कर्नाटक में अलग राज्य की मांग एक बार फिर सुर्खियों में है। कांग्रेस विधायक भरमगौड़ा ऊर्फ राजू कागे ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर उत्तर कर्नाटक के 15 जिलों को मिलाकर अलग राज्य बनाने की मांग की है। उन्होंने राज्य सरकार पर लगातार उपेक्षा का आरोप लगाया है।
भारत l उत्तर कर्नाटक: दशकों पुरानी उत्तर कर्नाटक अलग राज्य की मांग एक बार फिर जोर पकड़ने लगी है। कांग्रेस विधायक भरमगौड़ा ऊर्फ राजू कागे ने इस मुद्दे को राष्ट्रीय स्तर पर उठाते हुए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राज्यपाल को पत्र लिखा है। कागे ने अपने पत्र में कहा कि राज्य के उत्तरी हिस्से को लंबे समय से विकास, शिक्षा, रोजगार और बुनियादी सुविधाओं में नजरअंदाज किया गया है। उनका आरोप है कि बेंगलुरु-केंद्रित नीतियों के चलते उत्तर कर्नाटक के जिलों को बराबर अवसर नहीं मिल पाए। उन्होंने केंद्र सरकार से 15 जिलों को मिलाकर नया राज्य बनाने की मांग की है, ताकि वहां के लोगों को न्याय और विकास का समान हक मिल सके।
कांग्रेस विधायक की चिट्ठी से बढ़ी हलचल
कुडची के कांग्रेस विधायक भरमगौड़ा ऊर्फ राजू कागे ने उत्तर कर्नाटक को अलग राज्य बनाने की पुरानी मांग को फिर से हवा दी है। उन्होंने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राज्यपाल थावरचंद गहलोत को पत्र लिखकर कहा है कि उत्तर कर्नाटक के 15 जिलों को मिलाकर नया राज्य बनाया जाना चाहिए।
कागे ने दावा किया कि बीदर, कलबुर्गी, विजयपुर, यादगीर, बागलकोट, बेलगावी, धारवाड़, गदग, कोप्पल, रायचूर, उत्तर कन्नड़, हावेरी, विजयनगर, बल्लारी और दावणगेरे जैसे जिलों के साथ लगातार भेदभाव और उपेक्षा होती आई है। उन्होंने कहा कि उत्तर कर्नाटक संघर्ष समिति के हस्ताक्षर अभियान को उनका पूर्ण समर्थन है, ताकि इस क्षेत्र के विकास और अधिकारों की नई राह खुल सके।
![]()
उत्तर कर्नाटक के साथ भेदभाव के आरोप
कुडची विधायक राजू कागे ने कहा कि राज्य के एकीकरण के बाद से उत्तर कर्नाटक क्षेत्र को हमेशा उपेक्षा का सामना करना पड़ा है। उन्होंने दावा किया कि शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और बुनियादी ढांचे जैसे हर क्षेत्र में यहां के लोगों के साथ भेदभाव हुआ है। विधायक के अनुसार, विकास योजनाओं का केंद्र दक्षिण कर्नाटक तक सीमित रहा, जबकि उत्तर कर्नाटक को उसके हिस्से का लाभ नहीं मिला।
विधायक ने कहा कि एक अलग राज्य बनने से न सिर्फ क्षेत्र का संतुलित विकास संभव होगा, बल्कि यह एक गौरवशाली कन्नड़ भाषी राज्य के रूप में उभर सकता है। उन्होंने जोर देकर कहा कि यहां के लोग अब अपने अधिकार और आत्मसम्मान के लिए एकजुट हो चुके हैं और केंद्र सरकार से अलग राज्य की मांग कर रहे हैं।
केंद्र से राज्य गठन की सिफारिश की मांग
राजू कागे ने बताया कि उत्तर कर्नाटक संघर्ष समिति की ओर से यह मुद्दा कई बार केंद्र सरकार के सामने उठाया जा चुका है। इस साल तीन जनवरी को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और पांच जनवरी को प्रधानमंत्री कार्यालय को ज्ञापन सौंपा गया था। उन्होंने अपील की कि उत्तर कर्नाटक के 15 जिलों को मिलाकर एक अलग राज्य के गठन की सिफारिश केंद्र सरकार से की जाए।











