संभल में भाजपा नेता गुलफाम सिंह यादव की सनसनीखेज हत्या, जहर का इंजेक्शन लगाकर फरार हुए हमलावर

🎧 Listen in Audio
0:00

उत्तर प्रदेश के संभल जिले में भाजपा नेता गुलफाम सिंह यादव की रहस्यमयी परिस्थितियों में हत्या कर दी गई। बाइक सवार अज्ञात हमलावरों ने दिनदहाड़े उनके घर में घुसकर जहर का इंजेक्शन लगा दिया और मौके से फरार हो गए।

संभल: उत्तर प्रदेश के संभल जिले में भाजपा नेता गुलफाम सिंह यादव की रहस्यमयी परिस्थितियों में हत्या कर दी गई। बाइक सवार अज्ञात हमलावरों ने दिनदहाड़े उनके घर में घुसकर जहर का इंजेक्शन लगा दिया और मौके से फरार हो गए। गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मृत्यु हो गई। इस वारदात से इलाके में हड़कंप मच गया और पुलिस प्रशासन अलर्ट हो गया हैं।

कैसे हुआ हमला?

गुलफाम सिंह यादव दोपहर करीब 1 बजे अपने गांव दफ्तरा हिमांचल में चारपाई पर बैठे थे। इसी दौरान बाइक पर सवार दो युवक वहां पहुंचे। अचानक उनमें से एक ने उनके पेट में कोई संदिग्ध इंजेक्शन लगा दिया और फिर दोनों बाइक से फरार हो गए। पहले परिवार को गोली लगने का संदेह हुआ, इसलिए उन्हें जुनावई के सरकारी अस्पताल ले जाया गया। वहां से डॉक्टरों ने उन्हें रेफर कर दिया। उपचार के लिए अलीगढ़ ले जाते समय रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।

गुलफाम सिंह यादव तीन दशक से राजनीति में सक्रिय

65 वर्षीय गुलफाम सिंह यादव पिछले तीन दशकों से राजनीति में सक्रिय थे। 2004 में भाजपा के टिकट पर उन्होंने गुन्नौर विधानसभा उपचुनाव में मुलायम सिंह यादव के खिलाफ चुनाव लड़ा था। पिछड़ा वर्ग आयोग के सदस्य भी रह चुके थे। भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य, पश्चिमी यूपी के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष, आरएसएस के जिला कार्यवाह और भाजपा के महामंत्री जैसे महत्वपूर्ण पदों पर भी रहे थे।

उनकी पत्नी जावित्री देवी तीन बार से ग्राम प्रधान हैं। 2019 के जुनावई ब्लॉक प्रमुख उपचुनाव में उनके पुत्र दिव्य प्रकाश यादव ब्लॉक प्रमुख चुने गए थे। इस चौंकाने वाली हत्या के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में आक्रोश है। संभल पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

Leave a comment