भारत के 20 राज्यों में तेज बारिश और आंधी-तूफान का अलर्ट, IMD ने जारी की तेज हवाओं की चेतावनी

IMD ने देश के 20 राज्यों में तेज बारिश, आंधी-तूफान और तेज हवाओं को लेकर अलर्ट जारी किया है। कई इलाकों में मौसम बिगड़ने की संभावना है। जानिए किन राज्यों में

मॉनसून धीरे-धीरे उत्तर भारत के विभिन्न राज्यों की ओर आगे बढ़ रहा है, जिससे कई इलाकों में मौसम में तेजी से बदलाव देखने को मिल रहा है। महाराष्ट्र और पूर्वोत्तर के कुछ राज्यों में भारी बारिश के कारण बाढ़ जैसी स्थिति बनी हुई है।

Weather Update: भारत के कई हिस्सों में दक्षिण-पश्चिम मानसून लगातार सक्रिय बना हुआ है। इसी बीच भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने देश के 20 राज्यों में अगले कुछ घंटों के दौरान बारिश, गरज-चमक और तेज आंधी की संभावना जताई है। मौसम विभाग के अनुसार, कुछ क्षेत्रों में हवा की रफ्तार 61 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है, जबकि कई स्थानों पर भारी वर्षा की भी आशंका है।

उत्तर भारत, मध्य भारत, पश्चिमी भारत और पूर्वोत्तर के कई राज्यों के लिए जारी इस चेतावनी के बीच नागरिकों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और स्थानीय प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है।

इन 20 राज्यों के लिए जारी हुआ मौसम अलर्ट

आईएमडी के अनुसार, जिन राज्यों में बारिश और तेज हवाओं की संभावना है, उनमें शामिल हैं:

  • दिल्ली-एनसीआर
  • उत्तर प्रदेश
  • बिहार
  • मध्य प्रदेश
  • महाराष्ट्र
  • राजस्थान
  • हरियाणा
  • पंजाब
  • जम्मू-कश्मीर
  • गुजरात
  • तमिलनाडु
  • झारखंड
  • कर्नाटक
  • तेलंगाना
  • पश्चिम बंगाल
  • सिक्किम
  • आंध्र प्रदेश
  • केरल
  • मिजोरम
  • त्रिपुरा

इन राज्यों के विभिन्न हिस्सों में अलग-अलग तीव्रता की वर्षा, बिजली चमकने और तेज हवाएं चलने का अनुमान है।

भारत के 20 राज्यों में तेज बारिश और आंधी-तूफान का अलर्ट, IMD ने जारी की तेज हवाओं की चेतावनी

दिल्ली-एनसीआर में राहत की उम्मीद

राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों से उमस और गर्मी बनी हुई है। मौसम विभाग के अनुसार 5 से 9 जुलाई के बीच दिल्ली-एनसीआर में मध्यम बारिश और गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। पूर्वानुमान के अनुसार, हवा की गति 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। इस दौरान अधिकतम तापमान लगभग 32 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलने की संभावना है।

उत्तर प्रदेश में कई जिलों के लिए भारी बारिश की चेतावनी

उत्तर प्रदेश के कई जिलों में अगले कुछ दिनों तक भारी बारिश का दौर जारी रह सकता है। मौसम विभाग ने प्रयागराज, कौशांबी, फतेहपुर, चित्रकूट, बांदा, हमीरपुर, महोबा, झांसी, जालौन, आगरा, वाराणसी, चंदौली, कुशीनगर, देवरिया, बलिया, मऊ, सोनभद्र, मिर्जापुर और गाजीपुर सहित कई जिलों के लिए बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में 9 जुलाई तक तेज बारिश के साथ गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।

बिहार में भी बदलेगा मौसम

बिहार के उत्तर और मध्य हिस्सों में भी मौसम सक्रिय रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, मुजफ्फरपुर, वैशाली, सीतामढ़ी, शिवहर, दरभंगा, समस्तीपुर और मधुबनी सहित कई जिलों में बारिश और मेघगर्जन हो सकता है। इन इलाकों में हवा की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा तक रहने का अनुमान है।

राजस्थान में भारी बारिश और तेज हवाओं का अनुमान

राजस्थान के दक्षिणी और पूर्वी हिस्सों में मानसून की गतिविधियां तेज होने की संभावना है। झालावाड़, बांसवाड़ा और डूंगरपुर जिलों के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं जयपुर, टोंक, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, चुरू, झुंझुनू, सीकर, नागौर, जोधपुर, बाड़मेर, सिरोही, उदयपुर, प्रतापगढ़, चित्तौड़गढ़, राजसमंद, पाली, भीलवाड़ा, अजमेर और सवाई माधोपुर सहित कई जिलों में तेज आंधी और बारिश की संभावना जताई गई है। राज्य के कई हिस्सों में हवा की गति 40 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है।

Leave a comment