कर्नाटक के डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार ने कहा कि सीएम पद का फैसला कांग्रेस नेतृत्व करेगा। उन्होंने कांग्रेस की एकता को सरकार की ताकत बताया और दावा किया कि 2028 में कांग्रेस फिर से कर्नाटक की सत्ता में लौटेगी।
Karnataka Politics: कर्नाटक की राजनीति में इन दिनों सबसे ज्यादा चर्चा का विषय है कि मुख्यमंत्री (CM) की कुर्सी पर आगे कौन बैठेगा। क्या मौजूदा डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार (DK Shivakumar) दूसरे चरण में मुख्यमंत्री बनेंगे या मौजूदा सीएम सिद्धारमैया ही अपना कार्यकाल पूरा करेंगे। इंडिया टुडे कॉन्क्लेव साउथ के मंच पर इस मुद्दे पर जब सवाल पूछा गया तो डीके शिवकुमार ने इसे टालते हुए कहा कि इस सवाल का जवाब समय देगा।
ढाई-ढाई साल का फॉर्मूला
कर्नाटक में कांग्रेस सरकार बनने के बाद से ही ढाई-ढाई साल का फॉर्मूला चर्चा में है। इस फॉर्मूले के तहत सिद्धारमैया और शिवकुमार के बीच सत्ता बांटने की बात कही जाती रही है। इसी मुद्दे पर मंच से पूछे गए सवाल पर शिवकुमार ने कहा कि इस पर कुछ भी कहने का सही समय नहीं है। उन्होंने साफ शब्दों में कहा, "मैं नहीं, समय जवाब देगा।"
उम्मीद पर टिका है जीवन
शिवकुमार ने कहा कि हर कोई उम्मीद के सहारे जीता है। उम्मीद के बिना जीवन संभव नहीं है। लेकिन उन्होंने यह भी जोड़ा कि इस मामले में अंतिम निर्णय पार्टी नेतृत्व करेगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का शीर्ष नेतृत्व ही उनके लिए सबकुछ है और जो भी निर्णय होगा, वह सबको स्वीकार होगा।
सरकार का फोकस: जनता से किए वादे पूरे करना
डीके शिवकुमार ने अपने संबोधन में कहा कि सरकार का मुख्य ध्यान केवल जनता से किए गए वादों को पूरा करने पर है। कांग्रेस ने चुनाव में सुशासन और कल्याणकारी योजनाओं का वादा किया था। उन्होंने कहा कि पूरी सरकार मिलकर इन्हीं वादों को पूरा करने में जुटी है। उनके अनुसार, कांग्रेस सरकार की असली ताकत एकता (unity) है। यह किसी एक व्यक्ति का प्रयास नहीं बल्कि सामूहिक प्रयास है।
कांग्रेस की ताकत है एकजुटता
डिप्टी सीएम ने कहा कि कांग्रेस की असली शक्ति उसकी एकजुटता है। न यह सिर्फ उनके प्रयास का नतीजा है और न ही सिर्फ सिद्धारमैया का। बल्कि सभी नेताओं ने मिलकर अथक परिश्रम किया, तभी जनता का विश्वास जीत पाए। शिवकुमार ने दावा किया कि कांग्रेस 2028 में फिर से कर्नाटक में सरकार बनाएगी।
अपने बयान में शिवकुमार ने भविष्य की राजनीति पर भी बात की। उन्होंने दावा किया कि 2029 के लोकसभा चुनाव में जनता बदलाव चाहेगी और राहुल गांधी प्रधानमंत्री बनेंगे। यह दावा उन्होंने कांग्रेस की राष्ट्रीय राजनीति के संदर्भ में किया।
फ्रीबिज को लेकर बीजेपी पर पलटवार
कांग्रेस सरकार की कल्याणकारी योजनाओं को लेकर बीजेपी अक्सर "फ्रीबिज" (Freebies) का आरोप लगाती रही है। इस पर जवाब देते हुए शिवकुमार ने कहा कि अगर फ्रीबिज इतना ही गलत था तो बीजेपी ने मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र में इसे क्यों अपनाया। उन्होंने सवाल किया कि हरियाणा में बीजेपी ने ऐसे वादे क्यों किए। उन्होंने कर्नाटक को Model State बताते हुए कहा कि कांग्रेस यहां विकास और कल्याणकारी नीतियों के जरिए एक मिसाल पेश कर रही है।
बेंगलुरु को फिर से बनाना है 'ग्रेट सिटी'
शिवकुमार ने कहा कि उनकी सरकार बेंगलुरु को एक बार फिर ग्रेट सिटी (Great City) बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि यह शहर सिर्फ कर्नाटक नहीं, बल्कि पूरे भारत के विकास की धुरी है।
हाल ही में विधानसभा में उनके संघ गान पर सवाल उठे थे। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि वे कांग्रेसी हैं और आजीवन कांग्रेसी ही रहेंगे। उन्होंने कहा, "मुझे इंदिरा गांधी ने बनाया है।" शिवकुमार ने कहा कि कर्नाटक सरकार ने एक Welfare State की अवधारणा का मॉडल पेश किया है। उन्होंने दावा किया कि यहां लागू की गई योजनाएं आने वाले समय में पूरे देश के लिए उदाहरण बनेंगी।