मॉनसून की वापसी की प्रक्रिया लगातार जारी है और इस बीच कई राज्यों में झमाझम बारिश हुई है। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने शनिवार को बताया कि अगले 2-3 दिनों में दक्षिण-पश्चिम मॉनसून महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और बिहार के शेष हिस्सों में लौट सकता है।
Weather Update: भारत में मानसून का विदाई दौर शुरू हो गया है। उत्तर भारत के राज्यों में अब मॉनसून धीरे-धीरे पीछे हट रहा है और शुष्क मौसम के साथ ठंड का आगमन होने लगा है। मौसम विभाग (IMD) की ताजा रिपोर्ट के अनुसार अगले 2-3 दिनों में महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और बिहार के शेष हिस्सों से दक्षिण-पश्चिम मॉनसून पूरी तरह लौट सकता है। वहीं, दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत में भारी बारिश का सिलसिला जारी रहेगा।
मॉनसून की वापसी की प्रक्रिया
भारत मौसम विज्ञान विभाग ने बताया कि झारखंड, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, ओडिशा और तेलंगाना के कुछ हिस्सों में भी मॉनसून की वापसी की स्थिति बन रही है। अरब सागर के दक्षिण-पश्चिम हिस्से में बना निम्न दबाव क्षेत्र अब कमजोर पड़ चुका है। इसके बावजूद बंगाल की खाड़ी और दक्षिण भारत के कई हिस्सों में ऊपरी वायु चक्रवात सक्रिय हैं, जिससे बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है।
मौसम विभाग ने दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत के लिए भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। विशेष रूप से तमिलनाडु, केरल, तटीय कर्नाटक और आंध्र प्रदेश के तटीय क्षेत्रों में अगले 4-5 दिनों में बारिश की संभावना है।
दिल्ली और उत्तर प्रदेश का मौसम
दिल्ली-एनसीआर में 12 से 14 अक्टूबर तक मौसम शुष्क और आसमान साफ रहने की संभावना है। दिन का तापमान 30 से 33 डिग्री सेल्सियस और रात का तापमान 18 से 21 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा। रविवार दोपहर को हवा की गति धीरे-धीरे उत्तर-पश्चिम दिशा से 15 किलोमीटर प्रति घंटे तक बढ़ जाएगी, जबकि शाम और रात में यह 8 किलोमीटर प्रति घंटे रह सकती है।
उत्तर प्रदेश में मॉनसून की वापसी की परिस्थितियां अनुकूल हैं। अगले 2-3 दिनों में मॉनसून पूरी तरह लौट सकता है, लेकिन फिलहाल मौसम शुष्क रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार, 12 से 16 अक्टूबर तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश की संभावना नहीं है। दिन में तेज धूप और रात में ठंडी हवा का अनुभव होगा। 10 अक्टूबर तक दक्षिण-पश्चिम मॉनसून पूर्वांचल के कुछ जिलों बलिया, गाजीपुर, चंदौली, सोनभद्र और मिर्जापुर को छोड़कर राज्य के अधिकांश हिस्सों से वापस लौट चुका है।
बिहार और उत्तराखंड का मौसम
बिहार में भी मॉनसून की विदाई की प्रक्रिया शुरू हो गई है। अगले 2-3 दिनों में राज्य में मौसम शुष्क रहेगा। कुछ स्थानों पर आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं। दिन में तापमान 31 से 33 डिग्री सेल्सियस और रात में 20-22 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। हवाएं उत्तर-पश्चिम दिशा से चलेंगी, जिससे नमी कम होगी और ठंडक बढ़ेगी।
उत्तराखंड में बारिश का दौर रुकने के बाद तापमान सामान्य हो गया है। सुबह और शाम की हल्की ठंड ने लोगों को गर्म कपड़े पहनने पर मजबूर कर दिया है। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में कल आसमान साफ रहेगा, केवल ऊंचाई वाले इलाकों में हल्के बादल रह सकते हैं। दिन का अधिकतम तापमान 20–24°C और न्यूनतम तापमान 10–12°C के बीच रहने की संभावना है।
राजस्थान से मॉनसून लगभग पूरी तरह लौट चुका है। मौसम विभाग ने बताया कि अगले दो-तीन दिनों तक प्रदेश में मौसम शुष्क रहेगा। दिन में गर्मी और रात में ठंडी हवा का अनुभव होगा। फिलहाल बारिश की कोई संभावना नहीं है।