हरलीन सेठी के एक्टिंग करियर की शुरुआत डांस से हुई थी। वह डांस करने के साथ-साथ इसकी क्लासेस भी देती थीं। इसी दौरान उनकी मुलाकात ‘स्लमडॉग मिलेनियर’ फेम अभिनेत्री फ्रीडा पिंटो से हुई, जिन्होंने हरलीन से कुछ पर्सनल डांस क्लासेस ली थीं।
Harleen Sethi Interview: अभिनेत्री हरलीन सेठी ने अपने एक्टिंग करियर, शुरुआती संघर्ष और उस खास मुलाकात का किस्सा साझा किया है, जिसने उनके करियर की दिशा बदलने में अहम भूमिका निभाई। हाल ही में वेब सीरीज ‘शक: ट्रस्ट नो वन’ में नजर आईं हरलीन ने बताया कि अभिनय की दुनिया में आने का विचार उनके मन में शुरुआत से नहीं था। दरअसल, उन्हें एक्टिंग की ओर बढ़ने की सलाह अभिनेत्री फ्रीडा पिंटो से मिली थी।
हरलीन सेठी की पेशेवर यात्रा की शुरुआत अभिनय से नहीं, बल्कि डांस से हुई थी। वह डांस सीखने के साथ-साथ लोगों को ट्रेनिंग भी देती थीं। इसी दौरान उनकी मुलाकात हॉलीवुड फिल्म ‘स्लमडॉग मिलियनेयर’ से पहचान बनाने वाली अभिनेत्री फ्रीडा पिंटो से हुई। फ्रीडा उस समय फिल्म ‘डेजर्ट डांसर’ की तैयारी कर रही थीं और अपने किरदार के लिए बॉडी मूवमेंट तथा परफॉर्मेंस पर विशेष रूप से काम करना चाहती थीं।
फ्रीडा पिंटो ने हरलीन से ली थी पर्सनल ट्रेनिंग
हरलीन ने बताया कि फ्रीडा ने उनके साथ कुछ पर्सनल डांस क्लासेस की थीं। इन सेशन के दौरान दोनों ने शरीर की मूवमेंट, फ्लूडिटी और परफॉर्मेंस से जुड़े पहलुओं पर काम किया। हरलीन के मुताबिक, फ्रीडा को अपनी बॉडी में ज्यादा एजिलिटी लानी थी, इसलिए उन्होंने उनके साथ ट्रेनिंग ली। इन क्लासेस के दौरान हरलीन केवल डांस सिखाने तक सीमित नहीं रहीं। वह खुद भी फ्रीडा को मूवमेंट और परफॉर्मेंस समझाने के लिए अभिनय तथा एक्सप्रेशन के जरिए उदाहरण देती थीं। इसी प्रक्रिया में दोनों के बीच अच्छी बॉन्डिंग बन गई।
‘तुम एक्टिंग क्यों नहीं करतीं?’

हरलीन के लिए सबसे खास पल वह था, जब फ्रीडा पिंटो ने उनसे पूछा कि वह एक्टिंग क्यों नहीं करतीं। उस समय हरलीन ने अभिनय को अपने करियर के तौर पर गंभीरता से नहीं सोचा था। फ्रीडा की यह बात उन्हें इसलिए भी याद रह गई, क्योंकि किसी अभिनेत्री की ओर से उन्हें पहली बार इस दिशा में आगे बढ़ने का संकेत मिला था।
हरलीन ने बताया कि जब वह फ्रीडा को डांस सिखाती थीं, तब उन्हें कई मूवमेंट और परफॉर्मेंस खुद करके दिखाने पड़ते थे। शायद इसी दौरान फ्रीडा ने उनके भीतर अभिनय की संभावनाएं देखीं। हरलीन ने फ्रीडा और उनकी बहन शायना के साथ अपनी बॉन्डिंग को भी याद किया और बताया कि वह दोनों को बेहद पसंद करती हैं।
एक्टिंग नहीं, डायरेक्शन में जाना चाहती थीं हरलीन
दिलचस्प बात यह है कि उस दौर में हरलीन की पहली पसंद एक्टिंग नहीं थी। वह डायरेक्टर बनना चाहती थीं। उन्होंने बताया कि उन्होंने एडवरटाइजिंग में स्पेशलाइजेशन किया था और हमेशा से परफॉर्मिंग आर्ट्स की दुनिया में कुछ करने की इच्छा थी। हालांकि, बचपन में उन्होंने यह तय नहीं किया था कि उनका रास्ता एक्टिंग होगा, डांस होगा या निर्देशन।
बाद में उन्होंने सोचा कि निर्देशन उनके लिए सही करियर हो सकता है। उनके मुताबिक, डायरेक्टर किसी प्रोजेक्ट में एक्टर्स और पूरी टीम को दिशा देने वाला व्यक्ति होता है। इसी सोच के साथ उन्होंने कैमरे के पीछे से अपनी पेशेवर यात्रा शुरू करने का फैसला किया। इसके बाद हरलीन ने कई विज्ञापन फिल्मों में काम किया और इसी अनुभव ने उन्हें मनोरंजन की दुनिया के अलग-अलग पहलुओं को करीब से समझने का मौका दिया। हालांकि, आगे चलकर उनका सफर धीरे-धीरे अभिनय की ओर मुड़ गया।
हरलीन सेठी ने पिछले करीब 13 वर्षों में मनोरंजन जगत में अलग-अलग तरह के किरदार निभाए हैं। वह ‘ब्रोकन बट ब्यूटीफुल’, ‘कोहरा’, ‘सुल्तान ऑफ दिल्ली’, ‘बी हैप्पी’ और हालिया वेब सीरीज ‘शक: ट्रस्ट नो वन’ जैसे प्रोजेक्ट्स का हिस्सा रही हैं।











