भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने सोमवार को पार्टी के नए राष्ट्रीय पदाधिकारियों के नामों का ऐलान कर दिया। पार्टी की ओर से जारी सूची के अनुसार नई टीम में कई वरिष्ठ नेताओं को अहम जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं और ये नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू होंगी।
BJP New National Team 2026: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने पार्टी की नई राष्ट्रीय टीम की घोषणा कर दी है। नई संगठनात्मक सूची में कई वरिष्ठ नेताओं को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सिंधिया समेत 13 नेताओं को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है, जबकि पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी और विनोद तावड़े को राष्ट्रीय महामंत्री की जिम्मेदारी मिली है।
पार्टी की नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी में अलग-अलग राज्यों और सामाजिक समूहों को प्रतिनिधित्व देने के साथ महिला नेताओं की भागीदारी पर भी विशेष जोर दिखाई देता है। संगठनात्मक नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू मानी जाएंगी। नई टीम के जरिए भाजपा ने आगामी राजनीतिक और संगठनात्मक चुनौतियों के लिए अपने केंद्रीय ढांचे को मजबूत करने का संकेत दिया है।
वसुंधरा राजे समेत 13 नेता बने राष्ट्रीय उपाध्यक्ष
भाजपा की नई सूची के अनुसार, वसुंधरा राजे सिंधिया, तीरथ सिंह रावत, राम माधव, बैजयंत जय पांडा, डी. पुरंदेश्वरी, रेखा वर्मा, वर्षाबेन नरेंद्रभाई दोशी, डॉ. भारती प्रवीण पवार, सरदार मनप्रीत सिंह बादल, लाल सिंह आर्य, प्रो. एम. नागराजा, प्रो. तारिक मंसूर और डॉ. मधुचंद्र कर को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है।इन नियुक्तियों में राजस्थान से लेकर उत्तराखंड, ओडिशा, आंध्र प्रदेश, उत्तर प्रदेश, गुजरात, महाराष्ट्र, पंजाब, मध्य प्रदेश, कर्नाटक और पश्चिम बंगाल तक व्यापक क्षेत्रीय प्रतिनिधित्व दिखाई देता है। पार्टी ने वरिष्ठ अनुभव और विभिन्न राज्यों में संगठनात्मक पकड़ रखने वाले नेताओं को केंद्रीय टीम में महत्वपूर्ण स्थान दिया है।
वसुंधरा राजे को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाए जाने को विशेष रूप से अहम माना जा रहा है। वह राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री रह चुकी हैं और लंबे समय से भाजपा की प्रमुख महिला नेताओं में गिनी जाती हैं।
स्मृति ईरानी और विनोद तावड़े को महामंत्री पद
नई टीम में स्मृति ईरानी और विनोद तावड़े को राष्ट्रीय महामंत्री बनाया गया है। दोनों नेताओं को संगठन और राष्ट्रीय राजनीति का लंबा अनुभव है। स्मृति ईरानी को मिली नई जिम्मेदारी भाजपा के केंद्रीय संगठन में उनकी भूमिका को और मजबूत करती है। उन्होंने केंद्रीय मंत्री के रूप में काम करने के अलावा पार्टी के कई महत्वपूर्ण राजनीतिक अभियानों में सक्रिय भूमिका निभाई है। वहीं, महाराष्ट्र से आने वाले विनोद तावड़े को भी संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी देकर पार्टी ने अनुभवी नेतृत्व पर भरोसा जताया है।
राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन) के पद पर बी.एल. संतोष को बरकरार रखा गया है। इसके अलावा शिवप्रकाश और सौदान सिंह को राष्ट्रीय संयुक्त महामंत्री (संगठन) की जिम्मेदारी दी गई है। अन्य राष्ट्रीय महामंत्रियों में सुनील बंसल, बिप्लब कुमार देब, डॉ. सतीश पूनिया, गजेंद्र पटेल, हरीश द्विवेदी और संजय भाटिया शामिल हैं।
नई टीम में महिला नेताओं को खास प्रतिनिधित्व
भाजपा की नई राष्ट्रीय टीम में महिला नेताओं को कई प्रमुख पद दिए गए हैं। राष्ट्रीय उपाध्यक्ष पद पर वसुंधरा राजे सिंधिया, डी. पुरंदेश्वरी, रेखा वर्मा, वर्षाबेन नरेंद्रभाई दोशी, डॉ. भारती प्रवीण पवार और डॉ. मधुचंद्र कर को शामिल किया गया है। वहीं, स्मृति ईरानी को राष्ट्रीय महामंत्री की जिम्मेदारी मिली है। राष्ट्रीय सचिवों की सूची में भी महिला नेताओं को जगह दी गई है। इसके अतिरिक्त छत्तीसगढ़ की रूप कुमारी चौधरी को भाजपा महिला मोर्चा का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया गया है।
इन नियुक्तियों से केंद्रीय संगठन में महिला नेतृत्व की भूमिका बढ़ने का संकेत मिलता है। पार्टी ने अनुभवी महिला नेताओं के साथ अलग-अलग क्षेत्रों से आने वाली नई पीढ़ी की नेताओं को भी संगठनात्मक जिम्मेदारियां दी हैं।

राष्ट्रीय सचिवों की सूची में कई राज्यों को जगह
भाजपा ने राष्ट्रीय सचिवों की नई सूची में 16 नेताओं को जिम्मेदारी सौंपी है। इनमें कविता पाटीदार, के. सुरेंद्रन, डॉ. भोला सिंह, डॉ. प्रदीप वर्मा, जगदीश ईश्वरभाई पटेल, डॉ. संदीप पाठक, फांगनोन कोन्याक, संगीता यादव, अनिल एंटनी, डॉ. एम. वेंकटेशन, मनोज तिग्गा, सिद्धार्थ शंभू, डॉ. स्वदेश सिंह, मृगांका बरमन, रोहन गुप्ता और जय प्रकाश शामिल हैं।
सूची में उत्तर से दक्षिण और पूर्वोत्तर भारत तक के नेताओं को शामिल किया गया है। इससे भाजपा के राष्ट्रीय संगठन में भौगोलिक संतुलन बनाए रखने की रणनीति भी नजर आती है।
पीयूष गोयल को कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी
भाजपा की नई राष्ट्रीय टीम में पीयूष गोयल को राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। वहीं राजस्थान के राजेश मंगल को राष्ट्रीय संयुक्त कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है। पार्टी के विभिन्न मोर्चों के लिए भी नए अध्यक्ष नियुक्त किए गए हैं। डॉ. हेमंत जोशी को युवा मोर्चा, रूप कुमारी चौधरी को महिला मोर्चा, अमरपाल मौर्य को ओबीसी मोर्चा और बंसीलाल गुर्जर को किसान मोर्चा की जिम्मेदारी दी गई है। एससी मोर्चा की कमान शिवेश कुमार राम, एसटी मोर्चा की जिम्मेदारी डॉ. मन्नालाल रावत और अल्पसंख्यक मोर्चा का नेतृत्व कुंवर बासित अली करेंगे।
मीडिया और सोशल मीडिया टीम में भी बदलाव
भाजपा ने अपनी मीडिया और डिजिटल कम्युनिकेशन टीम में भी जिम्मेदारियां बांटी हैं। अनिल बलूनी को राष्ट्रीय मीडिया संयोजक बनाया गया है। मीडिया सह-संयोजक के रूप में आशीष उषा अग्रवाल, प्रदीप भंडारी और सिद्धार्थ यादव को जिम्मेदारी मिली है। सोशल मीडिया विभाग की जिम्मेदारी दीपक माश्के को सौंपी गई है, जबकि प्रीति गांधी, शिवानंद द्विवेदी, आलोक भट्ट और अरुण यादव को सोशल मीडिया सह-संयोजक बनाया गया है।












