सदन में बोले योगी:ताड़ना का मतलब 'मारने' से नहीं 'देखने' से होता है; ग्रंथ को जलाकर हिंदुओं का अपमान किया

सदन में बोले योगी:ताड़ना का मतलब 'मारने' से नहीं 'देखने' से होता है; ग्रंथ को जलाकर हिंदुओं का अपमान किया
Last Updated: 08 अप्रैल 2023

यूपी विधानसभा में शनिवार को सीएम योगी एक अलग ही रंग में दिखे। सदन में उन्होंने विपक्ष नेता अखिलेश यादव द्वारा लगाए गए सभी आरोपों का एक-एक करके जवाब दिया। सीएम ने रामचरितमानस को लेकर कहा कि तुलसीदास ने समाज को जोड़ने का काम किया है। चौपाइयों की सही व्याख्या होनी चाहिए।

 

रामचरितमानस की एक चौपाई का जिक्र करते हुए कहा कि अवधी और बुंदेलखंडी के लिखे शब्द 'ताड़ना' और 'शूद्र' का गलत मतलब निकाला गया। 'शूद्र' का मतलब 'श्रमिक' से और 'ताड़ना' का अर्थ 'देखना' होता है, 'मारना' नहीं होता। लेकिन आज सब अपने हिसाब से ग्रंथों की व्याख्या कर रहे हैं। रामचरितमानस को कुछ लोगों ने फाड़ने का काम किया, यही घटना अगर किसी दूसरे मजहब के साथ हुई होती तो देखते क्या होता।

 

जानिए एक-एक सवाल... जिनका जवाब योगी ने दिया...

सवाल 1 : रामचरितमानस के बहाने हिंदुओं का अपमान

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 2 घंटे 8 मिनट के भाषण में कहा, रामचरितमानस की रचना जिस कालखंड में हुई, तब महिलाओं की स्थिति क्या थी ये किसी से छिपा नहीं है। योगी ने कहा, मैं मॉरिशियस में प्रवासी भारतीय के आयोजन में गया। मैंने उनसे पूछा कि क्या आपके पास कोई धरोहर है, उन्होंने रामचरितमानस को दिखाया।

रामचरितमानस अवधी में रची गई। क्या उसके शब्दों का सही मतलब भी इन्हें (सपा) पता है। अवधी में अगर हम बात करें तो कहते हैं "क्या ताड़ रहे हो" यहां 'ताड़ना' का अर्थ देखने से होता है, मारने से नहीं। बुंदेलखंडी में उन्होंने कहा- मोरे लड़कन को ताड़े रहिओ, यानी उन्हें देखे रहना।

सपा कार्यालय के बाहर शूद्र वाले पोस्टर लग रहे हैं। क्या ये सही है? ये कृष्ण की धरती है, संगम की धरती है, राम की धरती है। यहां रामायण जैसे ग्रंथ रचे गए। ऐसे ग्रंथों को जलाया गया। क्या देश-दुनिया में रहने वाले हिंदुओं को अपमानित करने का काम नहीं कर रहे हैं।

सवाल 2 : शिवपाल के सपा में शामिल होने पर दी नसीहत
योगी ने कहा, 'भय बिनु होइ न प्रीति', भय से ही सही चाचा को सम्मान तो मिला। शिवपाल जी, जब आपको देखता हूं तो महाभारत का दृश्य याद आने लगता है। बार-बार अपमानित होते हैं। संघर्ष और अनुभव का फायदा सपा को नहीं मिलता। हम उनका सम्मान करते हैं, वरिष्ठ सदस्य हैं। अनुभवी व्यक्ति बार-बार छले जा रहे हैं। वो सम-विषम में फंसे रहते हैं। देखो, ज्यादा अपमानित करना भी नहीं चाहिए।

सवाल 3 : गेस्ट हाउस कांड, लड़के हैं गलती हो जाती है, बयान याद दिलाए

 

योगी बोले- मातृ शक्ति की प्रतीक राज्यपाल के अभिभाषण पर नारेबाजी करना, ये कहां तक शोभनीय है। किस लोकतंत्र की बात आप कर रहे हैं। जो लोग राज्यपाल का सम्मान नहीं कर सकते। उनसे प्रदेश की आधी आबादी को सम्मान करने की उम्मीद कहां कर सकते है?

इनके शासन में गेस्ट हाउस कांड हुआ था। 'लड़के हैं, गलती कर देते है', ऐसे बयान सामने आए थे। ये लोग लोकतंत्र की बात करें, ये आश्चर्य होता है। अखिलेश ने कहा कि ये गुरु किसके हैं? क्यों ऐसे बोल रहे हैं...। योगी ने गुस्से में कहा- तुमको शर्म आनी चाहिए। जो अपने बाप का सम्मान नहीं कर सका।

सवाल 4 : उमेश पाल हत्याकांड पर बोले-माफिया को मिट्‌टी में मिला देंगे

अखिलेश के बयानों पर करारा जवाब देते हुए कहा, "हम माफियाओं के खिलाफ हैं, उन्हें मिट्टी में मिला देंगे। हम किसी भी माफिया को नहीं छोड़ेंगे। आपके राज (सपा) में माफिया पाले जाते थे। क्या अतीक सपा से पोषित नहीं था। क्या ये सही नहीं है कि आपकी पार्टी के सहयोग से वो विधायक बना।

एक बड़े विचारक ने कहा था कि शक्ति देना आसान है, लेकिन बुद्धि देना आसान नहीं। इसको सरल भाषा में कहूं कि विरासत में सत्ता तो मिल सकती है, लेकिन बुद्धि नहीं मिल सकती है।" योगी ने कहा, माफिया कोई भी हो, सरकार जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है।

सवाल 5 : जातीय जनगणना पर सपा को घेरा

सीएम ने सपा के जातीय जनगणना के मुद्दे पर कहा, जब हम उत्तर प्रदेश की बात करते हैं। ये लोग जाति के नाम पर समाज को बांट रहे हैं। हम ईज ऑफ लिविंग की बात करते हैं, वो जाति की बात करते हैं। हम कहते है कि गरीब की जाति नहीं होती है। उसको आवास, शौचालय मिलना चाहिए। उसको रोजगार मिलना चाहिए। इन्होंने जाति के नाम किया भी क्या है।

मैं कभी नहीं कहता कि मैंने कुछ किया है। हमारी टीम ने किया। हमारे मंत्री 16 देशों में गए। 20 शहरों को कवर किया। मंत्रियों की टीम ने देश में रोड-शो किया। ये है टीम वर्क। जोकि ग्लोबल समिट में दिखा। तब भारी भरकम इन्वेस्टमेंट की बात हो सकी।

सवाल 6 : समिट के इन्वेस्टमेंट के जरिए डेवलपमेंट का भरोसा दिलाया

योगी ने कहा, इनके शासन में एक ही जाति की भर्ती होती है। राजभर जी देख लीजिए... ये लोग क्या करते हैं। उस वक्त के युवाओं के साथ क्या अन्याय होता था। सभी चयन आयोग और भर्ती में क्या होता था। किसी से छिपा नहीं है। पॉलिटिकल क्रैडिबिलिटी की आप क्या बात करते हैं। हमें जनता का जनाधार मिलता आ रहा है। यही क्रैडिबिलिटी है।

 

पॉलिटिकल क्रैडिबिलिटी का सबसे बड़ा मानक देश-दुनिया का भरोसा है। 35 लाख करोड़ के प्रस्ताव सबसे बड़ा उदाहरण है। निवेशकों के भरोसे पर आप लोग सवाल खड़े कर रहे हैं। आप अपने शासन में समिट कहां करते थे, दिल्ली और मुंबई में। सोचिए, जिस निवेशक को आप यूपी में ला नहीं पा रहे हैं। उससे यूपी में निवेश क्या करवाएंगे।

Leave a comment
 

Latest News