाने की साझा दृष्टि के साथ।'

डेल्सी रोड्रिग्ज ने अमेरिकी बलों द्वारा अपने पूर्ववर्ती निकोलस मादुरो को न्यूयॉर्क में मुकदमे के लिए पकड़कर ले जाने के दो दिन बाद 5 जनवरी 2026 को कार्यवाहक राष्ट्रपति का पद संभाला। यह फोन कॉल उसी घटनाक्रम के बाद हुई है, जो वैश्विक स्तर पर ध्यान आकर्षित कर रही है।

भारत और वेनेजुएला के साझा हित

प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) के बयान में कहा गया कि दोनों नेताओं ने व्यापार, निवेश, ऊर्जा, डिजिटल प्रौद्योगिकी, स्वास्थ्य, कृषि और लोगों-से-लोगों के संबंध सहित सभी क्षेत्रों में साझेदारी को और मजबूत करने पर चर्चा की। इसके अलावा, दोनों नेताओं ने वैश्विक दक्षिण देशों के सहयोग और क्षेत्रीय-वैश्विक मुद्दों पर विचार-विमर्श किया।

यह फोन कॉल खास तौर पर भारत की ONGC की वेनेजुएला में निवेश और डिविडेंड पेआउट से जुड़े मामलों पर भी महत्वपूर्ण है। ऊर्जा और व्यापार के क्षेत्र में यह कदम दोनों देशों के लिए रणनीतिक महत्त्व रखता है। वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को अमेरिका द्वारा 3 जनवरी 2026 को गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद डेल्सी रोड्रिग्ज को कार्यवाहक राष्ट्रपति का पद संभालना पड़ा। इस समय, भारत और वेनेजुएला के संबंधों में व्यापार, ऊर्जा और निवेश पर ध्यान केंद्रित किया जा रहा है।

Leave a comment