बोकारो चुनाव में महिला उम्मीदवारों का दबदबा, फुसरो में रेणु देवी ने जीती उपाध्यक्ष की सीट

चास नगर निगम में पूजा कुमारी ने उपमहापौर का चुनाव जीता, फुसरो में रेणु देवी बनीं उपाध्यक्ष। भाजपा की रणनीति स्थानीय समीकरणों के सामने नाकाम।

चास नगर निगम में पूजा कुमारी ने 19 मतों से उपमहापौर पद जीतकर भाजपा को झटका दिया। फुसरो नगर परिषद में रेणु देवी एक मत की अंतर से उपाध्यक्ष चुनी गईं। दोनों चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुए।

बोकारो चुनाव 2026: चास नगर निगम के उपमहापौर पद के लिए हुए अप्रत्यक्ष चुनाव में पूजा कुमारी ने भाजपा को बड़ा झटका दिया। वार्ड संख्या 22 की पूजा कुमारी ने वार्ड संख्या 15 के अमर स्वर्णकार को हराकर इस पद पर कब्जा जमाया। चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई और प्रशासन की निगरानी में कुल 35 वार्ड पार्षदों में से 33 ने वैध मत डाले।

परिणामों के अनुसार, पूजा कुमारी को 19 मत मिले, जबकि अमर स्वर्णकार को 14 मत प्राप्त हुए। निर्वाची पदाधिकारी सह एसडीओ प्रांजल ढांडा ने पूजा कुमारी को विजयी घोषित करते हुए उन्हें प्रमाण पत्र सौंपा।

भाजपा की रणनीति नाकाम रही

उपमहापौर चुनाव में भाजपा की पूरी रणनीति फेल साबित हुई। पार्टी समर्थित प्रत्याशी अमर स्वर्णकार, जो भाजपा नेता और सांसद ढुलू महतो के प्रतिनिधि हैं, वार्ड पार्षदों को अपने पक्ष में लामबंद करने में सफल नहीं हो सके। अंदरूनी समीकरण और कुछ पार्षदों की क्रॉस वोटिंग ने भाजपा की उम्मीदों पर पानी फेर दिया।

बोकारो चुनाव में महिला उम्मीदवारों का दबदबा, फुसरो में रेणु देवी ने जीती उपाध्यक्ष की सीट

विश्लेषकों का मानना है कि यह परिणाम दर्शाता है कि स्थानीय चुनाव में दलगत रणनीति से ज्यादा व्यक्तिगत और वार्ड स्तर के समीकरण प्रभावी रहते हैं। जिस तरह महापौर और अध्यक्ष के चुनाव में भाजपा के उम्मीदवार दूसरे स्थान पर रहे थे, उसी तरह उपमहापौर चुनाव में भी उनके समर्थकों का प्रदर्शन कमजोर रहा।

उपमहापौर को शपथ दिलाई गई

परिणाम घोषित होने के बाद नव निर्वाचित महापौर भोलू पासवान ने पूजा कुमारी को उपमहापौर पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस अवसर पर पार्षदों और समर्थकों ने उनका जोरदार स्वागत किया। समारोह में सहायक निर्वाची पदाधिकारी सह बीडीओ प्रदीप कुमार, पंकज दुबे और सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद थे।

फुसरो नगर परिषद में कांटे की टक्कर

वहीं, फुसरो नगर परिषद में उपाध्यक्ष पद के लिए चुनाव और भी रोमांचक रहा। वार्ड संख्या 01 की रेणु देवी ने एक मत की अंतर से जीत दर्ज की। उन्हें 14 मत मिले, जबकि वार्ड संख्या 16 की रश्मि सिंह को 13 मत प्राप्त हुए।

निर्वाची पदाधिकारी सह एसडीओ बेरमो मुकेश मछुआ ने रेणु देवी को निर्वाचित घोषित किया। इसके बाद अध्यक्ष निर्मला देवी ने उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।

Leave a comment