E-20 पेट्रोल पर बढ़ी चिंता, फ्यूल टैंक में जंग और इंजन पार्ट्स खराब होने की शिकायतें बढ़ीं

E-20 पेट्रोल को लेकर फ्यूल टैंक में जंग, इंजन पार्ट्स खराब होने और माइलेज घटने की शिकायतें बढ़ी हैं। विशेषज्ञों ने पुराने वाहनों के लिए सावधानी बरतने की सलाह दी।

कानपुर में ई-20 पेट्रोल से फ्यूल टैंक में जंग, इंजन पार्ट्स खराब होने और माइलेज घटने की शिकायतें सामने आई हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि अधिक इथेनोल मिश्रण पुराने वाहनों के लिए परेशानी बढ़ा सकता है।

कानपुर: ई-20 पेट्रोल को लेकर वाहन चालकों की चिंताएं बढ़ती नजर आ रही हैं। फ्यूल टैंक में जंग, इंजन के पुर्जों को नुकसान और माइलेज में कमी जैसी शिकायतों के बीच विशेषज्ञों का कहना है कि अधिक इथेनोल मिश्रण वाले ईंधन के लिए सभी वाहन तकनीकी रूप से तैयार नहीं हैं, जिससे रखरखाव का खर्च बढ़ सकता है।

E-20 पेट्रोल को लेकर बढ़ीं वाहन चालकों की चिंताएं

E-20 पेट्रोल पर बढ़ी चिंता, फ्यूल टैंक में जंग और इंजन पार्ट्स खराब होने की शिकायतें बढ़ीं

ई-20 पेट्रोल को लेकर अब नई तरह की शिकायतें सामने आने लगी हैं। पहले जहां वाहन मालिक माइलेज कम होने की बात कर रहे थे, वहीं अब फ्यूल टैंक में जंग लगने, इंजन के पुर्जों के खराब होने और मरम्मत का खर्च बढ़ने की आशंका भी जताई जा रही है। कई वाहन चालकों का दावा है कि नियमित सर्विसिंग के बावजूद उनके वाहनों में ऐसी समस्याएं सामने आई हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि इन शिकायतों के पीछे इथेनोल के गुण और वाहनों की तकनीकी क्षमता महत्वपूर्ण कारण हो सकते हैं।

विशेषज्ञों ने बताया जंग और नुकसान की वजह

राष्ट्रीय शर्करा संस्थान के पूर्व निदेशक प्रो. नरेंद्र मोहन अग्रवाल के अनुसार, पेट्रोल और इथेनोल का घनत्व अलग-अलग होता है। इथेनोल का हाइग्रोस्कोपिक यानी नमी को आकर्षित करने वाला गुण उसे फ्यूल टैंक में नीचे जमा होने और नमी खींचने के लिए जिम्मेदार बनाता है। इससे फ्यूल टैंक, पिस्टन और ईंधन प्रणाली के अन्य हिस्सों में जंग लगने का खतरा बढ़ सकता है। उनका कहना है कि इथेनोल रबर और प्लास्टिक से बने कई पुर्जों को भी प्रभावित कर सकता है, जिससे वाहन की कार्यक्षमता पर असर पड़ता है।

विशेषज्ञों का यह भी कहना है कि यदि किसी वाहन का इंजन कम इथेनोल मिश्रण वाले पेट्रोल के लिए डिजाइन किया गया है और उसमें ई-20 पेट्रोल का उपयोग किया जाता है, तो जंग और अन्य तकनीकी समस्याओं की संभावना बढ़ सकती है। उनका सुझाव है कि भारत में भी ब्राजील की तरह अलग-अलग इथेनोल मिश्रण वाले पेट्रोल का विकल्प उपलब्ध कराया जाना चाहिए, ताकि वाहन मालिक अपने वाहन के अनुसार ईंधन का चयन कर सकें।

वाहन मालिकों ने साझा किए अनुभव

कानपुर के कई वाहन चालकों ने भी ऐसी समस्याओं का सामना करने का दावा किया है। बर्रा निवासी नितिन मिश्रा के अनुसार, स्कूटी की सर्विस कराने के कुछ दिन बाद ही वाहन अचानक बंद हो गया। जांच में फ्यूल टैंक के भीतर जंग और गंदगी मिलने की बात सामने आई। वहीं साकेत नगर निवासी अनमोल भट्ट ने बताया कि उनकी एसयूवी का माइलेज लगातार कम हो रहा था। सर्विस सेंटर में जांच के दौरान इंजन और अन्य हिस्सों में जंग मिलने की जानकारी दी गई।

ऑटोमोबाइल विशेषज्ञों के मुताबिक, इथेनोल पिस्टन ब्लॉक, पिस्टन रिंग, इनलेट और एग्जॉस्ट वाल्व जैसे हिस्सों पर भी असर डाल सकता है। इससे इंजन की ऑयल कोटिंग प्रभावित होती है और धीरे-धीरे इंजन की परफॉर्मेंस में गिरावट आ सकती है।

इंश्योरेंस और वारंटी को लेकर भी बढ़ी परेशानी

वाहन बीमा विशेषज्ञों का कहना है कि इस तरह की खराबियों को आमतौर पर मैकेनिकल फेल्योर माना जाता है, इसलिए अधिकांश बीमा कंपनियां इन्हें इंश्योरेंस क्लेम में शामिल नहीं करतीं। दूसरी ओर, कई वाहन निर्माता कंपनियां ऐसी समस्याओं को नमी या सामान्य उपयोग से जुड़ा कारण बताकर वारंटी देने से भी बचती हैं। इससे वाहन मालिकों पर मरम्मत का पूरा खर्च आने की आशंका रहती है।

ऑटोमोबाइल विशेषज्ञ अमित द्विवेदी का कहना है कि बीएस-4 से पहले के अधिकांश वाहन ई-20 पेट्रोल के लिए डिजाइन नहीं किए गए थे। ऐसे में सरकार को पुराने वाहनों के लिए उनकी तकनीकी क्षमता के अनुरूप ईंधन उपलब्ध कराने पर विचार करना चाहिए। साथ ही ई-5, ई-10 और ई-20 जैसे अलग-अलग विकल्प पेट्रोल पंपों पर उपलब्ध कराने से वाहन मालिकों को सुविधा मिल सकती है। विशेषज्ञों का मानना है कि ई-20 के व्यापक उपयोग के लिए फ्यूल सिस्टम में एंटी-करोशन तकनीक, बेहतर गैसकेट, मजबूत सील्स और इंजन ट्यूनिंग जैसे तकनीकी सुधार भी आवश्यक हैं।

Leave a comment