नैनीताल जिले के खैरना क्षेत्र में कोसी नदी से एक युवक का शव बरामद हुआ है। मृतक की पहचान अल्मोड़ा निवासी दिनेश कुमार के रूप में हुई है। पुलिस हादसा और हत्या दोनों पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
Nainital: अल्मोड़ा-हल्द्वानी हाईवे पर खैरना बाजार के पास कोसी नदी में युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस, एसडीआरएफ और पीआरडी की टीम मौके पर पहुंची और शव को नदी से बाहर निकाला। मृतक की पहचान अल्मोड़ा निवासी दिनेश कुमार के रूप में हुई है। पुलिस फिलहाल मौत के कारणों की जांच में जुटी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
कोसी नदी में शव मिलने से मचा हड़कंप
रविवार को खैरना बाजार के पास रानीखेत पुल के नीचे कोसी नदी क्षेत्र में एक शव दिखाई देने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, एसडीआरएफ और पीआरडी की टीम मौके पर पहुंच गई। रेस्क्यू टीम ने काफी मशक्कत के बाद शव को नदी क्षेत्र से निकालकर हाईवे तक पहुंचाया।
![]()
घटना की खबर फैलते ही आसपास के लोग भी मौके पर जुट गए। पुलिस ने क्षेत्र को घेरकर शुरुआती जांच शुरू की।
आधार कार्ड से हुई युवक की पहचान
मृतक की जेब से मिले आधार कार्ड और ड्राइविंग लाइसेंस के आधार पर उसकी पहचान दिनेश कुमार (41) पुत्र बची राम निवासी ठाट गांव, लमगड़ा, अल्मोड़ा के रूप में हुई। इसके बाद पुलिस ने परिजनों को सूचना दी।
जानकारी के मुताबिक दिनेश कुमार ज्योलीकोट क्षेत्र के एक निजी स्कूल में सुरक्षाकर्मी के तौर पर कार्यरत था। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नैनीताल भेज दिया गया है।
हादसा या हत्या, सभी एंगल पर जांच
पुलिस के सामने फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि युवक की मौत पुल से गिरने के कारण हुई या फिर इसके पीछे कोई आपराधिक घटना है। अधिकारियों का कहना है कि सभी संभावित पहलुओं की जांच की जा रही है।
कोतवाल भवाली प्रकाश मेहरा के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस आसपास के क्षेत्र और घटनास्थल से जुड़े तथ्यों की भी जांच कर रही है।







