फ्लैगशिप स्मार्टफोन प्रीमियम फीचर्स और स्टेटस जरूर देते हैं, लेकिन इनके साथ तेजी से गिरती कीमत, महंगी रिपेयरिंग और गैरजरूरी फीचर्स जैसी बड़ी परेशानियां भी जुड़ी हैं. खरीदने से पहले यूजर्स के लिए यह समझना जरूरी है कि महंगा फोन हर किसी के लिए फायदेमंद नहीं होता.
Flagship Phone Disadvantages: आज के दौर में फ्लैगशिप स्मार्टफोन हाई-एंड कैमरा, तेज प्रोसेसर और प्रीमियम डिजाइन के चलते लोगों की पहली पसंद बन रहे हैं. भारत समेत दुनियाभर में बड़ी संख्या में यूजर्स इन्हें स्टेटस सिंबल के तौर पर खरीद रहे हैं. हालांकि, विशेषज्ञों के मुताबिक इन महंगे फोन की कीमत कुछ ही महीनों में तेजी से गिरती है, रिपेयरिंग खर्च काफी ज्यादा होता है और कई एडवांस फीचर्स रोजमर्रा के इस्तेमाल में काम नहीं आते. ऐसे में सवाल यह है कि क्या फ्लैगशिप फोन हर यूजर की जरूरत को पूरा करता है या नहीं.
महंगे फ्लैगशिप फोन खरीदने से पहले ठहरकर सोचें
फ्लैगशिप स्मार्टफोन आज सिर्फ टेक्नोलॉजी नहीं, बल्कि स्टेटस सिंबल बन चुके हैं. तेज प्रोसेसर, हाई-एंड कैमरा और प्रीमियम डिजाइन के नाम पर लोग लाखों रुपये खर्च कर देते हैं. लेकिन जितने फायदे इन महंगे फोन के बताए जाते हैं, उतने ही बड़े नुकसान भी हैं, जिन पर अक्सर ध्यान नहीं दिया जाता. अगर आप भी नया फ्लैगशिप फोन खरीदने की सोच रहे हैं, तो इसके नुकसान जानना जरूरी है.

कीमत तेजी से गिरना सबसे बड़ा झटका
फ्लैगशिप फोन का सबसे बड़ा नुकसान उसकी तेजी से गिरती कीमत है. जैसे ही किसी कंपनी की नई सीरीज लॉन्च होती है, पुराने मॉडल की कीमत में भारी कटौती हो जाती है. खासतौर पर सैमसंग और ऐप्पल जैसे ब्रांड्स में यह ट्रेंड साफ दिखाई देता है.
इसका सीधा असर यूजर की जेब पर पड़ता है. जो फोन आपने कुछ महीने पहले एक लाख रुपये से ज्यादा में खरीदा होता है, उसकी रीसेल वैल्यू अचानक आधी से भी कम रह जाती है. यानी नया फोन खरीदते समय आप सबसे ज्यादा नुकसान उठाने वाले पहले ग्राहक बन जाते हैं.
महंगी रिपेयरिंग और मेंटेनेंस
महंगा फोन खरीदना जितना आसान लगता है, उतना ही मुश्किल उसका रखरखाव होता है. फ्लैगशिप फोन की स्क्रीन, बैक पैनल या कैमरा मॉड्यूल खराब होने पर रिपेयरिंग का खर्च हजारों नहीं, बल्कि 30 से 40 हजार रुपये तक पहुंच सकता है.
कई मामलों में तो रिपेयरिंग की कीमत में एक अच्छा मिड-रेंज स्मार्टफोन खरीदा जा सकता है. यही वजह है कि फ्लैगशिप फोन यूज करने वालों को हमेशा फोन गिरने या खराब होने का डर बना रहता है, जो रोजमर्रा के इस्तेमाल का मजा कम कर देता है.
ऐसे फीचर्स जिनका इस्तेमाल ही नहीं होता
फ्लैगशिप फोन में कंपनियां फीचर्स की भरमार कर देती हैं. 100x जूम कैमरा, 8K वीडियो रिकॉर्डिंग, सैटेलाइट कनेक्टिविटी जैसे फीचर्स सुनने में भले ही शानदार लगें, लेकिन हकीकत में ज्यादातर यूजर्स इनका इस्तेमाल ही नहीं करते.
डेली यूज में कॉलिंग, सोशल मीडिया, कैमरा और कुछ ऐप्स से ज्यादा फोन का इस्तेमाल सीमित रहता है. ऐसे में सवाल उठता है कि क्या उन फीचर्स के लिए अतिरिक्त हजारों रुपये खर्च करना वाकई समझदारी है, जिनकी जरूरत ही नहीं पड़ती.









