जयपुर फैक्ट्री में ऑक्सीजन सिलेंडर फटा, भीषण हादसे में दो मजदूरों की मौत

जयपुर के विश्वकर्मा औद्योगिक क्षेत्र की गैस फैक्ट्री में ऑक्सीजन सिलेंडर फटने से दो लोगों की मौत हो गई। हादसे में एक कर्मचारी घायल है, पुलिस जांच कर रही है।

जयपुर के विश्वकर्मा क्षेत्र की एक गैस फैक्ट्री में ऑक्सीजन सिलेंडर फटने से दो लोगों की मौत हो गई और एक घायल हुआ। धमाके से आसपास के घरों और दुकानों को भी नुकसान पहुंचा। पुलिस जांच में जुटी है।

Jaipur: जयपुर के विश्वकर्मा औद्योगिक क्षेत्र में शनिवार शाम एक बड़ा औद्योगिक हादसा हो गया। रोड नंबर 17 स्थित करणी विहार कॉलोनी में मौजूद विल्सन क्रायो गैसेज फैक्ट्री में ऑक्सीजन सिलेंडर भरने का काम चल रहा था। इसी दौरान शाम करीब 7:45 बजे अचानक एक सिलेंडर में विस्फोट हो गया।

धमाका इतना तेज था कि फैक्ट्री के ऊपर लगा टिन शेड हवा में उड़ गया और एक दीवार भरभराकर गिर गई। विस्फोट की आवाज दूर-दूर तक सुनाई दी, जिससे आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। फैक्ट्री के अंदर काम कर रहे मजदूर और कर्मचारी कुछ समझ पाते, उससे पहले ही हादसा हो चुका था।

एक युवक की मौके पर मौत

इस भीषण हादसे में फैक्ट्री में काम कर रहे झारखंड निवासी मुन्ना राय की मौके पर ही मौत हो गई। विस्फोट इतना भयावह था कि युवक के शरीर के चीथड़े उड़ गए। हादसे में फैक्ट्री के मैनेजर विनोद गुप्ता (45), निवासी मुरलीपुरा जयपुर, गंभीर रूप से घायल हो गए थे।

जयपुर फैक्ट्री में ऑक्सीजन सिलेंडर फटा, भीषण हादसे में दो मजदूरों की मौत

उन्हें और एक अन्य घायल शिबू उर्फ अनुवा को तुरंत SMS अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, इलाज के दौरान मैनेजर विनोद गुप्ता ने दम तोड़ दिया। शिबू उर्फ अनुवा का अस्पताल में इलाज चल रहा है। फैक्ट्री संतोष गुप्ता की बताई जा रही है।

सूचना मिलते ही पुलिस 

हादसे की जानकारी मिलते ही विश्वकर्मा थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को मलबे से बाहर निकाला गया। इसके साथ ही दमकल विभाग की गाड़ियां भी मौके पर पहुंचीं और स्थिति को संभाला।

पुलिस ने क्षेत्र को घेरकर आम लोगों की आवाजाही रोक दी, ताकि किसी और तरह की दुर्घटना न हो। विश्वकर्मा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि सिलेंडर में विस्फोट सुरक्षा मानकों की अनदेखी से हुआ या तकनीकी खामी के कारण।

धमाके से आसपास के घर को नुकसान

विस्फोट का असर फैक्ट्री तक ही सीमित नहीं रहा। धमाके के कारण आसपास की कई दुकानों के शटर टूट गए और कुछ मकानों में दरारें आ गईं। कई दुकानों और घरों के बाहर कांच के टुकड़े बिखरे पड़े मिले। फैक्ट्री की सीमेंट की चादरें उड़कर करीब 30 मीटर दूर कॉलोनी के घरों के बाहर जा गिरीं। 

स्थानीय लोगों का कहना है कि धमाके से वे बुरी तरह घबरा गए और कुछ देर के लिए इलाके में दहशत का माहौल बन गया। डीसीपी वेस्ट हनुमान प्रसाद ने बताया कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Leave a comment