दुर्ग के कुम्हारी थाना क्षेत्र में जियो पेट्रोल पंप के पीछे अज्ञात युवक का शव मिला। पुलिस ने हत्या या मारपीट की आशंका से इनकार किया और प्रारंभिक जांच में मौत हार्ट अटैक से होने की संभावना जताई।
Chhattisgarh: रविवार रात दुर्ग के कुम्हारी थाना क्षेत्र में जियो पेट्रोल पंप के पीछे एक युवक का शव संदिग्ध हालत में मिला। युवक की उम्र लगभग 27-30 वर्ष आंकी गई। मौके पर उसकी शर्ट खुली हुई और बेल्ट भी खुली मिली। शरीर पर कोई चोट के निशान नहीं थे, जिससे पुलिस ने प्रारंभिक तौर पर हत्या या मारपीट की आशंका से इनकार किया।
पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी।
शव की पहचान नहीं हो पाई
कुम्हारी थाना प्रभारी ने बताया कि अभी तक युवक की पहचान नहीं हो पाई है। आसपास के इलाकों में युवक की जानकारी जुटाने के लिए पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि युवक यहाँ कैसे आया और उसका परिवार कौन है।
CSP छावनी प्रशांत पैकरा ने कहा कि प्रारंभिक जांच में यह मामला हार्ट अटैक से मौत का प्रतीत होता है। उन्होंने बताया कि युवक वॉशरूम के लिए गया होगा और अचानक हार्ट अटैक आने पर उसने जूते उतारे और गर्मी के कारण शर्ट के बटन खोल दिए। इसी अवस्था में वह लेट गया और मौत हो गई।
पोस्टमॉर्टम से मौत का कारण स्पष्ट होगा
पुलिस ने कहा कि शव की स्थिति और आसपास के साक्ष्य फिलहाल किसी आपराधिक घटना के संकेत नहीं दे रहे हैं। हालांकि, शव के सही कारण का पता पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।
पुलिस ने आसपास के लोगों से लगातार पूछताछ शुरू कर दी है ताकि मृतक युवक की पहचान की जा सके और यह पता लगाया जा सके कि वह किस जगह का रहने वाला था और किससे जुड़ा था। स्थानीय लोगों से मिली जानकारी और जांच के अन्य सुरागों के आधार पर पुलिस इस मामले की हर पहलू पर ध्यान दे रही है। मामला अभी स्पष्ट नहीं है।











