Mosam Update: दिल्ली-NCR में हल्की से मध्यम बारिश के आसार, मौसम विभाग ने 3 दिन के लिए येलो अलर्ट किया जारी, जानिए मौसम का हाल

Mosam Update: दिल्ली-NCR में हल्की से मध्यम बारिश के आसार, मौसम विभाग ने 3 दिन के लिए येलो अलर्ट किया जारी, जानिए मौसम का हाल
Last Updated: 16 अगस्त 2024

स्वतंत्रता दिवस पर मौसम ने अच्छा साथ दिया। दिनभर कभी हल्की धूप निकली, तो कभी आसमान में बादल छा गए। दिल्ली में अब अगले दो दिनों में हल्की बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने रविवार से मंगलवार तक के लिए येलो अलर्ट की सूचना दी हैं।

नई दिल्ली: स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर गुरुवार को दिल्ली में मौसम ने अच्छा साथ दिया। सूरज और बादलों की छांव के बीच राजधानी के विभिन्न क्षेत्रों में हल्की बारिश हुई। इस दौरान हवा भी कभी-कभी चलती रही। मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि दो दिनों में हल्की वर्षा हो सकती है, जबकि इसके बाद रविवार से तीन दिनों के लिए येलो अलर्ट जारी किया हैं। गुरुवार को अधिकतम तापमान सामान्य स्तर पर 34.0 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 27.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हवा में नमी का स्तर 98 से 71 प्रतिशत तक बना रहा।

रविवार से तेज बारिश की संभावना

मौसम विभाग ने रविवार से मंगलवार तक तेज वर्षा की संभावना जताई है। जिसके लिए विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। बता दें गुरुवार के लिए भी मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया गया था, लेकिन कहीं भी तेज वर्षा नहीं होने से अनुमान गलत साबित हुआ। विभाग ने बताया कि शुक्रवार को बादल छाए रहेंगे और गर्जन वाले बादल बनने के साथ हल्की वर्षा भी हो सकती है। उसके बाद शनिवार को भी मौसम में ठंडक बनी रहेगी।

गुरुवार को दिल्ली का एयर इंडेक्स रहा 71

बताया गया है कि बरसात और हवा के प्रभाव के कारण वर्तमान में दिल्ली की वायु गुणवत्ता काफी बेहतर है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार गुरुवार (15 अगस्त) को दिल्ली का एयर इंडेक्स 71 के स्तर पर रहा। इस स्तर की वायु को ''संतोषजनक'' श्रेणी में वर्गीकृत किया जाता है। आने वाले दो-तीन दिनों तक एयर इंडेक्स इसी स्तर के आसपास बना रहने की संभावना हैं।

गुरुवार को कहां और कितनी हुई वर्षा (मिमी में)

स्थान                   वर्षा

सफदरजंग -          3.4

लोधी रोड -           9.3

रिज -                   5.6

दिल्ली विवि -        3.5

पूसा -                  2.5

नरेला -                1.5

नजफगढ़ -          1.0

पीतमपुरा -          1.0

 

 

Leave a comment
 

Latest News