कानपुर के घाटमपुर क्षेत्र में गुरुवार सुबह मौरंग लदा ओवरलोड डंपर पलटने से चौकीदार हरिश्चंद्र की मौत हो गई। हादसे के बाद पुलिस ने क्रेन की मदद से डंपर हटाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
कानपुर: घाटमपुर के जहांगीराबाद इलाके में गुरुवार सुबह बड़ा सड़क हादसा हो गया। कानपुर-हमीरपुर रोड पर मौरंग से भरा ओवरलोड डंपर अचानक पलट गया, जिसकी चपेट में साइकिल से घर लौट रहे चौकीदार हरिश्चंद्र आ गए। हादसा इतना गंभीर था कि पुलिस को क्रेन की मदद से डंपर हटाकर शव के अवशेष निकालने पड़े।
ड्यूटी से लौटते समय हादसे का शिकार हुए चौकीदार
घाटमपुर थाना क्षेत्र के बरनाव निवासी 50 वर्षीय हरिश्चंद्र स्थानीय थाना में चौकीदार के पद पर तैनात थे। गुरुवार तड़के वह ड्यूटी खत्म कर साइकिल से घर लौट रहे थे। इसी दौरान जहांगीराबाद के बलाहापारा मोड़ के पास कानपुर की ओर जा रहा मौरंग लदा ओवरलोड डंपर अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया।
डंपर की चपेट में आने से हरिश्चंद्र साइकिल समेत नीचे दब गए। हादसा इतना भयावह था कि मौके पर ही उनकी मौत हो गई। आसपास मौजूद लोग घटना देखकर सहम गए।
क्रेन से हटाया गया डंपर, पुलिस ने जुटाए शव के अवशेष
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। भारी वाहन पलटने के कारण सड़क पर यातायात भी प्रभावित हुआ और कुछ देर तक वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं।
पुलिस ने हाइड्रा और क्रेन की मदद से डंपर को हटवाया। इसके बाद शव के अवशेषों को इकट्ठा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। इंस्पेक्टर मनोज सिंह भदौरिया ने बताया कि मृतक के स्वजन को सूचना दे दी गई है और तहरीर मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
ओवरलोड डंपरों पर उठे सवाल
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने हाईवे पर धड़ल्ले से चल रहे ओवरलोड डंपरों पर नाराजगी जताई। लोगों का कहना है कि लगातार शिकायतों के बावजूद ऐसे वाहनों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं होती, जिससे हादसों का खतरा बना रहता है।
स्थानीय नागरिकों के अनुसार, ओवरलोड वाहन अक्सर तेज रफ्तार और असंतुलित हालत में चलते हैं, जो सड़क दुर्घटनाओं की बड़ी वजह बन रहे हैं।










