30 जून को बिहार के कई जिलों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने कुछ क्षेत्रों में 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं, वज्रपात और मेघ गर्जन की भी चेतावनी दी है।
पटना: बिहार में 30 जून को मौसम का मिजाज बिगड़ा रह सकता है। मौसम विज्ञान केंद्र, पटना ने कई जिलों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश, तेज हवाओं और वज्रपात का अलर्ट जारी किया है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान आवश्यक सावधानियां बरतने की अपील की है।
कई जिलों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी
मौसम विज्ञान केंद्र, पटना के अनुसार सोमवार, 30 जून को बिहार के कई हिस्सों में अच्छी बारिश होने की संभावना है। पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण और गोपालगंज जिले के कुछ स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश हो सकती है। इसके अलावा दरभंगा, मधुबनी, शिवहर, सीतामढ़ी और वैशाली जिलों में भी एक-दो स्थानों पर भारी वर्षा होने का अनुमान जताया गया है।
![]()
मौसम विभाग का कहना है कि लगातार हो रही बारिश के कारण निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन सकती है। ऐसे क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।
50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं हवाएं
बारिश के साथ कई जिलों में तेज हवाएं और वज्रपात की भी संभावना जताई गई है। दक्षिण-मध्य बिहार के अरवल, भोजपुर और बक्सर जिलों में मेघ गर्जन के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
वहीं उत्तर-पूर्व और दक्षिण-पूर्व बिहार के कुछ जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने का अनुमान है। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों पर जाने से बचने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है।
विभिन्न क्षेत्रों में ऐसा रह सकता है तापमान
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार उत्तर-पश्चिम बिहार में अधिकतम तापमान 34 से 36 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 24 से 26 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
उत्तर-मध्य और दक्षिण-पश्चिम बिहार में अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। उत्तर-पूर्व बिहार में तापमान अपेक्षाकृत कम रह सकता है, जहां अधिकतम 30 से 32 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है। वहीं दक्षिण-मध्य और दक्षिण-पूर्व बिहार में अधिकतम तापमान 34 से 36 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग ने जारी की जरूरी सलाह
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। मेघ गर्जन या वज्रपात होने पर खुले मैदान, खेत या ऊंचे स्थानों पर जाने से बचें और किसी मजबूत पक्के भवन में शरण लें। बिजली के खंभों, बड़े पेड़ों और अन्य विद्युत संचालक वस्तुओं से दूरी बनाए रखें।
तेज हवाओं को देखते हुए अस्थायी ढांचों और कमजोर निर्माणों को सुरक्षित करने की सलाह भी दी गई है। साथ ही बिजली गिरने की आशंका के दौरान इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के प्लग निकालने और जलभराव या अचानक बाढ़ की संभावना वाले क्षेत्रों से दूर रहने की भी अपील की गई है। प्रशासन ने नागरिकों से मौसम विभाग द्वारा जारी ताजा अपडेट पर नजर बनाए रखने और आवश्यकता पड़ने पर स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन करने को कहा है।









