ब्राह्मण समाज पर टिप्पणी के बाद यूट्यूबर मनीष पटेल गिरफ्तार, समर्थन में उतरे बघेली कलाकार

मनीष पटेल को ब्राह्मण समाज पर टिप्पणी मामले में गिरफ्तार कर जेल भेजा गया। हाईकोर्ट से राहत नहीं मिलने के बाद कई बघेली कलाकार उनके समर्थन में आए।

रीवा में ब्राह्मण समाज पर आपत्तिजनक टिप्पणी के मामले में यूट्यूबर मनीष पटेल को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। हाईकोर्ट से राहत नहीं मिलने के बाद उन्होंने सरेंडर किया, जबकि कई बघेली कलाकार उनके समर्थन में सामने आए हैं।

रीवा: बघेली कलाकार और यूट्यूबर मनीष पटेल को ब्राह्मण समाज पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के मामले में रीवा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। हाईकोर्ट से अग्रिम जमानत याचिका खारिज होने के बाद आरोपी ने सरेंडर किया, जिसके बाद अदालत ने उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।

वैलेंटाइन वीक में पोस्ट किया गया था वीडियो

जानकारी के मुताबिक, वैलेंटाइन वीक के दौरान मनीष पटेल ने यूट्यूब, फेसबुक और इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट किया था। वीडियो के कैप्शन में ब्राह्मण समाज की युवतियों को लेकर अभद्र और आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किए जाने का आरोप लगा। वीडियो वायरल होने के बाद ब्राह्मण समाज और कई सामाजिक संगठनों ने विरोध जताया और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

मामले को गंभीर मानते हुए रीवा पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। इसके बाद से मनीष पटेल फरार बताए जा रहे थे। पुलिस लगातार उनकी तलाश कर रही थी।

हाईकोर्ट से नहीं मिली राहत

गिरफ्तारी से बचने के लिए मनीष पटेल ने जबलपुर हाईकोर्ट में अग्रिम जमानत याचिका दायर की थी। हालांकि, हाईकोर्ट ने मामले को गंभीर मानते हुए राहत देने से इनकार कर दिया। जस्टिस रामकुमार चौबे की एकल पीठ ने सुनवाई के दौरान कहा कि इस तरह की टिप्पणियां समाज में वैमनस्य और नफरत फैलाने का कारण बन सकती हैं।

कोर्ट ने स्पष्ट कहा कि आरोपी को अग्रिम जमानत देने का कोई आधार नहीं बनता। याचिका खारिज होने के बाद मनीष पटेल ने सरेंडर कर दिया। इसके बाद पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

पुलिस की गाड़ी में चुप रहे मनीष पटेल

गिरफ्तारी के बाद जब मनीष पटेल को पुलिस लेकर जा रही थी, तब वह मीडिया के सवालों पर चुप नजर आए। उनके हाथ में हथकड़ी लगी हुई थी, लेकिन उन्होंने किसी सवाल का जवाब नहीं दिया। उन्होंने अपनी टिप्पणी को लेकर सार्वजनिक तौर पर कोई खेद भी व्यक्त नहीं किया।

सिविल लाइन थाना प्रभारी विजय सिंह ने बताया कि 29 जनवरी को वीडियो पोस्ट होने के बाद मामला दर्ज किया गया था। पुलिस के मुताबिक, आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था और अग्रिम जमानत नहीं मिलने के बाद उसने सरेंडर किया।

समर्थन में उतरे बघेली कलाकार

मनीष पटेल की गिरफ्तारी के बाद कई बघेली कलाकार और कंटेंट क्रिएटर उनके समर्थन में सामने आए हैं। यूट्यूबर उत्तम केवट ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए कहा कि एक गलती के बाद किसी कलाकार को सुधार का मौका मिलना चाहिए। उन्होंने लिखा कि कलाकार लोगों को हंसाने और मनोरंजन करने के लिए मेहनत करते हैं, इसलिए हर गलती पर उन्हें पूरी तरह खत्म कर देना सही नहीं है।

सोशल मीडिया पर इस मामले को लेकर लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कुछ लोग कार्रवाई को सही ठहरा रहे हैं, जबकि कुछ कलाकारों के समर्थन में अपनी बात रख रहे हैं।

Leave a comment