मुंबई से प्रेमी को खोजते गाजीपुर पहुंची युवती, राशन कार्ड के पते से मिला घर

मुंबई की युवती राशन कार्ड के पते से गाजीपुर के गांव पहुंची। प्रेमी के घर पहुंचने पर हंगामा हुआ, पुलिस ने समझौता कर मामला शांत कराया।

गाजीपुर के अरखपुर गांव में मुंबई से आई युवती अपने प्रेमी की तलाश में उसके घर पहुंच गई। राशन कार्ड के पते के सहारे गांव पहुंची युवती को लेकर देर रात तक हंगामा और पुलिस समझौता चलता रहा।

 उत्तर प्रदेश : बिरनो थाना क्षेत्र के अरखपुर गांव में उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब मुंबई से आई एक युवती अपने कथित प्रेमी के घर पहुंच गई। युवती ने खुद को युवक की लिव-इन पार्टनर बताया और कहा कि राशन कार्ड पर लिखे पते के जरिए वह गांव तक पहुंची है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों से बातचीत की।

राशन कार्ड के पते से गांव पहुंची युवती

मुंबई में रहने वाली एक युवती गाजीपुर के अरखपुर गांव पहुंची और राहुल चौहान नाम के युवक को अपना प्रेमी बताया। युवती का दावा है कि दोनों पिछले दो वर्षों से लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे थे।

उसने बताया कि करीब 15 दिन पहले राहुल ने शादी में शामिल होने की बात कहकर गांव आने की जानकारी दी थी। इसके बाद उसने युवती का नंबर ब्लॉक कर दिया। युवती के पास राहुल के राशन कार्ड की कॉपी थी, जिसके पते के आधार पर वह गांव पहुंच गई।

घर पहुंचने पर बढ़ा तनाव

अचानक युवती के घर पहुंचने से राहुल के परिवार वाले परेशान हो गए। युवती घर में प्रवेश करना चाहती थी, लेकिन परिवार ने इसका विरोध किया। कुछ ही देर में गांव में यह बात फैल गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए।

गांव में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया। स्थिति को देखते हुए किसी ने डायल 112 पर सूचना दी।

पुलिस ने कराया समझौता

सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाने की कोशिश की। काफी देर तक बातचीत चलने के बाद युवक के पिता युवती को एक रात घर में रुकने देने के लिए तैयार हो गए।

पुलिस ने यह फैसला युवती की सुरक्षा और गांव में उसकी किसी स्थानीय पहचान न होने को ध्यान में रखते हुए कराया। अगले दिन सुबह भी गांव में लोगों की भीड़ युवती को देखने के लिए जुटी रही।

Leave a comment