दिल्ली पुलिस ने 99 हजार रुपये की साइबर ठगी के मामले का खुलासा करते हुए राजस्थान के झुंझुनू से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं, सरिता विहार पुलिस ने एक पुराने मामले में घोषित अपराधी को भी दबोच लिया।
New Delhi: दिल्ली पुलिस के सरिता विहार जोन को दो अलग-अलग मामलों में बड़ी सफलता मिली है। ओखला इंडस्ट्रियल एरिया थाना पुलिस ने फिशिंग लिंक के जरिए 99 हजार रुपये की ऑनलाइन ठगी करने वाले तीन साइबर आरोपियों को राजस्थान से गिरफ्तार किया है। वहीं, एक अन्य कार्रवाई में लंबे समय से फरार चल रहे एक घोषित अपराधी को भी पुलिस ने दबोच लिया।
घोषित अपराधी को पुलिस ने किया गिरफ्तार
सरिता विहार थाना पुलिस ने वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर गठित विशेष टीम की मदद से एक घोषित अपराधी (पीओ) को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान 45 वर्षीय नितिन सिंह के रूप में हुई है, जो दिल्ली के विश्वास नगर क्षेत्र का निवासी है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ फर्श बाजार थाने में मामला दर्ज था। न्यायिक प्रक्रिया के दौरान अदालत में पेश नहीं होने पर उसे 1 अप्रैल को घोषित अपराधी करार दिया गया था। पुलिस ने लगातार निगरानी और सूचना तंत्र के आधार पर उसे गिरफ्तार कर लिया।
फिशिंग लिंक के जरिए खाते से उड़ाए 99 हजार रुपये
दूसरे मामले में ओखला इंडस्ट्रियल एरिया थाना पुलिस ने साइबर ठगी के एक मामले का पर्दाफाश किया। पीड़ित अनूप हलधर को मोबाइल पर एक फिशिंग लिंक भेजा गया था। लिंक पर क्लिक करते ही उनके कोटक महिंद्रा बैंक खाते से यूपीआई के माध्यम से 99 हजार रुपये निकाल लिए गए।
ठगी का पता चलते ही पीड़ित ने राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और डिजिटल ट्रेल के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने में सफलता हासिल की।
राजस्थान से तीन आरोपी गिरफ्तार
जांच के दौरान पुलिस टीम ने धनराशि प्राप्त करने वाले बैंक खाते की पहचान की, जिसके तार राजस्थान के झुंझुनू जिले से जुड़े मिले। पुलिस ने वहां पहुंचकर सबसे पहले रजत नामक युवक को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसके दो अन्य साथियों मितेश और मनोज कुमार के नाम सामने आए।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने अपने मोबाइल फोन बंद रखे थे और केवल व्हाट्सएप व वॉइस कॉल के जरिए संपर्क कर रहे थे ताकि उनकी लोकेशन ट्रेस न हो सके। हालांकि तकनीकी निगरानी की मदद से पुलिस ने दोनों को नवलगढ़ स्थित किराये के मकान से गिरफ्तार कर लिया।
नकदी और डिजिटल साक्ष्य बरामद
गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 21 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं। इसके अलावा पुलिस ने व्हाट्सएप चैट, बैंक पासबुक, आधार कार्ड और अन्य डिजिटल साक्ष्य भी जब्त किए हैं।
पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि वे किसी बड़े साइबर गिरोह से जुड़े हैं या नहीं। साथ ही उनके खिलाफ दर्ज अन्य मामलों की भी जांच की जा रही है।









