इंदौर के महालक्ष्मी नगर में एक पुजारी का शव लॉक कार में मिला। सिर में गोली लगी थी और कार से पिस्टल भी बरामद हुई है। पुलिस मामले को हत्या और आत्महत्या दोनों एंगल से जांच रही है।
Madhya Pradesh: मध्यप्रदेश के इंदौर जिले के महालक्ष्मी नगर क्षेत्र में मंगलवार सुबह उस समय दहशत का माहौल बन गया, जब एक सुनसान इलाके में खड़ी कार के अंदर एक पुजारी का शव मिला। राहगीरों ने कार को लंबे समय से खड़ा देखकर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने पाया कि कार अंदर से लॉक थी।
पुलिस ने कार का शीशा तोड़कर जब दरवाजा खोला तो अंदर एक व्यक्ति का शव मिला, जिसकी पहचान सतीश शर्मा (36) के रूप में हुई। सतीश के सिर में गोली लगी हुई थी। मौके से एक पिस्टल भी बरामद हुई है, जिसके बाद पूरे मामले ने गंभीर मोड़ ले लिया।
पूजा का सामान लेने निकले थे
लसूड़िया थाना पुलिस के अनुसार सतीश शर्मा लसूड़िया मोरी क्षेत्र में स्थित एक मंदिर में पुजारी के रूप में कार्यरत थे। वे मूल रूप से अशोक नगर जिले के रहने वाले थे, लेकिन पिछले कुछ समय से इंदौर में अपने परिवार के साथ रह रहे थे। उनके परिवार में पत्नी और दो छोटे बच्चे हैं।
![]()
परिजनों ने पुलिस को बताया कि सोमवार देर शाम सतीश पूजा का सामान लेने की बात कहकर घर से निकले थे। उन्होंने पत्नी से कहा था कि वे पाटनीपुरा से सामग्री लेकर जल्द लौट आएंगे। लेकिन देर रात तक जब वे घर नहीं पहुंचे तो परिजन चिंतित हो गए।
रात करीब 11 बजे सतीश का एक फोन रिश्तेदार को आया, जिसके बाद परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की और पुलिस को सूचना दी। इसके बाद मंगलवार सुबह करीब 5 बजे महालक्ष्मी नगर इलाके में उनकी कार मिलने की जानकारी सामने आई।
हत्या या आत्महत्या
पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए एमवाय अस्पताल भेज दिया है। शुरुआती जांच में यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह मामला आत्महत्या का है या फिर किसी ने सतीश की हत्या की है। कार का अंदर से लॉक होना आत्महत्या की ओर इशारा करता है, लेकिन पुलिस किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटनास्थल से मिले पिस्टल, कॉल डिटेल, परिजनों के बयान और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। यह भी जांच की जा रही है कि सतीश किसी मानसिक तनाव में थे या किसी से उनका कोई विवाद चल रहा था।











