चीन ने GJ-11 स्टील्थ ड्रोन का वीडियो जारी किया। J-20 फाइटर के साथ उड़ान भरते हुए यह ड्रोन जासूसी और सटीक हमलों के लिए तैयार है। भारत-चीन सीमा पर सुरक्षा चुनौती बढ़ी, अमेरिका भी सतर्क।
China GJ-11 Drone: चीन ने अपनी हवाई ताकत में नए आयाम जोड़ते हुए अत्याधुनिक स्टील्थ ड्रोन GJ-11 का वीडियो जारी किया है, जिसने ग्लोबल स्तर पर चर्चा छेड़ दी है। इस वीडियो में GJ-11 ड्रोन चीन के J-20 स्टील्थ फाइटर और J-16D इलेक्ट्रॉनिक अटैक जेट के साथ उड़ान भरते हुए नजर आ रहा है। रक्षा विशेषज्ञ इसे चीन की नई सैन्य नीति का गेम-चेंजर कदम मान रहे हैं।
GJ-11: रहस्यमई ड्रैगन की विशेषताएं
GJ-11 को रहस्यमई ड्रैगन या फैंटेसी ड्रैगन कहा जाता है। यह एडवांस Unmanned Combat Aerial Vehicle (UCAV) है, जिसे दुश्मन के इलाके में गुप्त मिशन चलाने, जासूसी करने और सटीक हमले करने के लिए डिजाइन किया गया है। इसका चमगादड़ जैसा आकार और स्टील्थ डिजाइन इसे रडार से छुपने में सक्षम बनाता है। हाई-स्पीड उड़ान और लॉन्ग-रेंज अटैक सिस्टम इसे आधुनिक युद्ध की मांगों के लिए तैयार करते हैं। रक्षा विशेषज्ञों का कहना है कि इसकी क्षमता अमेरिका के F-35 जेट से भी अधिक एडवांस है।
J-20 फाइटर और GJ-11 का संयुक्त ऑपरेशन
चीन की नई सैन्य रणनीति के तहत J-20 फाइटर जेट और GJ-11 ड्रोन मिलकर मिशन करेंगे। J-20 के दो सीटों वाले वर्जन में पायलट ड्रोन को रिमोटली कंट्रोल करेगा, जिससे इंसान और मशीन के बीच तालमेल सुनिश्चित होगा। विशेषज्ञ मानते हैं कि यह वीडियो इस ड्रोन के ऑपरेशनल सर्विस में आने का संकेत है और चीन अब मानवरहित स्टील्थ स्क्वाड्रन बनाने की दिशा में तेजी से काम कर रहा है।
![]()
भारत के लिए सुरक्षा चुनौती
अमेरिकी रक्षा विश्लेषण वेबसाइट द वॉर जोन के अनुसार, GJ-11 ड्रोन तिब्बत क्षेत्र के शिगात्से एयरबेस पर तैनात हैं, जो भारत-चीन सीमा के नजदीक है। विशेषज्ञों का मानना है कि चीन इन ड्रोन का उपयोग सीमावर्ती निगरानी और संभावित हवाई अभियानों की तैयारी के लिए कर रहा है। यह भारत के लिए सुरक्षा दृष्टि से नया खतरा हो सकता है और सीमावर्ती इलाकों में सतर्कता बढ़ाने की जरूरत है।
GJ-11 का पहला प्रोटोटाइप वर्ष 2013 में बनाया गया था। छह साल बाद 2019 की बीजिंग सैन्य परेड में इसका अत्याधुनिक मॉडल पेश किया गया। नए वर्जन में रियर डिजाइन और एग्जॉस्ट सिस्टम में बदलाव किया गया है, जिससे रडार सिग्नल पूरी तरह छिप जाते हैं और ड्रोन दुश्मन की निगाहों से लगभग अदृश्य हो जाता है।
नौसेना संस्करण की तैयारी
रिपोर्ट्स के मुताबिक, चीन GJ-11 का नौसेना संस्करण भी तैयार कर रहा है। यह एयरक्राफ्ट कैरियर से उड़ान भरने में सक्षम होगा। अगर ऐसा होता है, तो चीन की नौसैनिक ताकत में कई गुना वृद्धि होगी और यह ड्रोन समुद्री सीमाओं पर निगरानी और हमले दोनों के लिए इस्तेमाल किया जा सकेगा।
अमेरिका अपने नेक्स्ट-जेनरेशन स्टील्थ ड्रोन प्रोजेक्ट्स को गुप्त रखता है, लेकिन GJ-11 की क्षमताओं ने अमेरिकी रक्षा एजेंसियों को सतर्क कर दिया है। अमेरिकी विशेषज्ञ मानते हैं कि यह ड्रोन भविष्य के हवाई युद्धों में सामरिक संतुलन को प्रभावित कर सकता है। अमेरिका भी अब समान श्रेणी के हाई-टेक UCAV सिस्टम पर तेजी से काम कर रहा है।











