आज शेयर बाजार में Molbio Diagnostics की लिस्टिंग हुई और कंपनी ने निवेशकों को शानदार शुरुआत दी। Molbio Diagnostics IPO की लिस्टिंग BSE और NSE दोनों पर 807 रुपये के आईपीओ प्राइस के मुकाबले मजबूत प्रीमियम के साथ हुई।
बिजनेस न्यूज़: मोल्बियो डायग्नोस्टिक्स के शेयरों ने शेयर बाजार में शानदार शुरुआत की है। कंपनी का IPO शेयर बाजार में 21.44 फीसदी प्रीमियम के साथ लिस्ट हुआ। मजबूत डेब्यू के बाद शुरुआती कारोबार में शेयर में मुनाफावसूली देखने को मिली और लिस्टिंग प्राइस से कुछ नीचे आ गया। इसके बावजूद IPO में शेयर पाने वाले निवेशकों को लिस्टिंग के साथ ही अच्छा रिटर्न मिला।
₹807 के IPO प्राइस के मुकाबले ₹980 पर हुई लिस्टिंग
मोल्बियो डायग्नोस्टिक्स के IPO का इश्यू प्राइस ₹807 प्रति शेयर तय किया गया था। लिस्टिंग के दिन कंपनी के शेयर ने BSE और NSE पर ₹980 के स्तर से कारोबार शुरू किया। इस तरह निवेशकों को प्रति शेयर ₹173 का फायदा हुआ, जो IPO प्राइस से करीब 21.44 फीसदी प्रीमियम है। हालांकि, मजबूत शुरुआत के बाद शेयर में कुछ मुनाफावसूली देखने को मिली। शुरुआती कारोबार में करीब सवा 10 बजे तक शेयर ₹980 के लिस्टिंग प्राइस से लगभग 2.55 फीसदी नीचे आकर ₹955 के आसपास कारोबार करता दिखाई दिया।
इसका मतलब है कि जिन निवेशकों को IPO में शेयर अलॉट हुए और उन्होंने लिस्टिंग के आसपास शेयर होल्ड किया, उन्हें शुरुआती गिरावट के बावजूद इश्यू प्राइस की तुलना में अच्छा रिटर्न मिला।
70 गुना से ज्यादा सब्सक्राइब हुआ था IPO
मोल्बियो डायग्नोस्टिक्स के IPO को निवेशकों की ओर से जबरदस्त प्रतिक्रिया मिली थी। NSE के आंकड़ों के अनुसार, इश्यू को कुल 70.26 गुना सब्सक्रिप्शन मिला। कंपनी ने कुल 81,58,529 शेयरों की पेशकश की थी, जबकि निवेशकों की ओर से 57,32,14,536 शेयरों के लिए बोलियां प्राप्त हुईं। सबसे ज्यादा उत्साह संस्थागत निवेशकों में देखने को मिला।
क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB) के लिए आरक्षित हिस्सा 186.39 गुना सब्सक्राइब हुआ। वहीं नॉन-इंस्टीट्यूशनल इन्वेस्टर्स (NII) का हिस्सा 49.80 गुना और रिटेल निवेशकों का हिस्सा 12.96 गुना सब्सक्राइब हुआ। IPO से पहले कंपनी ने एंकर निवेशकों से करीब ₹281.5 करोड़ जुटाए थे। एंकर निवेशकों में Goldman Sachs, Mirae Asset, Nippon India Mutual Fund, Kotak Mutual Fund, BlackRock Global Funds, Tata Mutual Fund, WhiteOak Capital, ICICI Prudential Mutual Fund, Bajaj Life Insurance और HDFC Life Insurance जैसे बड़े नाम शामिल थे।

₹939.70 करोड़ का था IPO
मोल्बियो डायग्नोस्टिक्स का IPO कुल ₹939.70 करोड़ का था। इसमें ₹200 करोड़ के नए इक्विटी शेयर जारी किए गए, जबकि करीब ₹739.70 करोड़ के शेयर ऑफर फॉर सेल (OFS) के माध्यम से मौजूदा शेयरधारकों ने बेचे। IPO से मिलने वाली रकम का इस्तेमाल कंपनी अपने कारोबार के विस्तार और तकनीकी क्षमताओं को मजबूत करने में करने की योजना रखती है। इसमें रिसर्च एंड डेवलपमेंट (R&D) सुविधाओं, सेंटर ऑफ एक्सीलेंस और उससे जुड़े ऑफिस इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए पूंजीगत खर्च शामिल है।
इसके अलावा कंपनी उपकरण और मशीनरी की खरीद पर भी रकम खर्च करेगी। IPO से जुटाई गई राशि का एक हिस्सा सामान्य कॉरपोरेट जरूरतों के लिए इस्तेमाल किया जाएगा।
क्या करती है Molbio Diagnostics?
Molbio Diagnostics की शुरुआत वर्ष 2000 में हुई थी। कंपनी पॉइंट-ऑफ-केयर डायग्नोस्टिक्स के क्षेत्र में काम करती है और मॉलिक्यूलर टेस्टिंग से जुड़ी तकनीक विकसित करती है। कंपनी की टेस्टिंग क्षमताओं में टीबी, HPV, HIV, COVID-19 और हेपेटाइटिस B एवं C समेत कई बीमारियों की जांच शामिल है। कंपनी का दावा है कि उसकी मॉलिक्यूलर डायग्नोस्टिक तकनीक स्वास्थ्य सेवाओं को मरीजों के करीब पहुंचाने में मदद करती है।











