Columbus

World Para Championships 2025: सुमित अंतिल ने जीता स्वर्ण पदक, लगातार तीसरी बार हासिल किया शीर्ष स्थान

World Para Championships 2025: सुमित अंतिल ने जीता स्वर्ण पदक, लगातार तीसरी बार हासिल किया शीर्ष स्थान

भारत के पैरा भाला फेंक स्टार सुमित अंतिल ने मंगलवार को विश्व पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप में एफ64 वर्ग का खिताब जीतकर लगातार तीसरा स्वर्ण पदक अपने नाम किया। सुमित ने इससे पहले 2023 और 2024 में भी स्वर्ण पदक जीते थे। 

स्पोर्ट्स न्यूज़: भारत के पैरालंपिक स्टार सुमित अंतिल ने विश्व पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप में पुरुष भाला फेंक (F64 वर्ग) में स्वर्ण पदक जीतकर अपनी काबिलियत का लोहा मनवाया। मंगलवार को हुए मुकाबले में सुमित ने अपने चैंपियनशिप रिकॉर्ड को तोड़ते हुए पांचवें प्रयास में 71.37 मीटर भाला फेंका। इस प्रदर्शन के साथ उन्होंने 2023 में बनाए गए 70.83 मीटर के अपने ही रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया।

सुमित का यह लगातार तीसरा स्वर्ण पदक है। इससे पहले उन्होंने 2023 और 2024 की विश्व चैंपियनशिप में भी यह उपलब्धि हासिल की थी। 27 वर्षीय सुमित ने 2021 के टोक्यो और 2024 के पेरिस पैरालंपिक में भी दो-त दो स्वर्ण पदक जीते हैं। इसके अलावा वह वर्तमान में एशियाई पैरा खेलों के भी चैंपियन हैं।

सुमित का रिकॉर्ड ब्रेकिंग प्रदर्शन

सुमित अंतिल ने अपनी जीत का प्रदर्शन शानदार और लगातार किया। पांचवें प्रयास में 71.37 मीटर भाला फेंककर उन्होंने न केवल अपने पिछले रिकॉर्ड को तोड़ा, बल्कि प्रतियोगिता में भारत की झोली में एक और स्वर्ण पदक जोड़ दिया। इस उपलब्धि ने उन्हें विश्व पैरा एथलेटिक्स में एक निरंतर शीर्ष खिलाड़ी के रूप में स्थापित कर दिया।

महज चार साल की उम्र में एक दुर्घटना में पैर गंवाने वाले संदीप संजय सर्गर ने F-44 वर्ग में 62.82 मीटर भाला फेंक कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। उन्होंने अपने साथी और पूर्व विश्व चैंपियन संदीप चौधरी (62.67 मीटर) को पीछे छोड़ते हुए यह उपलब्धि हासिल की। यह संदीप सर्गर का किसी भी मुख्य पैरा खेल में पहला पदक है। वहीं, संदीप चौधरी ने इस चैंपियनशिप में अपना तीसरा पदक हासिल किया।

डिस्कस थ्रो में योगेश कथूनिया का रजत पदक

विश्व पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप में डिस्कस थ्रो (F56) कैटेगरी में भारत के योगेश कथूनिया ने 42.49 मीटर की दूरी फेंक कर रजत पदक जीता। यह उनके लिए चैंपियनशिप में कुल चौथा और लगातार तीसरा रजत पदक है। चैंपियनशिप में मंगलवार को हुई बारिश ने विदेशी एथलीटों के लिए राहत का काम किया। सोमवार तक लगातार भीषण उमस और गर्मी के कारण कई एथलीटों की स्थिति खराब हो गई थी। 

Leave a comment