सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए उत्तर प्रदेश और झारखंड से जुड़ी तीन अहम भर्तियों की अपडेट सामने आई है। यूपी पुलिस एसआई भर्ती की परीक्षा मार्च में होगी, यूपी पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड में 40 पदों पर आवेदन चल रहे हैं और झारखंड सिविल सेवा परीक्षा के आवेदन की अंतिम तारीख बढ़ा दी गई है।
Job Alert 2026: उत्तर प्रदेश और झारखंड में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए तीन बड़ी भर्तियों से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी जारी की गई है। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड ने यूपी पुलिस एसआई भर्ती 2025 की लिखित परीक्षा 14 और 15 मार्च 2026 को आयोजित करने का कार्यक्रम तय किया है, जबकि उत्तर प्रदेश पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड ने इंजीनियर और साइंटिफिक ऑफिसर के 40 पदों पर आवेदन मांगे हैं। वहीं झारखंड लोक सेवा आयोग ने संयुक्त सिविल सेवा परीक्षा 2025 के लिए आवेदन की अंतिम तारीख बढ़ाकर 9 मार्च कर दी है, जिससे उम्मीदवारों को आवेदन के लिए अतिरिक्त समय मिल गया है।
मार्च में होगी लिखित परीक्षा
उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड ने यूपी पुलिस एसआई भर्ती 2025 की लिखित परीक्षा की तारीख घोषित कर दी है। यह परीक्षा 14 और 15 मार्च 2026 को प्रदेशभर के 1090 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। इस भर्ती अभियान के तहत कुल 4543 पदों पर नियुक्तियां की जानी हैं।
इस परीक्षा में करीब 15.75 लाख अभ्यर्थियों के शामिल होने की संभावना है। परीक्षा 400 अंकों की होगी, जिसमें चार अलग-अलग विषयों से वस्तुनिष्ठ प्रश्न पूछे जाएंगे। बोर्ड की ओर से एडमिट कार्ड परीक्षा से चार दिन पहले आधिकारिक वेबसाइट पर जारी किए जाएंगे, जिन्हें उम्मीदवार ऑनलाइन डाउनलोड कर सकेंगे।

UP Pollution Control Board Vacancy
उत्तर प्रदेश पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड ने असिस्टेंट एनवायरमेंटल इंजीनियर और असिस्टेंट साइंटिफिक ऑफिसर के पदों पर भर्ती के लिए नोटिफिकेशन जारी किया है। इस भर्ती प्रक्रिया के तहत कुल 40 पद भरे जाएंगे, जिनमें 26 पद असिस्टेंट एनवायरमेंटल इंजीनियर और 14 पद असिस्टेंट साइंटिफिक ऑफिसर के हैं।
इच्छुक उम्मीदवार इन पदों के लिए 28 मार्च 2026 शाम 6 बजे तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। सामान्य वर्ग के उम्मीदवारों के लिए अधिकतम आयु सीमा 40 वर्ष निर्धारित की गई है। चयन प्रक्रिया में पहले कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT) आयोजित होगी, इसके बाद इंटरव्यू लिया जाएगा और दोनों के आधार पर अंतिम मेरिट सूची तैयार की जाएगी।
आवेदन की तारीख बढ़ी
झारखंड लोक सेवा आयोग ने संयुक्त सिविल सेवा परीक्षा 2025 के लिए आवेदन की अंतिम तारीख बढ़ा दी है। अब अभ्यर्थी 9 मार्च तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। उम्मीदवारों को वन-टाइम रजिस्ट्रेशन के जरिए आवेदन फॉर्म भरना होगा।
इस भर्ती के तहत कुल 103 पदों पर नियुक्तियां होंगी, जिनमें डिप्टी कलेक्टर और डीएसपी जैसे अहम पद शामिल हैं। प्रारंभिक परीक्षा 12 अप्रैल 2026 को आयोजित की जाएगी। इसके बाद 13 अप्रैल को मॉडल आंसर जारी किए जा सकते हैं, जिन पर अभ्यर्थी 22 अप्रैल तक आपत्ति दर्ज करा सकेंगे। अंतिम चयन प्रीलिम्स, मेंस परीक्षा और इंटरव्यू के आधार पर किया जाएगा।











