20 हजार का इनामी बदमाश दबोचा गया, फरारी में बदली पहचान, जूस शॉप पर करता था नौकरी

सवाई माधोपुर पुलिस ने हत्या, फायरिंग और अपहरण में वांछित 20 हजार के इनामी बदमाश राजेश मीणा उर्फ भूत को अहमदाबाद से गिरफ्तार किया।

सवाई माधोपुर पुलिस ने हत्या, फायरिंग और अपहरण जैसे मामलों में वांछित 20 हजार के इनामी बदमाश राजेश मीणा उर्फ भूत को अहमदाबाद से गिरफ्तार किया। आरोपी लंबे समय से फरार था और भेष बदलकर मजदूरी कर रहा था।

Sawai Madhopur: पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार बेनीवाल ने बताया कि राजेश मीणा उर्फ भूत, निवासी खण्डीप थाना वजीरपुर, एक शातिर अपराधी है। उसके खिलाफ हत्या के प्रयास, फायरिंग, अपहरण, मारपीट, लूट और आर्म्स एक्ट जैसे कई गंभीर अपराध दर्ज हैं। आरोपी वर्ष 2014 से 2022 के बीच सवाई माधोपुर, करौली, जयपुर, दौसा, गंगापुर सिटी और श्री महावीरजी सहित कई थानों में दर्ज मामलों के बाद से फरार चल रहा था।
लगातार फरारी और बढ़ते अपराधों को देखते हुए सवाई माधोपुर और करौली पुलिस ने उस पर कुल 20 हजार रुपए का इनाम घोषित किया था।

अपहरण और फिरौती जैसे संगीन आरोप

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी ने 18 फरवरी को पिलोदा थाना क्षेत्र में नेहरू मीणा पर फायरिंग कर कुल्हाड़ी से हमला किया था। इसके बाद 5 फरवरी को गंगापुर सिटी से करौली जाते समय कुंड गांव थाना क्षेत्र में गोविंद मीणा पर भी फायरिंग की गई।

बालाघाट थाना क्षेत्र में 31 मई 2024 को अमित मीणा का अपहरण कर उसके साथ मारपीट की गई और परिवार से फिरौती की मांग की गई थी। इसके अलावा 1 दिसंबर को गंगापुर सिटी में हुई फायरिंग के मामले में आरोपी पर बदमाश कृष्णा बासरोटा को हथियार उपलब्ध कराने का आरोप है। इस मामले में मानटाउन थाने में आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।

भेष बदलकर अहमदाबाद में कर रहा था मजदूरी

एसपी के निर्देश पर थानाधिकारी सुनील कुमार गुप्ता के नेतृत्व में एक विशेष टीम बनाई गई। टीम को सूचना मिली कि आरोपी अहमदाबाद में अपने किसी रिश्तेदार के पास छिपा हुआ है।
पुलिस ने लगातार निगरानी करते हुए उसकी गतिविधियों पर नजर रखी। जांच में पता चला कि आरोपी पहचान छिपाने के लिए भेष बदलकर जूस के ठेले पर काम कर रहा था। लंबे समय तक रेकी और पुख्ता सूचना के बाद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

फरारी के दौरान चोरी से करता था गुजारा

पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि फरारी के दौरान आरोपी कपड़े चोरी करने और भेड़-बकरियां चुराकर अपना जीवन यापन करता था। पुलिस अब आरोपी से जुड़े अन्य मामलों और उसके नेटवर्क के बारे में भी पूछताछ कर रही है। आरोपी को कोर्ट में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a comment