आयशा शर्मा, जिन्होंने जॉन अब्राहम के साथ फिल्म सत्यमेव जयते में काम किया था, अब अपने करियर के एक नए पड़ाव पर पहुंच गई हैं। फिल्मों और सोशल मीडिया पर अपनी बोल्ड इमेज को लेकर सुर्खियों में रहने वाली आयशा ने अब लेखन की दुनिया में कदम रखा है।
Aisha Sharma Debut Book: बॉलीवुड अभिनेत्री आयशा शर्मा ने अपने करियर की नई शुरुआत करते हुए लेखन की दुनिया में कदम रखा है। फिल्मी पर्दे से इतर अब वह एक लेखिका के रूप में सामने आ रही हैं। उनकी पहली किताब Bloom 27 फरवरी 2026 को भारत भर के बुकस्टोर्स और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स पर उपलब्ध होगी।
आयशा का कहना है कि यह किताब वास्तविक भावनात्मक अनुभवों से प्रेरित है और उन पाठकों के लिए है जो तनाव, आत्म-संदेह और जीवन के दबावों से जूझ रहे हैं।
‘Bloom’—रोजमर्रा की अनकही भावनाओं पर आधारित किताब
हाल ही में एक इंटरव्यू में आयशा शर्मा ने बताया कि उनकी किताब उन भावनाओं को शब्द देती है, जिन्हें लोग अक्सर महसूस तो करते हैं लेकिन व्यक्त नहीं कर पाते। उनके अनुसार, यह कोई आत्मकथा नहीं है, लेकिन इसमें उनके अपने अनुभवों और आत्मचिंतन की झलक जरूर मिलेगी। उन्होंने कहा कि उन्हें विश्वास है—“सही किताब सही समय पर पाठक तक पहुंचती है।
आयशा को उम्मीद है कि Bloom उन लोगों तक पहुंचेगी जिन्हें अपने जीवन के कठिन दौर में भावनात्मक सहारे की जरूरत है। किताब में मानसिक दबाव, आत्म-संदेह, भावनात्मक उलझन और आत्म-स्वीकृति जैसे विषयों को सरल और संवेदनशील भाषा में प्रस्तुत किया गया है।

खुद तैयार किया कॉन्सेप्ट, पब्लिशर्स से भी खुद किया संपर्क
आयशा ने खुलासा किया कि इस किताब का विचार उन्होंने खुद विकसित किया। शुरुआत में यह लेखन निजी डायरी और आत्मचिंतन के रूप में था। धीरे-धीरे यह एक संपूर्ण पुस्तक का रूप लेने लगा। उन्होंने स्वयं प्रकाशकों से संपर्क किया और सकारात्मक प्रतिक्रिया मिलने के बाद इसे औपचारिक रूप से प्रकाशित करने का निर्णय लिया। आयशा के अनुसार, यह अनुभव उनके लिए न केवल एक लेखक के रूप में बल्कि एक रचनात्मक व्यक्ति के तौर पर भी बेहद सशक्त करने वाला रहा।
आयशा ने अपनी लेखन यात्रा का श्रेय अपने माता-पिता को दिया। उन्होंने कहा कि उनके माता-पिता ने हमेशा उन्हें अपने दिल की सुनने और खुद पर विश्वास रखने के लिए प्रेरित किया। यही भरोसा उन्हें गंभीरता से लिखने की दिशा में आगे बढ़ाने का कारण बना। यह किताब उन्होंने अपने माता-पिता को समर्पित की है। साथ ही, उन्होंने अपनी बहन Neha Sharma का विशेष रूप से धन्यवाद किया, जिन्हें उन्होंने अपना सबसे बड़ा सपोर्ट सिस्टम बताया।
अभिनय से लेखन तक का सफर
आयशा शर्मा ने 2018 में फिल्म Satyameva Jayate से बॉलीवुड में डेब्यू किया था। इस फिल्म में उनके साथ John Abraham और Manoj Bajpayee प्रमुख भूमिकाओं में नजर आए थे। हालांकि फिल्म के बाद आयशा बड़े पर्दे पर ज्यादा सक्रिय नहीं रहीं, लेकिन सोशल मीडिया पर उनकी लोकप्रियता लगातार बनी रही। अब लेखन की दुनिया में कदम रखकर आयशा ने यह स्पष्ट कर दिया है कि वह अपनी रचनात्मकता को नए आयाम देना चाहती हैं।









