IPL 2025: नौ साल बाद फाइनल में पहुंची आरसीबी, पंजाब किंग्स को 10 ओवर में हराकर रचा इतिहास

IPL 2025 में RCB ने 9 साल बाद फाइनल में जगह बनाई, पंजाब किंग्स को सिर्फ 10 ओवर में हराकर रचा इतिहास। जानें मैच की खास बातें और RCB की फाइनल तक की धमाकेदार जर्नी

आईपीएल 2025 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने क्वालिफायर-1 में पंजाब किंग्स (PBKS) को करारी शिकस्त देकर फाइनल में प्रवेश कर लिया है। यह जीत न केवल आरसीबी के लिए ऐतिहासिक है बल्कि उनके लंबे इंतजार का भी अंत करती है। 

Sports News: गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन और फिल सॉल्ट की तेज़तर्रार अर्धशतकीय पारी की बदौलत रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) ने आईपीएल 2025 के क्वालिफायर-1 मुकाबले में पंजाब किंग्स को हराकर फाइनल में जगह बना ली है। टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने उतरी आरसीबी की टीम ने पंजाब को सिर्फ 14.1 ओवर में 101 रनों पर ढेर कर दिया। जवाब में आरसीबी ने बिना किसी दबाव के खेलते हुए मात्र 10 ओवरों में दो विकेट खोकर 106 रन बना लिए और मुकाबला अपने नाम कर लिया। फिल सॉल्ट ने इस आसान से लक्ष्य का पीछा करते हुए शानदार अर्धशतक जड़ा और टीम को फाइनल का टिकट दिलाया।

गेंदबाजों ने दिखाया कमाल

IPL 2025: नौ साल बाद फाइनल में पहुंची आरसीबी, पंजाब किंग्स को 10 ओवर में हराकर रचा इतिहास

मुल्लांपुर में खेले गए इस मुकाबले में आरसीबी के कप्तान रजत पाटीदार ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया, जो पूरी तरह सही साबित हुआ। आरसीबी के गेंदबाजों ने शानदार शुरुआत करते हुए पंजाब की मजबूत बल्लेबाजी क्रम को पूरी तरह तहस-नहस कर दिया। पंजाब की टीम 14.1 ओवर में महज 101 रन पर ढेर हो गई।

तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड और युवा स्पिनर सुयश शर्मा ने तीन-तीन विकेट चटकाकर पंजाब की कमर तोड़ दी। यश दयाल को भी दो अहम सफलताएं मिलीं। भुवनेश्वर कुमार और रोमारियो शेफर्ड ने भी एक-एक विकेट लेकर दबाव बनाए रखा। पंजाब के लिए सबसे ज्यादा 26 रन मार्कस स्टोइनिस ने बनाए, जबकि प्रभसिमरन और अजमतुल्लाह उमरजई ने 18-18 रन जोड़े। छह बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा नहीं छू सके।

पंजाब की पूरी टीम 20 ओवर भी नहीं खेल सकी और इस प्रदर्शन ने उन्हें एक अनचाहे रिकॉर्ड का हिस्सा बना दिया — आईपीएल प्लेऑफ इतिहास में सबसे कम ओवर तक बल्लेबाजी करने वाली टीम बन गई।

सॉल्ट की विस्फोटक बल्लेबाज़ी

IPL 2025: नौ साल बाद फाइनल में पहुंची आरसीबी, पंजाब किंग्स को 10 ओवर में हराकर रचा इतिहास

102 रनों के आसान लक्ष्य का पीछा करने उतरी आरसीबी की शुरुआत थोड़ी लड़खड़ाई जब विराट कोहली महज 12 रन बनाकर आउट हो गए। लेकिन इसके बाद इंग्लिश बल्लेबाज फिल सॉल्ट ने मोर्चा संभाला और आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए मात्र 23 गेंदों में अर्धशतक जड़ दिया। यह आईपीएल प्लेऑफ में आरसीबी की ओर से सबसे तेज़ फिफ्टी रही, जिसने क्रिस गेल के 25 गेंदों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया।

दूसरे छोर पर मयंक यादव ने भी 19 रनों का महत्वपूर्ण योगदान दिया। उन्हें मुशीर खान ने श्रेयस अय्यर के हाथों कैच कराकर पवेलियन भेजा। इसके बाद रजत पाटीदार और सॉल्ट ने टीम को फिनिश लाइन तक पहुंचाया। सॉल्ट 56 रन बनाकर नाबाद रहे जिसमें उन्होंने छह चौके और तीन छक्के लगाए। वहीं पाटीदार ने आठ गेंदों पर एक चौका और एक छक्का जड़ते हुए 15 रन बनाए और विजयी छक्का लगाकर टीम को फाइनल में पहुंचाया।

फाइनल की ओर कदम, पंजाब को मिलेगा एक और मौका

IPL 2025: नौ साल बाद फाइनल में पहुंची आरसीबी, पंजाब किंग्स को 10 ओवर में हराकर रचा इतिहास

इस धमाकेदार जीत के साथ आरसीबी ने 2009, 2011 और 2016 के बाद चौथी बार फाइनल में प्रवेश किया है। 2016 के बाद यह पहला मौका है जब आरसीबी खिताबी मुकाबले में खेलने जा रही है। हालांकि तीनों ही मौकों पर टीम को हार का सामना करना पड़ा था, लेकिन इस बार टीम पूरी तरह संतुलित और आत्मविश्वास से लबरेज नजर आ रही है।

वहीं, पंजाब किंग्स के लिए यह हार आखिरी नहीं है। ग्रुप स्टेज में टॉप पर रहने के कारण उन्हें फाइनल में पहुंचने का एक और मौका मिलेगा। पंजाब अब क्वालिफायर-2 में एलिमिनेटर की विजेता टीम से भिड़ेगा, जो गुजरात टाइटंस और मुंबई इंडियंस के बीच खेला जाएगा। पंजाब अगर इस मैच में जीत दर्ज करता है तो वह फाइनल में आरसीबी से भिड़ेगा।

Leave a comment