झारखंड के ओरसा घाट में स्कूल बस पलटने से 10 लोगों की मौत और 78 घायल हुए। बस में सवार लोग सगाई समारोह के लिए जा रहे थे। गंभीर घायलों का इलाज गुमला, लातेहार और रांची में चल रहा है।
Chhattisgarh: रविवार दोपहर ओरसा घाट में झारखंड के लातेहार जिले के महुआडांड थाना क्षेत्र में स्कूल बस पलट गई। हादसा छत्तीसगढ़-झारखंड सीमा के पास हुआ। बस में 86 लोग सवार थे। ये सभी बलरामपुर जिले के पीपरसोत, महाराजगंज, झपरा और बुद्धीडीह से सगाई समारोह में शामिल होने के लिए ज्ञान गंगा पब्लिक स्कूल की बस में लोधफाल जा रहे थे।
हादसे में पांच लोग मौके पर ही जान गंवा बैठे। गंभीर रूप से घायल चार लोगों ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मृतकों में पांच पुरुष और पांच महिलाएं शामिल हैं। घायलों में से 19 की हालत गंभीर है, जिन्हें गुमला और रांची के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
ब्रेक फेल होने से बेकाबू हुई बस
बस चालक विकास पाठक ने बताया कि हादसे से कुछ समय पहले ही उन्होंने महसूस किया कि बस का ब्रेक काम नहीं कर रहा। स्थिति को संभालने के लिए उन्होंने हैंड ब्रेक का उपयोग किया और इंजन बंद कर दिया। लेकिन ढलान होने के कारण बस बेकाबू हो गई और ओरसा घाटी के बंगलादारा ढलान में सड़क किनारे पेड़ से टकराकर करीब 20 फीट नीचे पलट गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बस इतनी तेज़ थी कि यात्री सीटों और लोहे के ढांचे में फंस गए, जबकि कई यात्री सड़क किनारे उछल गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और एम्बुलेंस को सूचना दी।
घायलों का इलाज
हादसे के तुरंत बाद महुआडांड पुलिस मौके पर पहुंची। गंभीर घायलों को गुमला और लातेहार के अस्पतालों में भर्ती कराया गया। गुमला अस्पताल में दो पुरुष, लातेहार सदर अस्पताल में एक महिला ने दम तोड़ दिया। घायलों में से 20 से अधिक लोगों को देर रात तक अंबिकापुर और रांची रेफर किया गया। डॉक्टरों की टीम लगातार गंभीर घायलों की निगरानी कर रही है।
प्रशासन और मुख्यमंत्री की प्रतिक्रिया
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और क्षेत्रीय विधायक, कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने हादसे पर शोक व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने घायलों के बेहतर इलाज के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए और मृतकों को श्रद्धांजलि दी।
आज (सोमवार) मृतकों के शव बलरामपुर लाए जाएंगे। जिला प्रशासन ने शवों के स्वागत और अंतिम संस्कार की व्यवस्था शुरू कर दी है। बलरामपुर जिला पंचायत उपाध्यक्ष धीरज सिंहदेव, एसडीएम और तहसीलदार सहित प्रशासनिक अधिकारी मौके पर मौजूद हैं।












