आईपैड से निकला आईफोन का आइडिया? जाने iPhone बनने की अनसुनी कहानी

आईफोन की शुरुआत एक टैबलेट प्रोजेक्ट से हुई और 2007 में लॉन्च होकर स्मार्टफोन इंडस्ट्री बदल दी। ऐप्पल ने मल्टी-टच तकनीक से नया ट्रेंड सेट किया।
आईपैड से निकला आईफोन का आइडिया? जाने iPhone बनने की अनसुनी कहानी

आईफोन की शुरुआत एक टैबलेट प्रोजेक्ट से हुई थी, जहां मल्टी-टच टेक्नोलॉजी ने स्टीव जॉब्स को फोन बनाने का आइडिया दिया। दिलचस्प बात यह रही कि आईफोन नाम का पेटेंट ऐप्पल के पास नहीं था। 2007 में लॉन्च के बाद इस डिवाइस ने स्मार्टफोन इंडस्ट्री की दिशा बदल दी।

iPhone History: आईफोन, जो आज दुनिया का सबसे लोकप्रिय स्मार्टफोन है, उसकी नींव एक टैबलेट यानी आईपैड जैसे प्रोजेक्ट पर काम करते हुए पड़ी। साल 2007 में ऐप्पल ने इसे पहली बार दुनिया के सामने पेश किया। यह फैसला स्टीव जॉब्स ने उस समय लिया, जब कंपनी मल्टी-टच टेक्नोलॉजी वाले प्रोटोटाइप पर काम कर रही थी। अमेरिका से शुरू हुई यह तकनीकी क्रांति पूरी दुनिया में फैल गई और मोबाइल इस्तेमाल करने का अंदाज हमेशा के लिए बदल गया।

आईपैड प्रोजेक्ट से जन्मा आईफोन का आइडिया

आईफोन से पहले ऐप्पल एक ऐसे टैबलेट पर काम कर रही थी, जिसमें वर्चुअल कीबोर्ड और टच स्क्रीन का इस्तेमाल होना था। साल 2010 में दिए एक इंटरव्यू में स्टीव जॉब्स ने खुद इस बात का खुलासा किया था कि कंपनी पहले टैबलेट के कॉन्सेप्ट पर फोकस कर रही थी।

इसी दौरान इंजीनियरों ने मल्टी-टच सपोर्ट वाला एक प्रोटोटाइप तैयार किया। इस टेक्नोलॉजी को देखकर जॉब्स ने महसूस किया कि इसे फोन में लाना ज्यादा क्रांतिकारी साबित हो सकता है। यहीं से स्मार्टफोन की नई परिभाषा लिखी जाने लगी और आईफोन का निर्माण शुरू हुआ।

आईपैड से निकला आईफोन का आइडिया? जाने iPhone बनने की अनसुनी कहानी

आईफोन नाम का पेटेंट ऐप्पल के पास नहीं था

यह जानकर कई लोग हैरान हो जाते हैं कि ऐप्पल के पास शुरुआत में iPhone नाम का पेटेंट नहीं था। यह नाम पहले से ही नेटवर्किंग कंपनी सिस्को के पास रजिस्टर्ड था, जिसे उसने अपने VOIP फोन के लिए सुरक्षित कराया था।

जब ऐप्पल ने 2007 में आईफोन नाम से प्रोडक्ट लॉन्च किया तो दोनों कंपनियों के बीच इसे लेकर कानूनी विवाद भी हुआ। बाद में आपसी समझौते के जरिए यह मामला सुलझा लिया गया और ऐप्पल को इस नाम के इस्तेमाल की अनुमति मिल गई।

2007 का iPhone और स्मार्टफोन की नई दुनिया

साल 2007 में जब पहला आईफोन लॉन्च हुआ, तो लोगों ने इसे सिर्फ एक फोन नहीं, बल्कि एक टेक क्रांति के रूप में देखा। टच स्क्रीन, इंटरनेट ब्राउजिंग और म्यूजिक प्लेयर जैसे फीचर्स ने इसे उस दौर के बाकी फोन्स से बिल्कुल अलग बना दिया।

आईफोन की बढ़ती लोकप्रियता का असर पूरी इंडस्ट्री पर पड़ा। उसी साल टाइम मैगजीन ने इसे Invention of the Year घोषित किया। इसके बाद स्मार्टफोन कंपनियों की सोच, डिजाइन और टेक्नोलॉजी सभी बदल गए।

Leave a comment