महिला प्रीमियर लीग की नीलामी आज कोच्चि में होगी। कुल 146 खिलाड़ी मैदान में हैं, लेकिन सबसे ज्यादा चर्चा सोफी मॉलिन्यू, चमारी अटापट्टू और वृंदा दिनेश की है। इन तीनों पर फ्रेंचाइजी बड़ी रकम खर्च कर सकती हैं।
WPL Auction 2027: वीमेंस प्रीमियर लीग के अगले सीजन के लिए आज, 28 अक्टूबर को कोच्चि में खिलाड़ियों की नीलामी होने जा रही है। पांचों फ्रेंचाइजी अपनी टीमों में खाली जगह भरने के लिए बोली लगाएंगी। इस बार कई अनुभवी विदेशी खिलाड़ियों के साथ भारतीय युवा क्रिकेटर भी नीलामी में शामिल हैं। सबसे बड़ा बजट यूपी वॉरियर्स के पास है। ऐसे में वह कुछ बड़े नामों के लिए दूसरी टीमों को कड़ी टक्कर दे सकती है।
146 खिलाड़ियों में से सिर्फ 27 को मिलेगा मौका
WPL 2027 का ऑक्शन शाम 5:30 बजे शुरू होगा। आधिकारिक सूची में 119 भारतीय और 27 विदेशी खिलाड़ियों के नाम शामिल हैं। हालांकि, पांचों टीमों में केवल 27 जगह खाली हैं। इनमें 20 भारतीय और सात विदेशी खिलाड़ियों को मौका मिल सकता है। यूपी वॉरियर्स के पास सबसे ज्यादा 3.75 करोड़ रुपये का बजट है। गुजरात जायंट्स के पास 1.25 करोड़, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के पास 1.15 करोड़ और दिल्ली कैपिटल्स के पास 1.10 करोड़ रुपये हैं। मुंबई इंडियंस केवल 90 लाख रुपये लेकर नीलामी में उतरेगी।
यूपी को आठ खिलाड़ियों की जरूरत है। उसके पास तीन विदेशी खिलाड़ियों के लिए भी जगह है। ऐसे में टीम बल्लेबाजी और गेंदबाजी, दोनों विभागों को मजबूत करने के लिए अनुभवी खिलाड़ियों पर पैसा खर्च कर सकती है।
सोफी मॉलिन्यू के लिए लग सकती है बड़ी बोली
ऑस्ट्रेलिया की सोफी मॉलिन्यू इस नीलामी के सबसे चर्चित नामों में शामिल हैं। उनका बेस प्राइस 50 लाख रुपये है, जो इस बार का सबसे ऊंचा शुरुआती मूल्य है। मॉलिन्यू बाएं हाथ से स्पिन गेंदबाजी करती हैं और जरूरत पड़ने पर निचले क्रम में उपयोगी रन भी बना सकती हैं। उनके पास अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में कप्तानी करने का अनुभव है।
उनकी अगुवाई में ऑस्ट्रेलिया ने जुलाई 2026 में महिला टी20 विश्व कप का खिताब जीता था। इस टूर्नामेंट में उन्होंने 11 विकेट लिए और ऑस्ट्रेलिया की सबसे सफल गेंदबाज रहीं। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने उन्हें नीलामी से पहले रिलीज किया था। उनकी गेंदबाजी के साथ कप्तानी का अनुभव भी फ्रेंचाइजियों के लिए उपयोगी हो सकता है। यूपी वॉरियर्स जैसी टीम उन्हें खरीदने में दिलचस्पी दिखा सकती है।
![]()
चमारी अटापट्टू की बल्लेबाजी और अनुभव पर नजर
श्रीलंका की कप्तान चमारी अटापट्टू भी बड़ी रकम हासिल करने की दावेदार हैं। उनका बेस प्राइस 30 लाख रुपये रखा गया है। अटापट्टू की सबसे बड़ी ताकत उनकी आक्रामक बल्लेबाजी है। वह शुरुआती ओवरों में तेजी से रन बना सकती हैं। इसके अलावा ऑफ स्पिन गेंदबाजी से भी टीम की मदद करती हैं। आईसीसी की महिला टी20 ऑलराउंडर रैंकिंग में वह तीसरे स्थान पर हैं। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के साथ अलग-अलग टी20 लीग में खेलने का अनुभव उनकी दावेदारी मजबूत बनाता है।
वह पहले यूपी वॉरियर्स का हिस्सा रह चुकी हैं। अब नीलामी में दूसरी फ्रेंचाइजी भी उन्हें अपने साथ जोड़ने की कोशिश कर सकती हैं। हालांकि, विदेशी खिलाड़ियों के लिए सीमित जगह होने के कारण प्रतिस्पर्धा आसान नहीं होगी।
वृंदा दिनेश पर बड़ी रकम खर्च कर सकती हैं टीमें
भारतीय बल्लेबाज वृंदा दिनेश इस ऑक्शन में कम बेस प्राइस के बावजूद अच्छी कीमत हासिल कर सकती हैं। 25 वर्षीय वृंदा का शुरुआती मूल्य केवल 10 लाख रुपये है। WPL में उन्होंने अब तक 10 मैच खेले हैं और 102 रन बनाए हैं। हालांकि, घरेलू क्रिकेट में इस साल उनके प्रदर्शन ने ध्यान खींचा है। महिला एशिया कप राइजिंग स्टार्स टूर्नामेंट में वृंदा ने 176.28 के स्ट्राइक रेट से 171 रन बनाए थे। इसके बाद इंडिया ए के लिए भी उन्होंने ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के खिलाफ अच्छा प्रदर्शन किया।
महारानी टी20 ट्रॉफी 2026 में उन्होंने सात पारियों में 256 रन बनाकर अपनी फॉर्म दिखाई। उनकी आक्रामक बल्लेबाजी के कारण दिल्ली कैपिटल्स और यूपी वॉरियर्स जैसी टीमें दिलचस्पी दिखा सकती हैं। वृंदा पहले भी WPL ऑक्शन में बड़ी कीमत हासिल कर चुकी हैं। 2024 की नीलामी में यूपी वॉरियर्स ने उन्हें 1.30 करोड़ रुपये में खरीदा था।










