जर्मनी ने भारतीय यात्रियों के लिए वीज़ा-फ्री ट्रांज़िट की सुविधा की घोषणा की। अब भारतीय नागरिक जर्मनी एयरपोर्ट से गुजरते समय अलग से ट्रांज़िट वीज़ा के लिए आवेदन नहीं करेंगे, जिससे यात्रा आसान और तेज़ होगी।
Germany Visa-Free Transit: भारतीय नागरिकों के लिए बड़ी खुशखबरी है। अब जर्मनी के एयरपोर्ट से गुजरते समय भारत के पासपोर्ट धारकों को ट्रांज़िट वीज़ा (Transit Visa) की जरूरत नहीं होगी। यह सुविधा जर्मनी सरकार ने भारत-जर्मनी द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने और यात्रा को आसान बनाने के लिए शुरू की है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और जर्मनी के चांसलर फ्रेडरिक मर्ज़ के बीच हाल ही में हुई बैठक के बाद यह ऐलान किया गया।
वीज़ा-फ्री ट्रांज़िट का मतलब
सरल शब्दों में, वीज़ा-फ्री ट्रांज़िट का अर्थ है कि दूसरे देश की यात्रा के दौरान जर्मनी के एयरपोर्ट से गुजरने वाले भारतीय यात्रियों को अब अलग से ट्रांज़िट वीज़ा के लिए आवेदन करने की आवश्यकता नहीं होगी। इससे यात्राएं तेज़, आसान और कम कागज़ी कार्रवाई वाली होंगी। प्रधानमंत्री मोदी ने चांसलर मर्ज़ को इस सुविधा की घोषणा के लिए धन्यवाद दिया और इसे दोनों देशों के बीच बढ़ते सहयोग का प्रतीक बताया।
भारत-जर्मनी द्विपक्षीय संबंधों को मजबूती

इस फैसले को भारत-जर्मनी संयुक्त बयान में आधिकारिक रूप से जारी किया गया। यह बयान जर्मन चांसलर फ्रेडरिक मर्ज़ की 12-13 जनवरी की भारत यात्रा के बाद आया। यह मर्ज़ की भारत की पहली यात्रा थी और संघीय चांसलर के रूप में एशिया की भी पहली यात्रा थी। दोनों नेताओं ने भू-राजनीतिक चुनौतियों का सामना मिलकर करने और द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने का संकल्प लिया।
यात्रियों के आपसी संबंधों में वृद्धि
संयुक्त बयान में कहा गया कि यह कदम "न केवल भारतीय नागरिकों की यात्रा को आसान बनाएगा, बल्कि लोगों के आपसी संबंधों को भी मज़बूत करेगा।" दोनों देशों के बीच मजबूत लोगों के आपसी संबंध को रणनीतिक साझेदारी का एक महत्वपूर्ण स्तंभ बताया गया। यह कदम व्यापार, शिक्षा, पर्यटन और सांस्कृतिक आदान-प्रदान को बढ़ावा देगा।
शिक्षा और अनुसंधान में सहयोग
भारत-जर्मनी संबंधों में शिक्षा और कौशल विकास पर भी जोर दिया गया। दोनों नेताओं ने जर्मनी में भारतीय छात्रों की बढ़ती संख्या और उच्च शिक्षा संस्थानों के बीच सहयोग को सराहा। इसके अलावा, संयुक्त और दोहरी डिग्री कार्यक्रमों को बढ़ाने पर भी चर्चा हुई। भारत और जर्मनी ने एक व्यापक रोडमैप तैयार करने पर सहमति जताई, जिससे छात्रों और स्नातकों को जर्मनी के नौकरी बाजार में शामिल होने में मदद मिलेगी।
प्रौद्योगिकी और व्यावसायिक प्रशिक्षण

बैठक में भारतीय तकनीकी संस्थानों और जर्मन तकनीकी विश्वविद्यालयों के बीच संस्थागत संबंधों को भी प्रमुखता दी गई। दोनों पक्ष ने वर्कफ़ोर्स और कुशल पेशेवरों के आदान-प्रदान को बढ़ावा देने पर जोर दिया। इसके अलावा, जर्मन विश्वविद्यालयों को भारत में कैंपस खोलने के लिए आमंत्रित किया गया, ताकि उच्च शिक्षा और शोध में सहयोग और गहरा हो।
व्यापार और नवाचार में सहयोग
जर्मनी और भारत ने रक्षा, व्यापार, क्रिटिकल मिनरल्स और सेमीकंडक्टर जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने के उपायों की घोषणा की। दोनों देश भू-राजनीतिक और आर्थिक चुनौतियों का सामना मिलकर करने को तैयार हैं। इस दौरे और वीज़ा-फ्री ट्रांज़िट फैसले का उद्देश्य व्यापारिक संबंधों को और मज़बूत करना और निवेश को आसान बनाना भी है।
पर्यटन और सांस्कृतिक आदान-प्रदान
संयुक्त बयान में छात्रों, शोधकर्ताओं, कलाकारों और पर्यटकों के बढ़ते आदान-प्रदान का स्वागत किया गया। जर्मनी में भारतीय समुदाय के योगदान को भी सराहा गया, जो अर्थव्यवस्था, नवाचार और सांस्कृतिक जीवन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। दोनों देशों ने संस्कृति, युवा कार्यक्रमों और शिक्षा के माध्यम से आपसी समझ को और गहरा करने की आवश्यकता पर जोर दिया।










