बांदा में बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर गैस सिलिंडर से भरे DCM से स्कॉर्पियो की टक्कर में चार लोगों की मौत हो गई। हादसे में एक युवती घायल हुई है और मृतकों की पहचान की कोशिश जारी है।
बांदा: उत्तर प्रदेश के बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर गुरुवार सुबह बड़ा सड़क हादसा हो गया। देहात कोतवाली क्षेत्र के हथौरा गांव के पास गैस सिलिंडर से भरे DCM में पीछे से स्कॉर्पियो की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवती घायल हो गई। पुलिस के मुताबिक शुरुआती जांच में चालक को झपकी आने की आशंका जताई जा रही है।
एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार में हुआ हादसा
बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर गुरुवार सुबह करीब 9:30 बजे यह हादसा हुआ। जानकारी के मुताबिक, स्कॉर्पियो वाहन पीछे से गैस सिलिंडर लदे DCM से टकरा गया। टक्कर इतनी तेज थी कि स्कॉर्पियो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग अंदर फंस गए।
![]()
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत टीम मौके पर पहुंची और वाहन में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया।
अस्पताल पहुंचने से पहले गई चार लोगों की जान
हादसे में एक 45 वर्षीय महिला की मौके पर ही मौत हो गई थी। वहीं वाहन में फंसे तीन अन्य लोगों को निकालकर जिला अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
एक 20 वर्षीय युवती घायल मिली, जिसे एंबुलेंस की मदद से अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि वह अभी हादसे के बारे में स्पष्ट जानकारी देने की स्थिति में नहीं है।
चालक को झपकी आने की आशंका
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, शुरुआती जांच में ड्राइवर को झपकी आने की वजह से हादसा होने की आशंका जताई जा रही है। Shivraj ने बताया कि मृतकों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हादसे से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।









