इस्लामाबाद हमले के बाद ख्वाजा आसिफ की चेतावनी, अफगानिस्तान में घुसकर करेंगे हमला

इस्लामाबाद हमले के बाद ख्वाजा आसिफ की चेतावनी, अफगानिस्तान में घुसकर करेंगे हमला

इस्लामाबाद और खैबर पख्तूनख्वा में हुए फिदायिन हमलों के बाद पाकिस्तान ने अफगानिस्तान पर आतंकियों को शरण देने का आरोप लगाया। रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने चेतावनी दी कि पाक सेना अफगानिस्तान में घुसकर जवाबी कार्रवाई कर सकती है।

Pakistan: पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में हुए आतंकी हमले के बाद अफगानिस्तान एक बार फिर से पाकिस्तान के निशाने पर है। पाकिस्तान अब अफगानिस्तान में घुसकर हमला करने की धमकी दे रहा है। मंगलवार को पाकिस्तान में दो फिदायिन हमले हुए – एक इस्लामाबाद में और दूसरा खैबर पख्तूनख्वा के आर्मी कैडेट कॉलेज वाना में। इन हमलों के बाद दोनों देशों के बीच तनाव बढ़ गया है।

रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ की चेतावनी

पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने कहा है कि पाक आर्मी अफगानिस्तान के अंदर घुसकर हमला कर सकती है। उन्होंने मंगलवार को चेतावनी दी कि इस्लामाबाद और दक्षिणी वजीरिस्तान में हुए हालिया हमलों के बाद अफगानिस्तान पर जवाबी कार्रवाई संभव है। आसिफ ने आरोप लगाया कि अफगान तालिबान आतंकियों को पनाह दे रहा है।

शांति बहाली की कोशिशें नाकाम

पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच शांति बहाली की तीन कोशिशें पहले ही नाकाम हो चुकी हैं। जियो न्यूज के कार्यक्रम ‘आज शाहज़ेब खानज़ादा के साथ’ में बोलते हुए आसिफ ने कहा कि अफगानिस्तान के अंदर सीमा पार कार्रवाई से इनकार नहीं किया जा सकता।

अफगान तालिबान पर गंभीर आरोप

ख्वाजा आसिफ ने अफगान तालिबान शासन द्वारा हमलों की निंदा को खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि इस तरह के खेद व्यक्त करने को “ईमानदारी का सबूत नहीं माना जा सकता।” आसिफ ने कहा कि अफगान तालिबान द्वारा पनाह पाए लोग बार-बार पाकिस्तान पर हमला कर रहे हैं।

भारत को भी घसीटा विवाद में

ख्वाजा आसिफ ने पाकिस्तान पर हुए हमले में भारत को भी जबरन शामिल करने की कोशिश की। उन्होंने भारत और अफगानिस्तान को किसी भी दुस्साहस के खिलाफ चेतावनी देते हुए कहा कि पाकिस्तान “उसे उसी तरह से जवाब देगा।” आसिफ ने कहा, “पाकिस्तान कभी भी कोई सैन्य कार्रवाई शुरू नहीं करेगा, लेकिन हम किसी भी आक्रामक कार्रवाई का जवाब दिए बिना नहीं रहेंगे। हम जोरदार जवाब देंगे।”

अफगानिस्तान पर सीधा आरोप

पाकिस्तान ने अफगानिस्तान पर इस हमले में भागीदारी का आरोप लगाया है, हालांकि काबुल ने इस आरोप से इनकार किया है। आसिफ ने कहा कि अगर अफगान अधिकारी आतंकवादियों पर लगाम लगाने में विफल रहे, तो पाकिस्तान जवाबी कार्रवाई करेगा।

इस्लामाबाद धमाके से बढ़ा तनाव

इस्लामाबाद में हुए आत्मघाती विस्फोट में कम से कम 12 लोग मारे गए और 30 से ज्यादा घायल हुए। इससे पहले भी आसिफ ने चेतावनी दी थी कि पाकिस्तान सीमा पार आतंकवाद का मुंहतोड़ जवाब देने में पूरी तरह सक्षम है। उन्होंने X पर पोस्ट कर लिखा, “हम युद्ध की स्थिति में हैं। जो कोई यह सोचता है कि पाकिस्तानी सेना यह युद्ध केवल अफगानिस्तान के सीमावर्ती इलाकों या बलूचिस्तान के दूरदराज इलाकों में लड़ रही है, उसे इस्लामाबाद में हुए आत्मघाती हमले को चेतावनी के रूप में लेना चाहिए।”

वार्ता की संभावना पर संदेह

हमले के बाद रक्षा मंत्री ने अफगान तालिबान शासन के साथ सफल वार्ता की संभावना पर संदेह जताया। उन्होंने एक्स पर लिखा, “काबुल लीडरशिप पाकिस्तान में आतंकवाद को रोक सकती है, लेकिन इस युद्ध को इस्लामाबाद में लाना काबुल की तरफ से एक संदेश है।”

वाना में बड़े हमले की साजिश

पाकिस्तान का कहना है कि खैबर पख्तूनख्वा स्थित वाना कैडेट कॉलेज में पेशावर आर्मी स्कूल जैसी वारदात की तैयारी थी। मंगलवार को 4-5 फिदायिन हमलावर कॉलेज को घेरकर छात्रों को बंधक बनाना चाहते थे। सूत्रों ने बताया कि हमले के समय कॉलेज में 525 कैडेटों समेत करीब 650 लोग मौजूद थे। हालांकि सुरक्षाबलों ने समय रहते हमलावरों पर काबू पा लिया।

Leave a comment