Google पर इन चीजों को सर्च करना पड़ सकता है भारी, फंस सकते हैं कानूनी मुश्किल में

आतंक, साइबर फ्रॉड, ड्रग्स या फर्जी दस्तावेज़ जैसी संवेदनशील सर्च IT Act, IPC और UAPA के तहत जांच और कार्रवाई का कारण बन सकती है।

Google पर की गई कुछ सर्च यूजर्स को गंभीर कानूनी मुसीबत में डाल सकती हैं। आतंकी संगठनों, बच्चों के शोषण, साइबर फ्रॉड, हथियार, ड्रग्स और फर्जी दस्तावेजों से जुड़ी खोज को संवेदनशील माना जाता है। ऐसी गतिविधियां IT Act, IPC और UAPA जैसे कानूनों के तहत जांच और कार्रवाई का कारण बन सकती हैं।

Google Search Legal Risk: भारत में इंटरनेट यूजर्स की हर ऑनलाइन सर्च का डिजिटल रिकॉर्ड बनता है और जरूरत पड़ने पर जांच एजेंसियां इसे ट्रैक कर सकती हैं। अगर कोई व्यक्ति आतंकी संगठनों, साइबर अपराध, अवैध हथियार, ड्रग्स या फर्जी पहचान से जुड़ी जानकारी सर्च करता है, तो वह कानून के दायरे में आ सकता है। यह नियम पूरे देश में लागू होते हैं और इसका मकसद ऑनलाइन अपराधों को रोकना है। कई मामलों में सिर्फ जिज्ञासा में की गई सर्च भी शक के घेरे में ला सकती है, इसलिए यूजर्स को सतर्क रहना जरूरी है।

कौन-सी सर्च बन सकती है बड़ी परेशानी

आतंकी संगठनों से जुड़ी जानकारी, उनका प्रचार, भर्ती प्रक्रिया या विचारधारा से जुड़े कीवर्ड्स सर्च करना बेहद संवेदनशील माना जाता है। ऐसे मामलों में एजेंसियां तुरंत जांच शुरू कर सकती हैं और UAPA जैसे गंभीर कानून लग सकते हैं, भले ही सर्च सिर्फ जिज्ञासा में की गई हो।

इसी तरह बच्चों के शोषण से जुड़ा कंटेंट, अवैध वीडियो या वेबसाइट्स की खोज करना गंभीर अपराध है। भारत में इस पर कोई छूट नहीं दी जाती और सजा बेहद कड़ी हो सकती है, चाहे यह गलती से ही क्यों न हुआ हो।

साइबर और हथियार से जुड़ी खोज पर खतरा

फोन हैक करना, पासवर्ड क्रैक करना, OTP या UPI फ्रॉड से जुड़ी सर्च भी साइबर क्राइम की श्रेणी में आती है। पुलिस और साइबर सेल ऐसे कीवर्ड्स पर खास नजर रखती हैं क्योंकि इनका सीधा संबंध ऑनलाइन ठगी से होता है।

घर पर बम बनाने, अवैध हथियार, 3D प्रिंटेड गन या हथियारों में बदलाव जैसे विषय सर्च करना सीधे कानून का उल्लंघन माना जाता है। सिर्फ जानकारी लेने के इरादे से की गई सर्च भी आपको जांच के घेरे में ला सकती है।

पहचान और नशे से जुड़ी सर्च भी जोखिम भरी

नशीले पदार्थ बनाने या बेचने के तरीके, डार्क वेब लिंक या गुप्त सौदों से जुड़े टूल्स खोजने पर नारकोटिक्स और साइबर कानून एक साथ लागू हो सकते हैं। इंटरनेट पर की गई ऐसी गतिविधियां आसानी से ट्रेस हो जाती हैं।

आधार, पैन या पासपोर्ट जैसे दस्तावेज फर्जी बनाने या खरीदने से जुड़ी सर्च भी अपराध की श्रेणी में आती है। यह सीधे पहचान चोरी और धोखाधड़ी से जुड़ा मामला बन सकता है, जिस पर कड़ी कार्रवाई होती है।

Leave a comment