पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने स्वीकार किया कि बलूचिस्तान में BLA के हमलों के कारण सेना को गंभीर चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। विशाल भौगोलिक क्षेत्र और लगातार हिंसा से सुरक्षा हालात और जटिल हुए हैं।
Pakistan: पाकिस्तान के अशांत प्रांत बलूचिस्तान में सुरक्षा स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है। अब इस मुद्दे पर खुद पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने खुलकर स्वीकार किया है कि बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) के लड़ाकों के सामने पाकिस्तानी सेना को गंभीर मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने माना कि सेना इस क्षेत्र में पूरी तरह प्रभावी नियंत्रण बनाए रखने में कमजोर पड़ रही है और इसके पीछे भौगोलिक विस्तार तथा सैनिकों की शारीरिक सीमाएं बड़ी वजह हैं।
ख्वाजा आसिफ का यह बयान ऐसे समय में सामने आया है, जब हाल के दिनों में बलूच बागियों ने एक साथ कई शहरों में हमले कर पाकिस्तान की सुरक्षा व्यवस्था को हिला कर रख दिया है। इन हमलों में बड़ी संख्या में सुरक्षाकर्मी मारे गए हैं और सरकारी संपत्तियों को भारी नुकसान पहुंचा है।
बलूचिस्तान का विशाल क्षेत्र बना सेना के लिए चुनौती
रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने कहा कि बलूचिस्तान भौगोलिक रूप से पाकिस्तान का सबसे बड़ा प्रांत है, जो देश के कुल क्षेत्रफल का 40 प्रतिशत से अधिक हिस्सा घेरता है। उन्होंने साफ कहा कि इतने बड़े और दुर्गम इलाके को कंट्रोल करना किसी घनी आबादी वाले शहर से कहीं ज्यादा मुश्किल है।
ख्वाजा आसिफ के मुताबिक, बलूचिस्तान में पहाड़ी इलाके, रेगिस्तान और दूर-दराज फैले गांव सुरक्षा बलों के लिए बड़ी चुनौती बन चुके हैं। इन क्षेत्रों में लगातार पेट्रोलिंग करना और हर जगह सेना की मौजूदगी सुनिश्चित करना बेहद कठिन है। उन्होंने कहा कि सैनिक वहां तैनात तो हैं, लेकिन लंबे समय तक भारी दबाव में काम करने के कारण उन्हें शारीरिक रूप से दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
एक साथ हमलों ने बढ़ाया सुरक्षा संकट
हाल ही में बलूच लिबरेशन आर्मी के लड़ाकों ने बलूचिस्तान में कम से कम 12 अलग-अलग जगहों पर एक साथ हमले किए। इन समन्वित हमलों को हाल के वर्षों का सबसे गंभीर सुरक्षा संकट माना जा रहा है।
इन हमलों में कम से कम 80 सुरक्षाकर्मियों की मौत की बात सामने आई है, जबकि 30 से ज्यादा सरकारी इमारतों और संपत्तियों को नुकसान पहुंचाया गया। सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार, हमलों का उद्देश्य यह दिखाना था कि बलूच बागी अब ज्यादा संगठित और आक्रामक हो चुके हैं।
![]()
बीएलए से बातचीत पर साफ इनकार
ख्वाजा आसिफ ने यह भी स्पष्ट कर दिया कि पाकिस्तान सरकार बलूच लिबरेशन आर्मी से किसी भी तरह की बातचीत नहीं करेगी। उन्होंने बीएलए को “आतंकवादी संगठन” बताते हुए कहा कि जो समूह महिलाओं, बच्चों और आम नागरिकों को निशाना बनाते हैं, उनसे बातचीत का कोई सवाल ही नहीं उठता।
उन्होंने कहा कि सरकार का रुख बिल्कुल साफ है और ऐसे संगठनों के खिलाफ सिर्फ सख्त कार्रवाई ही की जाएगी। रक्षा मंत्री के इस बयान से यह संकेत मिलता है कि आने वाले समय में बलूचिस्तान में सैन्य अभियान और तेज हो सकते हैं।
अपराधियों और अलगाववादी समूहों की सांठगांठ का दावा
पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ने यह भी दावा किया कि बलूचिस्तान में अपराधी गिरोह और अलगाववादी समूह आपस में मिलकर काम कर रहे हैं। उनके अनुसार, कई आपराधिक गैंग बीएलए के नाम और बैनर का इस्तेमाल कर गतिविधियां चला रहे हैं।
ख्वाजा आसिफ ने आरोप लगाया कि इस नेटवर्क में कुछ कबायली बुजुर्ग, नौकरशाही से जुड़े लोग और अलगाववादी आंदोलन के नेता शामिल हैं। उन्होंने यह भी कहा कि पहले तेल की तस्करी से जुड़े गिरोह हर दिन अरबों पाकिस्तानी रुपये कमा रहे थे और इस पैसे का इस्तेमाल हिंसक गतिविधियों को बढ़ाने में किया गया।
आतंकवाद विरोधी अभियानों का दावा
पाकिस्तानी अधिकारियों का कहना है कि हालिया हमलों के बाद पूरे बलूचिस्तान में बड़े पैमाने पर आतंकवाद विरोधी अभियान चलाए गए हैं। सरकार के मुताबिक, इन अभियानों में अब तक कम से कम 177 विद्रोहियों को मार गिराया गया है।
हालांकि, इन अभियानों के बावजूद हिंसा थमने का नाम नहीं ले रही है। आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, हाल की झड़पों और हमलों में कम से कम 33 आम नागरिक और 17 सुरक्षाबलों के जवानों की मौत हो चुकी है।











