गांधी जयंती और वीकेंड पर कैंची धाम में भीड़ को देखते हुए भवाली-भीमताल में 2 से 4 अक्टूबर तक ट्रैफिक डायवर्जन लागू रहेगा। पुलिस ने पार्किंग, शटल सेवा, भारी वाहनों और आपातकालीन सेवाओं के लिए अलग व्यवस्था की है।
हल्द्वानी: कैंची धाम में गांधी जयंती अवकाश और वीकेंड के दौरान श्रद्धालुओं व पर्यटकों की संभावित भीड़ को देखते हुए नैनीताल पुलिस ने विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया है। भवाली, भीमताल और आसपास के मार्गों पर 2 से 4 अक्टूबर तक सुबह 6 बजे से रात 8 बजे तक यातायात डायवर्जन रहेगा। पुलिस ने अलग-अलग दिशाओं से आने वाले वाहनों के लिए पार्किंग और वैकल्पिक मार्ग तय किए हैं।
भीमताल विकास भवन पार्किंग में खड़े होंगे वाहन
कैंची धाम में गांधी जयंती और वीकेंड के दौरान श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए पुलिस ने 2 से 4 अक्टूबर तक विशेष ट्रैफिक व्यवस्था लागू की है। इस दौरान भवाली और भीमताल क्षेत्र में सुबह 6 बजे से रात 8 बजे तक रूट डायवर्जन प्रभावी रहेगा। पुलिस ने लोगों से यात्रा से पहले निर्धारित मार्ग और पार्किंग व्यवस्था की जानकारी लेने की अपील की है।
हल्द्वानी और बाहरी जिलों से भीमताल के रास्ते कैंची धाम आने वाले निजी वाहनों को भीमताल विकास भवन पार्किंग में खड़ा कराया जाएगा। इसके बाद श्रद्धालुओं और पर्यटकों को स्थानीय शटल सेवा या सार्वजनिक परिवहन के जरिए भवाली होते हुए कैंची धाम भेजा जाएगा। दर्शन के बाद वापसी के लिए भी शटल सेवा उपलब्ध रहेगी।
गेठिया और नैनीताल की ओर से आने वाले वाहनों के लिए भवाली सेनेटोरियम पार्किंग की व्यवस्था की गई है। यहां वाहन पार्क करने के बाद श्रद्धालुओं को शटल सेवा से कैंची धाम तक पहुंचाया जाएगा और वापस लाया जाएगा।
भारी वाहनों के लिए वैकल्पिक रास्ते
कैंची धाम और भवाली क्षेत्र में यातायात का दबाव कम करने के लिए अल्मोड़ा और रानीखेत से हल्द्वानी की तरफ आने वाले भारी वाहनों को क्वारब और खैरना क्षेत्र से डायवर्ट किया जाएगा। जरूरत के अनुसार इन वाहनों को रामगढ़ और मुक्तेश्वर मार्ग से हल्द्वानी की ओर भेजा जाएगा।
पर्वतीय क्षेत्रों की तरफ जाने वाले आवश्यक सेवाओं से जुड़े भारी वाहनों को निर्धारित मार्ग से जाने की अनुमति रहेगी। अन्य भारी वाहनों को भवाली के सैनेटोरियम तिराहे पर रोककर स्थिति के अनुसार चरणबद्ध तरीके से आगे भेजा जाएगा। यातायात का दबाव बढ़ने पर रामगढ़ और खुटानी मोटर मार्ग का इस्तेमाल किया जा सकता है।
भवाली से पर्वतीय क्षेत्रों की ओर जाने वाले चार पहिया वाहनों को भी यातायात की स्थिति के आधार पर रामगढ़ और खुटानी मोटर मार्ग से डायवर्ट किया जा सकता है। वहीं, पहाड़ी क्षेत्रों से आने वाले चार पहिया वाहनों के लिए क्वारब-रामगढ़-नथुवाखान बाईपास मोटर मार्ग का इस्तेमाल किया जा सकता है।
टैक्सी और दोपहिया वाहनों पर भी नजर
वीकेंड के दौरान कैंची धाम क्षेत्र में टैक्सी और दोपहिया टैक्सी वाहनों के अनावश्यक प्रवेश पर रोक रहेगी। पुलिस का उद्देश्य मंदिर क्षेत्र और आसपास के मार्गों पर वाहनों का दबाव कम रखना है, ताकि श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को जाम की समस्या का सामना न करना पड़े।
पुलिस ने आपातकालीन सेवाओं के लिए विशेष ग्रीन कॉरिडोर की व्यवस्था भी की है। एंबुलेंस, अग्निशमन वाहन, पुलिस वाहन और अन्य जरूरी सेवाओं से जुड़े वाहनों की आवाजाही को प्राथमिकता दी जाएगी। किसी आपात स्थिति में राहत और बचाव कार्य प्रभावित न हो, इसके लिए संबंधित मार्गों को यातायात के दबाव से अलग रखने की व्यवस्था की गई है।
वीकेंड और अवकाश के दौरान कैंची धाम जाने वाले यात्रियों के लिए निजी वाहन सीधे मंदिर क्षेत्र तक ले जाने के बजाय निर्धारित पार्किंग स्थलों का इस्तेमाल करना सुविधाजनक रहेगा। पार्किंग के बाद शटल सेवा से आगे जाने की व्यवस्था की गई है।












