Google ने Pixel 11 Pro Fold का आधिकारिक डिजाइन लॉन्च से पहले टीज कर दिया है। नया फोल्डेबल स्मार्टफोन 12 अगस्त को Pixel 11 सीरीज के साथ लॉन्च होगा और इसमें Gemini AI, Tensor G6 चिप समेत कई नए फीचर्स मिलने की उम्मीद है।
Tech: Google ने अपने आगामी Google Pixel 11 Pro Fold का डिजाइन आधिकारिक तौर पर टीज कर दिया है। कंपनी 12 अगस्त को आयोजित Made by Google इवेंट में इस फोल्डेबल स्मार्टफोन को Pixel 11 और Pixel 11 Pro के साथ लॉन्च करेगी। लॉन्च से पहले सामने आए टीजर में कैमरा डिजाइन और फोन के लुक में कुछ नए बदलाव देखने को मिले मिले हैं।
लॉन्च से पहले सामने आया Pixel 11 Pro Fold का डिजाइन

Google ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर Pixel 11 Pro Fold की पहली झलक साझा कर दी है। कंपनी द्वारा जारी टीजर में फोन का रियर डिजाइन साफ दिखाई देता है। इस बार भी फोल्डेबल फोन में स्क्वायर शेप वाला कैमरा मॉड्यूल रखा गया है, लेकिन कैमरा आइलैंड के डिजाइन में कुछ बदलाव किए गए हैं। कैमरा लेंस के लिए दो बड़े पिल-शेप कटआउट दिए गए हैं, जो पिछले मॉडल की तुलना में अलग दिखाई देते हैं। फोन के बैक पैनल पर बीच में Google का 'G' लोगो मौजूद है, जबकि पावर बटन और वॉल्यूम कीज़ दाईं ओर दी गई हैं।
12 अगस्त को होगा ग्लोबल लॉन्च
Google का नया फोल्डेबल स्मार्टफोन 12 अगस्त को आयोजित Made by Google इवेंट में लॉन्च किया जाएगा। इसी इवेंट में कंपनी Pixel 11 और Pixel 11 Pro स्मार्टफोन भी पेश करेगी। भारत सहित कई वैश्विक बाजारों में लॉन्च के बाद Pixel 11 सीरीज की प्री-ऑर्डर बुकिंग Flipkart के माध्यम से शुरू होने की उम्मीद है। कंपनी ने फोन को आकर्षक ग्रीन कलर ऑप्शन में टीज किया है, जिसमें नए Gemini AI फीचर्स भी देखने को मिल सकते हैं।
डिजाइन में क्या बदला?
टीजर के अनुसार Pixel 11 Pro Fold का ओवरऑल डिजाइन पिछले मॉडल जैसा ही रखा गया है, लेकिन कैमरा मॉड्यूल में हल्के बदलाव किए गए हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक इस बार फोन में Pixel 11 और Pixel 11 Pro में मिलने वाली Pixel Glow लाइट नहीं दी गई है। इसके अलावा फ्लैट फ्रंट और रियर पैनल डिजाइन को बरकरार रखा गया है। फोन के ऊपरी हिस्से में स्पीकर ग्रिल और माइक्रोफोन कटआउट भी दिखाई देते हैं, जिससे यह साफ होता है कि कंपनी ने डिजाइन में छोटे लेकिन महत्वपूर्ण बदलाव किए हैं।
संभावित स्पेसिफिकेशन्स
रिपोर्ट्स के अनुसार Google Pixel 11 Pro Fold में 8 इंच की फोल्डेबल OLED इनर डिस्प्ले और 6.4 इंच की OLED कवर स्क्रीन मिल सकती है। स्मार्टफोन में Google का नया Tensor G6 प्रोसेसर और Titan M3 Security Co-Processor दिए जाने की संभावना है। इसके साथ 16GB तक RAM और 1TB तक इंटरनल स्टोरेज का विकल्प मिल सकता है।
कैमरा और AI फीचर्स पर रहेगा फोकस
कैमरा सेटअप की बात करें तो Pixel 11 Pro Fold में 48MP का प्राइमरी कैमरा, 10.5MP का अल्ट्रा-वाइड सेंसर और 10.8MP का पेरिस्कोप टेलीफोटो कैमरा मिलने की उम्मीद है। सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए इनर और कवर डिस्प्ले पर 10MP के दो फ्रंट कैमरे दिए जा सकते हैं। इसके अलावा Google अपने नए फोल्डेबल फोन में Gemini AI आधारित स्मार्ट फीचर्स, बेहतर फोटोग्राफी अनुभव और AI-संचालित प्रोडक्टिविटी टूल्स भी शामिल कर सकता है। हालांकि, इन स्पेसिफिकेशन्स की आधिकारिक पुष्टि 12 अगस्त को लॉन्च इवेंट के दौरान ही होगी।













